रविवार, 15 फ़रवरी 2009

अंतर्जाल युग का इंटरव्यू-एक सिफारिश !

यह इंटरव्यू तनिक पढ़ें तो ! मेरी सिफारिश है मान जाइए ! ये दो छोटे नन्हे मुन्ने घरौदा बनाने में कैसे मशगूल से हैं ! अहमन्यता ग्रसित हम बड़े लोग कैसे उन्हें हाशिये पर करते रहते हैं -इस तथ्य की बेपरवाह उपेक्षा कर के भी कि कल उनका ही है हमारा नहीं ! और उन्हें भी इसकी फिक्र नहीं है -वे भी अपने में ही मस्त हैं !
यह सिफारिश इसलिए नहीं कि क्वचिदअन्यतोअपि का उल्लेख उस इंटरव्यू में हुआ है -पर सच मानिए अंतर्जाल पर होने वाले इंटरव्यू के शिल्प और कलेवर के एक 'सजेस्टेड फार्म ' के लिए भी मैं यह सिफारिश कर रहा हूँ ।
साक्षात्कारी अंकित की उम्र अभी विवाह योग्य भी नही हई है -और साक्षात्कारित हिमांशु जी भी अभी उम्र के कच्चे ही हैं -पर चिंतन की परिपक्वता से आप्लावित , उज्ज्वल भविष्य के प्रति आश्वस्त करते हुए - इन दोनों सद्य युवा महानुभावों के बारे में ज्यादा नहीं लिख रहा क्योंकि इन्हे अपने चिट्ठाकार चर्चा में भी तो लेना है ना कभी ! मैं क्या उन्हें पूरा ज़माना भी इग्नोर करने की हिमाकत नहीं कर सकता ! आने वाला युग उन्ही का तो है !
तो पढ़ें यह इंटरव्यू !

शनिवार, 14 फ़रवरी 2009

रक्षाबंधन और वैलेनटाईन डे-क्या कोई समानता है ?

यह करीब ३० वर्ष पहले की बात है मैं तब बी बी सी का नियमित श्रोता था -किसी कार्यक्रम में एक पाठक ने भारत से पूंछा था कि क्या इंग्लैंड में रक्षाबन्धन जैसा कोई त्यौहार मनाया जाता है तो कार्यक्रम की प्रस्तोता ममता गुप्ता का जवाब यूँ था -
हाँ मिलता जुलता एक त्यौहार सा यहाँ भी मनाया जाता है मगर वह भाई बहन के बीच के प्रेम का ही प्रतीक न होकर व्यापक स्तर पर लोगों के बीच प्रेम का प्रतीक होता है -नाम है वैलेनटाईन डे ! मुझे आश्चर्य हुआ कि भारत में कार्ड व्यवसायिओं ने यही कोई डेढ़ दशक पहले पवित्र प्रेम के इजहार वाले इस त्यौहार का एक संकीर्ण स्वरुप भारत में लांच किया जो अपने विकृत व्यावसायिक रूप में महज युवाओं के बीच के प्रेम इजहार का बायस बन गया ,आप किसी भी को वैलेनटाईन डे की शुभकामनाएं दे सकते हैं ।
मगर ध्यान रहे कि अपनी वैलेनटाईन उसी को बनाएं जो आपके दिलों पर राज करती /करता हो !
तो आप सभी को इस विदेशी प्रेम दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं -हमारा असली मदनोत्सव भी आने वाला है ।
उसकी भी अग्रिम शुभकामनायें ! सररर ......(उसकी शुभकामना में यह उच्चारण जरूरी है -इसके बारे में आगे बताएँगे ! अभी जल्दी है मैंने अपने वैलेनटाईन से कुछ वायदे किए हैं आज के लिए इसलिए निकलता हूँ ! )

बुधवार, 11 फ़रवरी 2009

देव डी-एक सेकंड थाट, ममता जी की टिप्पणी पोस्ट के उपलक्ष्य में !

उस दिन मैंने एक मिनी पोस्ट इस फिल्म पर इसलिए प्रकाशित की थी कि मित्रों को सहेज दूँ कि बच्चों को साथ लेकर देखने न जायं ! नाहक ही इम्बरैस्मेंट होगा ! अब तक तो ब्लॉग जगत में इस फिल्म को लेकर कई अच्छी समीक्षाएं भी आ चुकी हैं ! कुछ प्रतिक्रियाएं ! जिनमें एक पर मैंने कमेन्ट क्या कर दिया कि हंगामा ही हो गया है ।
इसलिए इस फ़िल्म पर एक सेकेण्ड थाट जरूरी हो गया है ।
अनुराग कश्यप भले ही बहुत विद्वान और अलग हट के निर्देशक हों मगर व्यावसायिकता का अपना पक्ष तो होता ही है । कहीं पढा था कि अनुराग कश्यप इस फिल्म के लिए महिलाओं की मिजारिटी वाला सेंसर बोर्ड चाहते थे वह शायद उन्हें मिल भी गया -सच मानिये मैं इस बात पर कायम हूँ कि यदि एक भी भद्र जन सेंसर बोर्ड में होता तो कई दृश्यों को जिस वीभत्स तरीके से दिखाया गया है कैंची चल गयी होती ! अतृप्त काम वासना को दिखाने के लिए जिस वीभत्सता के स्तर पर निर्देशक जा पहुंचा है वह उसकी शायद ख़ुद की (फर्स्ट हैण्ड ) विकृत भोगेच्छा फंतासी को मूर्त रूप देती है -नर नारी की देह को विकृत काम वासना से क्या इस तरह सार्वजनिक मंच पर प्रोजेक्ट / अपमानित करने लायक है ? फिर तो पॉर्न क्या बुरा है ? पॉर्न को सभ्य समाज सार्वजनिक करने का पक्षधर क्यों नही होता ?
फिल्म कुछ महिलाओं को इसलिए अच्छी लग सकती है कि निर्देशक ने इसमें उन्हें पुरूष के इमोशनल और यौनिक अत्याचार का शिकार होता दिखाया है और बहुत चालाकी से महिलाओं की सहानभूति बटोरने की कोशिश की है . आज जब अनेक उत्पादों को बेंचने के लिए उपभोक्ताओं के हर वर्ग और लिंग को साधा जा रहा है,गला काट संघर्ष में हर उत्पादक दूसरे उत्पादक के बधे बधाये ग्राहकों में सेंधमारी की फिराक में रहता है -अनुराग कश्यप ने भी फिल्म प्रेमियों की जमात की आधी दुनिया में सेंध लगाने की चालाक कोशिश की हैं -इमोशनल अत्याचार का जुमला लांच कर बन्दे ने ख़ुद यही हथियार आधी दुनिया पर चला दिया है -
पुरूष हर वक्त कामुक फंतासियों में डूबा होता है -नारी के कोमल मन को वह कभी समझना ही नहीं चाहता ! नारी तो बस अपने हमदम का हर वक्त हर घडी अच्छा ही चाहती है -शादी शुदा होकर भी वह अपने प्यार के लिए बिछ जाती है । यही दृश्य है शायद जिन पर भोली नारियां फिदा हो रही हैं ! और भी देखिये -फिल्म यह प्रतिपादित करती है कि नारी हर हाल में पुरूष की मारी बेचारी है पर फिर भी चरित्र के मामले में वह पुरूष पर भारी है -इस फिल्म में तो उसे नायक का दुखहर्ता ,तारणहार बना दिया गया है ! यही सब वे प्रायोजित पहलू हैं जिनके सहारे नारियों को बरगलाकर सिनेमा हाल तक ले आने की चालाकी फिल्म में हुयी है -और ख़ुद इमोशनल अत्याचार का सहारा लेकर निर्देशक फाईनेंसर की झोली भरने के लिए नारी मन का शोषण करने को उद्यत दीखता है .
ममता जी की टिप्पणी ने मुझे भी मर्माहत किया इसलिए यह पोस्ट कि मैं अपनी टिप्पणी को सही संदर्भ में सुधी जनों के समक्ष रख सकूं !
फिल्म विकृत सेक्स फंतासियों का कूड़ा दान है -यह मेरा दृढ़ मत है ! जिन्हें अच्छी लग रही वे भोले लोग हैं प्यारे प्यारे !

