राष्ट्रीय संप्रभुता देशप्रेम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
राष्ट्रीय संप्रभुता देशप्रेम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 18 अगस्त 2013

हिन्दी ब्लॉगर अपना विरोध अवश्य दर्ज करें!


इन्डिब्लागर से मेलबाक्स में प्रायः आने वाले मेल का मजमून एक दिन अलग सा था -इन्डिब्लागर पुरस्कारों के लिए ब्लॉग आमंत्रण की घोषणा की गयी थी .वैसे मैं खुद को पुरस्कार सम्मान के लिए कभी नामांकित नहीं करता और इसका कारण कोई दंभ इत्यादि नहीं बल्कि काम करते जाने को ज्यादा महत्वपूर्ण मानता आया हूँ.  मगर उस दिन कुछ तो जरुर मन में विचलन सा हुआ और मैंने सीधे साईंस से जुड़े वर्गों को ढूंढ कर अपने एक ब्लॉग साईब्लाग को नामांकित कर दिया और फिर भूल गया -कोई प्रमोशन वगैरह भी नहीं किया .वैसे भी मेरे इस ब्लॉग का इंडीरैंक 58 पर आ पहुंचा है जबकि क्वचिदन्यतोपि का 82 है . बुद्धिमानी तो यह थी कि मैं  क्वचिदन्यतोपि को नामंकित करता मगर मन में चूंकि हमेशा विज्ञान संचार का भूत सवार रहता है अतः साईब्लाग का नामांकन करके  मन को संतुष्ट कर लिया . बीच बीच में एकाध मित्रों के अनुरोध आये तो जाकर उनकी सिफारिश भी कर दी  -निःस्वार्थ और निरपेक्ष।   एक मित्राणी ब्लॉगर ने तो यह भी फिकरा कसा कि जहाँ आप और अनुराग शर्मा जी जैसे धुरंधर नामित हों वहां और किसकी दाल गलेगी? -मैंने निर्विकार भाव से यह ताना भी सुन लिया -बाद में देखा कि देवि ने अपना भी ब्लॉग नामंकित कर दिया है :-) हाँ यह नहीं देखा कि  अनुराग जी   ने अपना कोई ब्लॉग नामांकित किया है या नहीं . वैसे तब मन में यह बात भी आयी थी चलो अनुराग जी ने अगर कोई ब्लॉग नामांकित किया है तो मेरा भी औचित्य सिद्ध हो गया और मन में कहीं छिपा एक अपराध बोध सा भी कम हो गया। बाद में तो कई अन्य सम्मानित ब्लागरों के नामांकन से अपराध बोध बिलकुल ही उड़न छू हो गया। इन्डिब्लॉगर वालों के प्रति एक सम्मान का भाव भी जगा और अब भी है कि ये ब्लागिंग को बढ़ाने के लिए कितना श्रमशील हैं।  बहरहाल बात आयी गयी हो गईं.
अभी उस दिन जब पुरस्कार परिणाम आये  तो बड़ी मजेदार बात  हुई -खुशदीप जी जिन्हें सम्मान शब्द से ही घोषित घृणा रही है इन्डिब्लागर से सम्मानित/पुरस्कृत हो गए थे . अब उन्होंने अपना नामांकन तो किया ही होगा न? परिकल्पना सम्मान को तमाम धरहरिया (Persuasion) और चिरौरी के बाद भी ठुकरा देने वाले और अभी अभी ताऊ टी वी पर सम्मान शब्द से चिढ होने का उद्घोष करने वाले अपने खुशदीप भाई अब सम्मान की वरमाला पहन चुके थे! खुशदीप भाई मुझ पर नाराज होने के बजाय उन कारणों को जरुर बताने  का कष्ट करेगें जिसने उन्हें  इस सम्मान को सम्मानित करने का फैसला लेने को प्रेरित किया था. या फिर मेरी ही तरह यह एक क्षण के मन विचलन से हुआ यह उनका भी एक प्यारा सा गुनाह था :-)  यह बात कोई और ब्लॉग जगत  में उनसे  पूछे या न  पूछे मगर मैं इसकी धृष्टता जरुर कर रहा हूँ । क्षमायाचना के साथ यह भी कहना चाहता हूँ कि उनके  बारे में लोगों के मन में कोई दुराव न रहे इसलिए यह अप्रिय निर्णय लेना पड़ा ।
 हिन्दी को रीजनल लैंग्वेज तक ही दिखाने की मानसिकता?
 बहरहाल यह पोस्ट इस मुद्दे पर लिखी नहीं जा रही। मामला तो दूसरा है जो बहुत गंभीर है। खुशदीप जी के साथ एक शाम मेरे नाम वाले मनीष जी का ब्लॉग है जो पुरस्कृत हुआ  है। देशनामा के साथ यह भी मेरी पसंद का ब्लॉग है, मैंने इन दोनों ब्लागरों को तुरंत बधाई दी मगर सहसा एक बात मुझे खटक गयी।  मनीष जी ने अपना ब्लॉग एक ऐसी कटेगरी में नामित किया था जो मेरी नज़र में आया ही नहीं था।  यह कटेगरी इन्डिब्लॉगर वालों के एक अजीव सी सोच का परिणाम है जो आज भी जानबूझ कर हिन्दी को निचले स्तर पर रखने को उद्यत रहती है -रीजनल लैंग्वेज कटेगरी  में हिन्दी को रखा गया था ।  मनीष जी ने अपना ब्लॉग इसी कटेगरी में नामांकित कर दिया।  हालांकि  हिन्दी कई प्रान्तों की आंचलिक राजभाषा भी है किन्तु उसका असली या मुख्य स्टेटस पूरे भारत संघ की राजभाषा का है. यह भारत में सबसे अधिक बोली जाने वाले भाषा (लिंगुआ फ्रैन्का) तो है ही यह विश्व में  सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषाओं में छठवें नंबर पर है. मैं सभी भाषाओं का सम्मान करता हूँ -अंग्रेजी विश्व की खूबसूरत भाषाओं में से एक है। और भारत में संवैधानिक रूप से भी हिन्दी और अंग्रेजी को समान दर्जा दिया गया है और पूरे भारतीय यूनियन की दोनों ही  राजभाषायें है।  मगर खामी हमारी गुलामी की सोच उस अंग्रेजियत की है जो हिन्दी को अंग्रेजी के सामने अपमानित करती आयी है निरंतर पददलित करती रही है।  यह आपत्तिजनक है. हमें निरंतर इस प्रवृत्ति का विरोध करना चाहिए।  खुशदीप जी और मनीष जी का आह्वान करूँगा कि हिन्दी के अपमान की इस प्रवृत्ति के विरोध में वे सम्मान सहित इस पुरस्कार को लौटा  दें -खुशदीप भाई, कोई सम्मान लेने से छोटा नहीं हो जाता बल्कि बड़े सम्मान को लौटा कर और