सोमवार, 9 फ़रवरी 2009

देव डी-देवदास,पारो और चन्दा के आधुनिक (कु )रूप -नयी बोतल में पुरानी शराब !

अभी कल ही देखी यह फिल्म .बच्चों के साथ इसे देखने ना जाय ! नहीं तो आँखें परदे के बजाय जमीन पर गड़ी रह जायेंगी ! फिल्म के निर्देशक हैं अनुराग कश्यप और उन्होंने डैनी बोयेल को विशेष धन्यवाद दिया है -वही स्लम / दाग वाले डैनी बोयल ! कहानी बिल्कुल वही पुरानी देवदास वाली ही है -चरित्र भी वही हैं पर पृष्ठभूमि समकालीन है -अंतर्जाल और पोर्नो साहित्य ,दिल्ली की सोशल सेक्स वर्कर्स का दुश्चक्र और विकृत सेक्स का खुला खेल मन को क्लांत करता है -फ़िल्म के कई दृश्य वस्तुतः बेहद अश्लील हैं लेकिन यह फिल्म एडल्ट है यह प्रत्यक्षतः घोषित नहीं है !
मैं तो टाईम्स आफ इंडिया के समीक्षक द्वारा पाँच स्टार में पाँचों दिए जाने के झांसे में फिल्म देखने चल पडा ! अभी उधेड़बुन में हूँ कि इसे कितने स्टार वास्तव में मेरे हिसाब से दिए जाने चाहिए -मगर पाँच तो कदापि नहीं ! फिल्म ने गांधीगीरी की ही तर्ज पर एक नही भाव शब्दावली लांच की है जो चल निकलेगी -इमोशनल अत्याचार !
अब इमोशनल अत्याचार क्या है इसे समझने बूझने के लिए आप इस फिल्म को देख सकते हैं !
कहानी तो अंतर्जाल पर मिल ही जायेगी !

शनिवार, 7 फ़रवरी 2009

मिलिए हिन्दी चिट्ठाजगत के तार सप्तक की प्रथम तारिका से !

मुझे बकलमखुद हिन्दी चिट्ठाजगत का तार सप्तक सा लगता है ! आज तारसप्तक की इस प्रथम तारिका (Debutante) से आप से रूबरू कराने का नेक इरादा है .वैसे तो आप ख़ुद भी बकलमखुद पर जाकर इनका तआरूफ प्राप्त कर सकते हैं मगर फिर चिट्ठाकार- चर्चाकार के नजरिये से इस शख्सियत से आप थोड़े ही मिल पायेंगे ! लिहाजा यह मेरा सौभाग्य कि आपको अनिता कुमार से मिलवाने का मौका मुझे मिल रहा है . बकौल अजित वडनेरकर के इनका एक खिलंदड़ा चिट्ठा भी है--कुछ हम कहें !
अब खिलंदड़ा का शाब्दिक और भाववाचक अर्थ क्या है यह आप अजित वडनेरकर जी से पूंछ लें या तो आप
ख़ुद कुछ हम कहें पर जा एक नजर डाल लें -आप में से कई बन्धु बांधवियों नें उस ब्लॉग का साक्षात्कार तो किया ही है . यह बात दीगर है कि आपको उस ब्लॉग पर खिलन्दड़ा सा कुछ भी ना लगे ! आप इस बारे में डिटेल्ड तहकीकात भी अजित जी से ही कर सकते हैं -वे शब्द पारखी जो हैं ! अब हिन्दी की गोबर पट्टी वालों को यह तो नागवार लगता ही है कि अजीत को अजित लिखा जाय और अनीता को अनिता और संयोग ऐसा कि यह अतिथि और आतिथेय दोनों के नामों के साथ घटित है .अनिता जी के नामके साथ तो एक और अनकुस लगने वाली बात है वह है उनके नाम के आगे कुमार जुडा होना - अब ठेंठ हिन्दी के पुर्बई लोग कुमार का मतलब पुरूष वाचक संज्ञां से लगाते हैं ,मगर अभी तक तो आप जान ही गएँ होंगे अनिता कुमार जी बकलमख़ुद की प्रथम तारिका , एक विदुषी हैं !
अनिता जी से मेरा परिचय यही कोई साल सवा साल पुराना है .जब नारी नख शिख वर्णन का जुनूनी दौर चल रहा था कई सहिष्णु महिला ब्लागरों ने उस ब्लॉग के अंतर्वस्तु के वैज्ञानिक विवेचन के पहलू को सराहा था उसमें अनिता जी भी थीं .मैं उनकी उस हौसला आफजाई का शुक्रगुजार हूँ .उन्हें तब यह आश्चर्य हुआ था कि वैसी अंतर्वस्तु की सामग्री अंगरेजी में तो है मगर हिन्दी में अभाव है .अब कोई आपकी प्रशंसा करे तो जाहिर है आप के मन में उसके प्रति अच्छा भाव जागृत तो होगा ही -लिहाजा मैं अनिता जी का सम्मान करने लगा .अनिता जी मोहमयी नगरी की महिला हैं -आधुनिक विचारों की हैं .पेशे से शिक्षिका हैं .कंप्यूटर की जानकारी में भी निष्णात हैं .बहुत प्रखर बुद्धि की हैं -मुझ जैसे गवईं परिवेश के बेसऊर लोगों को चुटकी बजा के डील कर लेती हैं .की बोर्ड पर तो उनकी उंगलियाँ इतनी तेज चलती हैं कि शायद अदनान सामी की उंगलियाँ भी पियानो पर उतनी तेज न थिरक सकें ! मुझे उन्होंने चैटिंग के मैराथन में कई बार परास्त किया है -मैंने उनका लोहा मान लिया .अंगरेजी पर उनका कमांड है -हिन्दी भी अच्छी है मगर कुछ आंचलिक से शब्दों को जाहिर है वे समझ नहीं पातीं .मगर जानने की उनकी इच्छा तीव्र है .अब जैसे उन्होंने मुझसे एक बार पूंछा कि भदेस माने क्या होता है .मुम्बई शहर में रहकर भी हिन्दी के प्रति उनकी यह प्रतिबद्धता काबिले तारीफ़ है .वे फुरसतिया की फैन हैं -उनके ब्लॉग जगत के अवदानों से खासी चमत्कृत ! .मुझे तो बल्कि उनका फुरसतिया शौर्य वर्णन चुभ सा गया ! मगर भई जो सच है वह है ! हाँ कोई यह न पूंछ ले कि आख़िर यह फुरसतिया है कौन -भई पहचान कौन !
उन्हें संगीत पसंद है और उनकी पसंद सचमुच उच्च कोटि की है,बोले तो रिफायिंड टेस्ट ! -उन्होंने मुझे कुछ अपनी पसंद के गीत सुनवा कर उपकृत भी किया है .पुस्तकों की तो ख़ास तौर पर कायल हैं .मुझसे कह कह कर बनारस के पुस्तक विक्रेताओं के कैटलाग उन्होंने मंगवाए हैं -कोई किताब भी लिख रही हैं इन दिनों -शायद मनोविज्ञान पर कोई पाठ्य पुस्तक .इसलिए चिट्ठाकारिता की फ्रीक्वेंसी कफी कम हो गयी हैं -वे इस बात की पक्षधर हैं कि ब्लॉग जगत पर एक सीमा तक ही समय जाया करना चाहिए .बाकी और भी तो काम है -मैं मूरख उनकी सीख नही मान सका और दो पुस्तकों का पेड़ प्रस्ताव ठुकरा चुका हूँ -निगोड़ी इन ब्लागिंग के चक्कर में मुझे इन दिनों कुछ सूझता ही नहीं ! मुझे होश है कि मैं बेहोश हूँ और निरंतर कोई गुमाह किए जा रहा हूँ ! सारी अनिता जी आपकी सीख अभी तक शिरोधार्य न कर पाने के लिए !
चिट्ठाजगत के तार सप्तक की यह प्रथम नायिका इतनी तीव्र मष्तिस्क की स्वामिनी हैं कि कोई महिला जान थोड़ी स्वच्छन्दता न ले ले और मर्यादित रहे इसलिए उसे पहले ही यह कह कर औकात में ला देती हैं कि वे ख़ुद एक मष्तिष्क भर हैं -उन्हें जेंडर के चश्में से न देखा जाय ! मतलब वे न स्त्रीलिंग हैं और न ही पुलिंग और जाहिर हैं हिन्दी की नपुंसक लिंग भी नही ही हैं -वे महज मस्तिष्क हैं - द ब्रेन ! मैं उनसे हेलो ब्रेन से ही संबोधन शुरू करता हूँ ! अभी उसी दिन ही तो मैंने ब्रेन से बसंत की बात की , जाते हुए ठण्ड की चर्चा की और उन्होंने मुझसे डार्विन की द्विशती को जोरदार तरीके से मनाने का आह्वान भी किया ! उनके सामान्य ज्ञान और बौद्धिक समझ की सानी चिट्ठाजगत में कम ही है । आप ख़ुद उनके ब्लॉग पर जाकर यह जान समझ सकते हैं ,उन्हें चैट पर चाहें तो निमंत्रित कर थाह पा सकते हैं पर यह मान लें कि चैट में चित आपको ही होना है !
मैं बकलम ख़ुद की इस प्रथम तारिका के मंगलमय भविष्य की कामना करता हूँ !




रविवार, 1 फ़रवरी 2009

संभावनाशील चिट्ठाकार हैं सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी जी ...! (चिट्ठाकार चर्चा )

इसे ही तो कहते हैं न कि गली में छोरा और नगर में ढिंढोरा ! कई दिन से इसी उधेड़बुन में था कि अबकी चिट्ठाकार चर्चा का शिकार किसे बनाऊँ ! कुछेक के बारे में सोचा तो देखा कि भाई तरुण और ताऊ जी उन पर पहले ही कुर्बान हो चुके हैं .कुछ निर्णय नहीं कर पा रहा था कि किसे पकडूँ किसे छोडूं ,किसे अभी पकडूं किसे जब कोई न मिले तब आजमाऊँ और इसी उधेड़बुन में सहसा ही देवदूत से प्रगट हो गये अपने जार जवार के ही सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी जी ! अभी अभी वे इन्द्रलोक से खलियाये हैं ! और इसके पहले कि वे फिर से देव मंडली में जा मिलें और हम लोगों को भूलते चले जायं (बड़े लोगों की कम्पनी ऐसे ही होती है भैया !) उन्हें अपनी याद दिलाई जाय और बताया जाय कि जिस भी मंडली में रहें कम से कम हमें भी कभी कभार याद तो कर लिया करें !

सिद्धार्थ जी अभी तक पूरी तरह युवा हैं -इस बारे में मेरी नेक सलाह है कि कोई उन्हें इस बारे में तो कतई न आजमाए और सिद्धार्थ जी किसी को भी अभी इस कच्ची युवावस्था में तो कदापि आजमाने को मौका ना ही दें ! अनुभव बताता है कि ज्यादातर इमोशनल लफडे इसी उम्र में परवान चढ़ जाते हैं और जिंदगी भर सालते रहते हैं .डर तो इसी बात का है कि सिद्धार्थ भाई कुछ ज्यादा ही डैन्जर जोन में हैं -उम्र का अल्हड़पन , गजटेड सरकारी नौकरी -साफ्ट टार्गेट तो वे वल्लाह हैं हीं ! खुदा बचाए ! लेकिन मानना होगा अपनी तल्ख़ लेखनी से वे इस मामले में अनजान रहकर भी लोगों को पास फटकने का मौका न देकर एक तरह से अपनी लक्ष्मण रेखा बनाए हुए हैं ! (यहाँ लिखना कम समझना ज्यादा ! )
होशियार तो खैर हैं हीं -कुछ तो इंसान कुदरती तौर पर होता है और कुछ सरकारी नौकरी भी बना भी देती है -वे लोगों की बडी बारीक छानबीन करके ही सम्बन्धों की पेंगें बढाते हैं .अब जैसे उनसे मेरे तवारुफ़ का वाकया बताऊँ -पिछले दिनों दुर्गापूजा के अवसर पर मैंने अपने किसी ब्लॉग पर लिखा कि मैं इन दिनों पूजा पंडालों की मजिस्ट्रेटी ड्यूटी में हूँ बस तड से भाई जी ने ताड़ ही तो लिया कि मैं कोई बड़ा प्रशासनिक अधिकारी ही होऊंगा -अब पानी तो अपना सतह ही ढूँढता है ना इसलिए उन्होंने फौरन यह दरियाफ्त कर ही लिया कि मैं आख़िर किस पद पर हूँ पर मुझे भी दुःख हुआ कि सिद्धार्थ जी को मजबूरन यह सच बता कर कि मैं मोहक्माये मछ्लियान का एक मरियल सा मुलाजिम हूँ मायूस सा कर दिया होगा .अब भाई कोई बडा प्रशासनिक आफीसर ब्लागिंग स्लागिंग के चक्कर में पड़ने से रहा -आख़िर है क्या यहाँ ? कौन सा पुरुषार्थ यहाँ दिखे है जो आला आफीसर यहाँ समय जाया करने को आयें ! ये तो ठलुआ लोगों का शगल है भर -अब अपवाद के तौर पर ही अपने सिद्धार्थ जी और ज्ञान जी यहाँ बने हुए हैं और केवल इसलिए कि उनमें लीक से हट कर कुछ करने की तमन्ना है .या फिर वे जहां हैं वहाँ अपने को शायद पूरी तरह संतुष्ट नहीं पा रहे हैं ! ये दिल मांगे मोर ! यह बात सिद्धार्थ जी के आत्मकथ्य से भी स्पष्ट होती है आईये देखें -
"अपनी रूचि के काम नहीं कर पाने का मलाल लिए मैं अपनी गृहस्थी में खुश रहने की कोशिश कर रहा हूँ. पत्रकारिता, लेखन, रंगमंच, पत्रमित्रता, चित्रकारी आदि एक-एक कर शगल बन कर आए और परवान चढ़ने से पहले ही चलते बने. मिडिल-क्लास मानसिकता ने सरकारी नौकरी को ही जीवन का श्रेय-प्रेय मान लिया था. जबसे मिल गई तबसे ही यह शेर हॉन्ट करता है:- जिंदगी में शौक क्या कारे- नुमाया कर गए; बी.ए. किया, नौकर हुए, पेंशन मिली और मर गए. अब फ़िर से कोशिश कर रहा हूँ अपने भीतर से टटोलकर कुछ बाहर लाने की...मित्रों से कुछ सीखने की लालसा है और कुछ बाँटने का उत्साह है…"
तो यह वह जज्बा है जो आज के मेरे अतिथि चिट्ठाकार को ब्लागिंग तक खींच लाया है .सिद्धार्थ जी तो मुझे जैसे भूलते से गए मगर मैं पूरी सजगता के साथ अपने प्रिय ब्लागर को फालो करता ही रहा हूँ -मैं और वे लगभग एक ही सामाजिक सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से ही हैं -शिक्षा दीक्षा का भी परिवेश एक जैसा ही है इसलिए सोच में काफी साम्यता है -इसलिए उन्हें बीते दिनों नारी विमर्श के मुद्दों पर अपनी बात रखने की पुरकशिश कोशिशों को देखकर सहानुभूति भी हुई पर मैं चूंकि ख़ुद इस मुहिम पर हथियार डाल चुका हूँ अतः बस चुपचाप इनके बलिदान को देखता रहा ! पर सच कहूं खूब लडा मरदाना ........काबिले तारीफ़ !
मैं सिद्धार्थ जी की लेखनी का कायल हूँ -ऐसा शब्द चित्र खींचते है सिद्धार्थ जी कि सारा दृश्य आखों के सामने साकार हो जाता है -मिसाल के तौर पर उनकी हालिया लेखनी का चमत्कार अप देख सकते हैं -तिल ने जो दर्ददिया और रामदुलारे जी नही रहे -ये तो बस बानगी भर हैं इन पोस्टों में सिद्धार्थ जी की मनोविनोद्प्रियता ,सम्मोहित करने वाली शैली और संवेदनशीलता को सहज ही देखा, महसूस किया जा सकता है .और एक प्रखर लेखनी की सम्भावनाशीलता के प्रति भी हम आश्वस्त होते है .
सिद्धार्थ जी इन दिनों हिन्दुस्तानी एकेडेमी को पुनर्जीवित करने में लगे हैं -मुझे याद है कि मेरे इलाहाबाद प्रवास में वह एक परित्यक्त सी जगह थी और कभी कभार वहां कोई लैक लस्टर कार्यक्रम हो जाता था जिसमें एकाध में शरीक होने के बद फिर अगले किसी भी एकेडेमी के प्रोग्राम में न जाने की मैं कसम खाता था ! पर आजकल इन पीयूष पाणि सिद्धार्थ जी ने वहाँ के माहौल को गुलजार कर रखा है ! किसी कायदे के आदमी को किसी भी अग्नि परीक्षा में झोंक दो वह कंचन सदृश होकर और भी आभामय हो उठता है ! सिद्धार्थ जी इसके जाज्वल्यमान मिसाल हैं !
सिद्धार्थ जी आप दिनों दिन शोहरत की बुलंदियां छुएं ,मगर हमें भी याद रखें !

रविवार, 25 जनवरी 2009

सी हाऊ हिन्दी ब्लाग्स हैव अचीव्ड ए स्लम डाग सक्सेस !

सोचता हूँ लगे हाथ स्लमड़ाग शब्द की मीमांसा भी कर ली जाय .समीक्षकों की दरियादिली ऐसी है कि इसे साढे चार स्टार से नवाजा जा चुका है और आस्कर की कई श्रेणियों के लिए यह नामित हो चुकी है .कोई आश्चर्य नही कि इसे कोई /कई आस्कर मिल ही न जायं ! तो आईये इसके नाम को लेकर थोड़ा पूर्वाभ्यास कर ही लिया जाय ।
अभी तक यह शब्द किसी भी डिक्शनरी में नही है .विदेशी भाष्यकार बोल रहे हैं यह शब्द दो शब्दों के योग से बना है -स्लम और अंडरड़ाग (underdog )! स्लम बोले तो झुग्गी झोपडी ! और अंडरड़ाग शब्द को आईये आक्सफोर्ड एडवान्स्ड डिक्सनरी में पहले देख लेते हैं -a person ,team ,etc thought to be in weaker position ,and therefore not likely to win a competition ,fight ,etc-usage example-Before the match we were definitely the uderdogs. तो मतलब यह कि झुगी झोपडी का सीकिया पहलवान ! अब इस शब्द को गढ़ने के पीछे असली मंशा तो इसके निदेशक डैनी बोयल ही जानते होंगे .पर इसके पक्षधर स्लम + अंडरड़ाग= स्लमड़ाग का ही आलाप ले रहे हैं !
मगर इस शब्द का एक सहज बोध तो यही है कि झुगी झोपडी का कुत्ता ! जैसे कि धोबी का कुता ( न घर का न घाट का ) या गली का कुत्ता ! तो अब इन कहावतों में अब एक इजाफा होकर कुत्ता कहावत का नया संस्करण आ गया है -अरे यार यह तो झुगी /झोपडी का कुत्ता निकला ! यह कुत्ता कोई घर का या घाट का बेकार कुत्ता नही है यह झुगी झोपडी का करोड़पति हो जाने की हैसियत रखने वाला कुत्ता है -यह किसी भी 'अपनी गली में शेर बन जाने वाले ' कुत्ते से कम नही अधिक ही हैयह ! इसे अब हलके में मत लीजिये ! इसको लेकर अब सावधान हो जाइए .कुत्तों के दिन भी अब फिर रहे हैं ! देखो देखो देखो वह स्लमड़ाग भी करोड़पति बन गया बे ! हे ब्रितानी भाईयों .हे अमेरिकन भाईयों अरे देखो कैसा घोर कलियुग आ गया कि अब साले स्लमडाग भी मिलियेनर बन रहे हैं ! अब एक नई कहावत यह भी हो सकती है -स्लमडाग सक्सेस ! सी हाऊ हिन्दी ब्लाग्स हैव अचीव्ड ए स्लम डाग सक्सेस !
डैनी बोयल ने मित्रों, एक तीर से कई शिकार कर लिया है -अपनी नस्लभेदी मानसिकता को बरकरार रखते हुए भारतीय परिवेश की गन्दगी को हमें तो दिखा ही दिया -पश्चिमी दुनिया को उसे बेंच दिया और पुरस्कारों की लाईन में भी लग लिए ! यह है एक टिपिकल अंगरेजी मानसिकता जिसकी भोलेभाले भारतीय भला कहाँ थाह पा सकते हैं ।
स्लम + अंडरड़ाग= स्लमड़ाग के पक्षधरों को इसमे कोई व्यंगोक्ति ,कोई श्लेष (pun),कोई लाक्षणिकता(मेटाफर ) नजर नही आ रही है ! वे इसे अभी अभी ज्ञानदत्त जी द्वारा भी पिछले पोस्ट पर किए गए कमेन्ट में गढे गये नए शब्द -स्लमगाड जैसा पवित्र मान रहे हैं -ठीक वैसे ही जिस तरह मेरे विश्विद्यालयी दिनों में एक छात्रावासी मित्र अपने गाँव से आए दिन आने वाले लोगों को खीज से ग्राम्यदेवता कह कर बुलाता था ! यहाँ वह भाषा की व्यंजनात्मक शक्ति की आड़ ले अपनी खिसियाहट मिटाता था !
तो अब स्लमडाग डैनी बोयल के लिए अगर ग्राम्यदेवता की ही तर्ज पर बकौल ज्ञानदत्त जी स्लमगाड बन गया है तो किसी के लिए क्या आपत्ति हो सकती है ! उस अंग्रेज मानसिकता ने तो एक तीर से कई शिकार कर ही लिए हैं और भोले भाले भारतीय भला उसके मन की थाह कहाँ पा सकते हैं !

शुक्रवार, 23 जनवरी 2009

अभी देखी है स्लमडाग करोड़पति ! फ़िल्म अच्छी ,मकसद बुरा !

स्लमडाग करोड़पति -एक दृश्य ! ( साभार : exclaim.ca)
अभी अभी स्लमडाग करोड़पति देख कर आया हूँ -बेहतरीन फिल्मांकन ,कलात्मकता और व्यावसायिकता का महीन मिश्रण ! एक जबरदस्त समांतर फिल्म ! पर मकसद क्या ? भारत के अंधेरे को पश्चिम के उजाले में ले जा पैसा , शोहरत और पुरस्कार आदि बटोरना !
ऐसा नही है कि भारतीय फिल्मों /फिल्मकारों /निर्देशकों को मुम्बई की झुग्गी झोपडी की गंदगी ,जरायमपेशा ,अंडर वर्ल्ड से उसकी सांठगाठ की सुध नही आयी है -कई बेहतरीन फिल्में वहाँ के परिवेश पर बन चुकी हैं ! बल्कि बालीवुड का एक सितारा जैकी श्राफ तो "स्लमडाग " ही रहा और पहले ही करोड़पति बन चुका है .तो विषय कोई नया नही है और न ही नग्न यथार्थ को उघारती यह कोई नई प्रस्तुति है -पर हाँ यह नई फिल्म पटकथा और प्रस्तुतीकरण में जरूर प्रभावशाली बन पडी है .
यह फिल्म सुखान्त है और मानवीय संवेदना के सकारात्मक पहलुओं को दिखाने में भी सफल हुयी है पर यह बेचती भारत की गंदगी और गरीबी ही है -यह भारत के लिए बनी ही नही है -भला कौन भारतीय अपरिचित है झुग्गी झोपडी की असलियत से ....वहां की गरीबी और घोर घुटन भरी पशुओं से भी बदतर जिन्दगी से ! पर यदि इसे भारत के दर्शक देखते हैं तो वे इसमें वे अपना ही आईना पायेंगे -अपना ही विकृत और खौफनाक चेहरा ! पर यह फिल्म बनी है तो केवल एक ही साभिप्राय मकसद से -पश्चिम को भारत का घिनौना पक्ष दिखा कर पैसे बनाना और पुरस्कार बटोरना .और अपने इस मकसद में फिल्म सफल होती दीख रही है .यहाँ न तो साध्य ही की शुचिता है और न ही साधन की ! दोनों में ही बदनीयती झलकती है ! हाँ मनोरंजन भरपूर है .पर फ़िल्म में मुम्बई के अंडर वर्ल्ड के रा मटेरियल के रूप में वहाँ की झुग्गी झोपडी के मानव संसाधन की खपत के तौर तरीके / मंजर दिल को दहलाने वाले हैं ! किस तरह बेसहरा बच्चों को भीख मांगने के लिए उन्हें अंधा तक कर देने ,उनका दैहिक शोषण और तमाम अभिशप्तता के बावजूद समझ के अभाव के चलते उनकी हीरो वरशिप की प्रवृत्ति आदि इस तरह फिल्म में दिखाई गयी है कि मन विचलित हो उठता है ! पर क्या आम पश्चिमी दर्शक की भी ऐसी ही प्रतिक्रया होगी ? निसंदेह नहीं ! यह फिल्म एक आम पश्चिमी दर्शक के मन में भारत की इमेज को धूल धूसरित ही करेगी -हमारा सिर शर्म से झुकायेगी ही !
बनारस में हाल खाली जा रहा है । वे कथित 'स्लमडाग' फिल्म को देखने नही आए जिनके बारे में यह है -फिर यह फिल्म कम सेकम भारत में पैसा वसूलने से रही !
कई घटनाए साथ साथ ऐसी घटीं कि यह सोचने में उलझन सी हो रही है कि क्या वे मात्र संयोगमात्र हैं -एक स्लम डाग (अश्वेत ) का अमेरिका का राष्ट्रपति बन जाना -अपने रीयल लाईफ में ! और एक रील लाईफ में इंडियन स्लम डॉग का करोड़पति बन जाना ! लगता है अब 'स्लम डागों ' के दिन बहुरे हैं ! यहाँ किसी को यह बुरा नहीं लगना चाहिए कि अमेरिकी राष्ट्रपति को मैंने स्लम डाग का संबोधन दिया ! जो अमेरिका में अश्वेतों की गाथा जानते हैं वे इसे सही परिप्रेक्ष्य में लेंगे .अब जब हमने अपने झुगी झोपडी वाले साथी प्रवंचितों के लिए स्लमडाग शब्द स्वीकार कर लिया है तो बराक ओबामा के लिए ऐसे शब्द को लेकर नाक भौ का क्या सिकोड़ना ! दोनों ,भारत के झुगी झोपडी वासी और वे -ह्यूमन बीईंग ही तो हैं ! फिर दुहरा मानदंड क्यों ??
फिल्म में पात्रों का अभिनय बड़ा धाँसू है .खास कर झुग्गी झोपडी के "कुत्तों सा जीवन" जी रहे पात्रों का ! कौन बनेगा करोड़पति के एंकर के रूप में अनिल कपूर ने इसी नाम के कार्यक्रम को संचालित कर चुके अमिताभ बच्चन के हाव भाव की काबिले तारीफ़ नक़ल की है !
फिल्म भारत में बनी है ,खर्चा कम आया होगा ! यहाँ बन्दे सस्ते मिलते हैं और अब हमारी ही सरजमीं पर तैयार माल को हमारे ही सर पर ' मियाँ की जूती मियाँ के सर ' स्टाईल में दे मारा गया है .
एक सवाल यह भी है कि क्या कई साम्यवादी देशों में जैसे कि रूस और चीन के अंधेरे पक्षों को भी हालीवुड का माई का लाल ऐसे ही दिखा पायेगा -अनुमति ले पायेगा ? फिर भारत ही ऐसे लोगों को क्यों बर्दाश्त करता है .जिसे देखो वही भारत में मुंह बाए /सर उठाये प्रत्यक्षतः किसी "महान" काम या आतंक तक को अंजाम देने आ पहुँचता है और अपने मकसद में कामयाब हो गर्व से सीना फुलाए चल देता है !
बदलो भारत बदलो -तुम्हे लोग बेंच रहे है ,बदनाम कर रहे हैं ,तुम्हारी सरेआम खिल्लियाँ उड़ा रहे है ! और कोढ़ में खाज यह कि तुम्हारी कमजोरियों का फायदा उठा कर मालामाल भी हो रहे हैं !
खैर फिल्म देख लें -अपना दृष्टिकोण कायम करने में सहजता होगी !
फिलवक्त यहाँ स्लमडाग शब्द के अर्थ और भाव बोध को लेकर द्वंद्व छिड़ा हुआ है मौका लगे तो देखें और आंग्ल भाषा में अपने विचार वहाँ भी टिपिया आयें !

शनिवार, 17 जनवरी 2009

एक सम्मानित और सयंमित चिट्ठाकार रंजना (रंजू ) भाटिया

अभी तक जिन चन्द चिट्ठाकारों के व्यक्ति चित्र मैंने यहाँ उकेरा है उनमे कोई महिला ब्लॉगर नही है -अब कहीं पंच लोग मुझ पर नारी द्वेषी (मीसोजिनिस्ट ) होने की तोहमत न मढ़ने लगें तो यह सर्वथा उचित ही है कि मैं फिलवक्त एक महिला ब्लॉगर को इस पुनीत कर्म के लिए चुन लूँ -पर किसे ? मेरी यह उधेड़बुन कई दिनों से "कस्मै देवाय (बल्कि देवियाय ) हविषा विधेम " की तर्ज पर मुझे सताती रही है पर आज इस ब्रह्म मूहूर्त में फैसला हो ही गया -वे और कोई नही बल्कि रंजना भाटिया उर्फ़ रंजू भाटिया ही हो सकती हैं -वह पहली महिला ब्लॉगर मैं जिनके व्यक्ति चित्र को यहाँ उकेरने का स्वयं प्रदत्त सौभाग्य हासिल कर रहा हूँ .पर पहले रंजना भाटिया ही क्यों ?

जी हाँ ,रंजना भाटिया ही क्यों ? मैं जानता हूँ कि कई नियमित चिट्ठाकार इस प्रश्न पर ही प्रतिप्रश्न कर बैठेंगे कि आख़िर रंजना भाटिया क्यों नहीं ? और उनका प्रतिप्रश्न सचमुच सर्वथा उचित ही होगा ! रंजना भाटिया जो अपने को रंजू के उपनाम से संबोधित होना ज्यादा पसंद करती हैं एक नियमित और सम्मानित ब्लॉगर की हैसियत काफी पहले ही हासिल कर चुकी हैं -उन्होंने कुश के साथ काफी भी पी है और बकलम ख़ुद की भी एक प्रमुख हस्ताक्षर हैं .तो ऐसे किसी नामी गिरामी चिट्ठाकार को चयन करने का कोई खतरा भी नही है और मेरे कई कल्पनाशील ब्लॉगर मित्रों को कोई ऐसा वैसा कयास लगाने का मौका भी नहीं मिलेगा । और आगे दीगर महिला ब्लागरों की चर्चा का मार्ग भी सहज ही प्रशस्त हो जाएगा । कुछ लोगों का जीवन हमेशा दूसरों के लिए ही होता है -परमारथ के कारने साधुन धरा शरीर .....यह कुदरत का पता नही कैसा परिहास है -अब देखिये न रंजू जी मेरी पहली चिट्ठाकार चर्चा महिला ब्लॉगर बन कर मेरे लिए आगे की महिला ब्लॉगर चर्चा की ढालभी बन गयी हैं । सारी रंजू जी !

मैंने लंबे समय से रंजू भाटिया की मर्यादित और सयंमित उपस्थिति ब्लाग जगत में देखी है -शायद वे अकेली महिला ब्लॉगर हैं जिन्होंने बिना किसी प्रायोजित मकसद के अपनी साहित्य साधना को यहाँ आभासी जगत में भी बनाए रखा है -यह उनकी कालजयिता को लेकर आश्वस्त करता है -वे एक अच्छी पाठक भी हैं -अब व्यापक विषय वैविध्य लिए इस चिट्ठाजगत में उनकी टिप्पणी -उपस्थिति यत्र तत्र सर्वत्र दिखती रहती हैं .हालांकि वे जिस विधा की समर्पित सर्जनाकार हैं -प्लूटानिक प्रेम ,वह मेरे भेजे में ज्यादा नही घुसता पर यह कमी मेरी है! अब लंबे समय से विज्ञान की साधना में रत रहे किसी अदने से व्यक्ति को प्रेम की उचाईयों की परख भी कैसे हो सकती है ? वस्तुनिष्ठता के बोझ से सदैव आक्रान्त व्यक्ति विषयनिष्ठता में गहरे डूब भी कैसे सकता है .कहीं डूब गया और ऊपर नहीं आ सका तो ?

रंजू जी अमृता प्रीतम की फैन रही हैं बल्कि मुझे तो कभी कभी लगता है वे अमृता की ही कोई कुम्भ मेले की बिछुड़ी जुड़वा बहन ही है -उनकी साक्षात यशः काया हैं, उनकी साहित्यिक विरासत की ही पुंजीभूत मलिका हैं ! प्रेम की रूहानी ऊँचाईयों तक पहुँच कर क्षण प्रतिक्षण उसी के वशीभूत हो रहना हर किसी अस्थि चर्म मय देह वालों के लिए सम्भव नहीं ! पर रंजू जी का यह सहज जीवन ही है .
वे साहित्य के कई रूपों की प्रतिनिधि ब्लॉग लेखिका है पर मूलतः कवि हैं -कवयित्री हैं ! अभी अभी उनका काव्य संग्रह साया प्रकाशित हुआ है और प्रशंसित हो रहा है .अपने एकमात्र एकल ब्लॉग कुछ मेरी कलम से के साथ ही वे दर्जनों सामूहिक चिट्ठों को अपनी सृजनात्मक प्रतिभा से समृद्ध कर कर रही हैं .और मैं तो उनका सचमुच फैन हो गया हूँ जब से उन्होंने साहित्यिकता को ही एक विस्तृत फलक देकर साईंस ब्लॉगर असोसियेशन आफ इंडिया पर भी डेबू किया और अंटार्कटिका पर यह बेहतरीन दो अंकीय लेख लिखा है -कौन कहता है कि साहित्यकार विज्ञान संचार नहीं कर सकते ? बल्कि वे शायद बेहतर तरीके से कर सकते हैं क्योंकि उन्हें संवाद का सलीका वैज्ञानिकों से बेहतर आता है -वे शब्द कृपण नही शब्द समृद्ध होते हैं ! संचार के गुर और बारीकियों की उन्हें बेहतर समझ रहती है .आप रंजना जी के अन्टार्कटिका लेख को पढ़ ख़ुद फैसला कर लें ।

चिट्ठाजगत को इस सम्मानित ब्लॉगर से बड़ी अपेक्षाएं हैं -मुझे तो कुछ अधिक ही हैं -क्योंकि मैं यह दावा कर सकता हूँ कि मुझे इस बड़ी शख्सियत की अंतर्निहित क्षमता का पूरा भान है । ये अपनी पूरी रचनात्मक ऊर्जा के साथ हिन्दी ब्लॉग जगत को उत्तरोत्तर समृद्ध कर रही हैं निर्विवाद और निर्विकार ! और ऐसे ही प्रयासों को ही लम्बी उत्तरजीविता मिलती है -प्रायोजित प्रयास मिटी के ढूहों और पानी के बुलबुलों के मानिंद क्षणिक जीवी होते हैं -काल के विस्तीर्ण फलक पर उनका नामशेष भी नही रह जाता कोई नामलेवा भी नहीं रहता ।सभी में समभाव , "सकल राममय " की लोकहित कामना और समर्पित सेवाभाव ही यादगार बनता है -नहीं तो "रहा न कुल कोऊ रोवन हारा " की बेकली गले आ पड़ती है .रंजू जी की साहित्यसेवा को मैं " भाषा भनिति भूति भल सोई ,सुरसरि सम सब कर हित होई " के ही निकष पर देखने परखने का आकांक्षी हूँ ! (अब एक साहित्यकार के बारे में जब कुछ लिख रहा हूँ तो ऐसे कुछ उद्धरण देना मजबूरी हो जाती है ना भाई लोगों/लुगाईयों ! फिर रंजना जी को थोड़ा इम्प्रेस भी तो करना है ना ! और कुछ डांट फटकार न मिले- क्राईसिस मैनेज भी तो करनी है ! कुछ समझा भी करिए ! )
आईये इस अदम्य ऊर्जा और दृढ़ संकल्पी नियमित और सयंमित ब्लॉगर का अभिनन्दन करें !

गुरुवार, 15 जनवरी 2009

उर्वशी -पिता जी की एक कविता !

हिमांशु की एक कहानीनुमा कविता ने मुझे स्वर्गीय पिताजी की एक कविता की याद दिला दी -आप भी देंखें शायद अच्छी लग जाय !
उर्वशी
मंद मुस्काती छटा में करुण क्रंदन की कहानी
मद भरे आंखों में अंकित विवशता की मूक वाणी
नूपुरों के कलरवों में चीखता संगीत का स्वर
चितग्राही हर अदा पर घुट रहा यौवन निरंतर (१)
विवशता की इस चिता पर इन्द्रधनुषी स्वप्न जलते
प्रणय के इतिहास मिटते बन्धनों के बंध हसते
रूप यौवन साधना का दुखद परिणति घुटन ही है
प्रेम और श्रृंगार का अभिशप्त संगम जलन ही है (2 )
सर्वगुण संपन्न होकर उर्वशी साधन बनी क्यों
संगीत की देवी न जाने विषय की प्रतिमा बनी क्यों
कोटि उर मे बस रही जो ह्रदय अपना रिक्त रखती
इन्द्र की आराधना में साधना को भ्रष्ट करती (३)
देवता दानव मनुज की वासना का नग्न चित्रण
सिसकती संवेदना में भावना सौदर्य मिश्रण
उर्वशी सौन्दर्य गंगे ,सृष्टि का उपहास है तू
इन्द्र की वैभव शिखा पर अश्रु की बरसात है तूं (4)
सतत शाश्वत लग रही है आज भी तेरी कहानी
युद्ध हो या शान्ति हो तुम हो वही माध्यम पुरानी
सृष्टि की सर्वोत्तमें तुम भ्रष्ट करती ही रही हो
कुछ नहीं तेरा पर इतिहास रचती ही रही हो (5)
पतित करना ही तुम्हारी साधना का साध्य क्यों है
जो तुम्हे साधन बनाता फिर वही आराध्य क्यों है
वेद शास्त्र -पुराण हो या डार्विन फ्रायड की कथाएँ
उर्वशी जीवित रहेगी साथ ही उसकी व्यथाएं (६)

सभी जीवों का कोई आदर्श भी है लक्ष्य भी है
पर तुम्हारी अस्मिता का अर्थ क्या दासत्व ही है
सोचने पर लग रहा है तुम कहीं कुछ भी नहीं हो
मात्र शाश्वत कामना हो उर्वशी संज्ञा बनी हो (७)
डॉ राजेन्द्र प्रसाद मिश्र (१९६१)

यह कविता १९६१ में हिन्दी विभाग,कलकत्ता विश्वविद्यालय की भित्ति पत्रिका में तब
प्रकाशित हुयी थी जब प्रोफेसर कल्याण मल लोढा जी विभागाध्यक्ष थे ! अभी तो यह
राजेन्द्र स्मृति(२०००) से ली गयी है जिसके सम्पादक साहित्य वाचस्पति डॉ . श्रीपाल सिंह क्षेम जी हैं .

मेरी ब्लॉग सूची

ब्लॉग आर्काइव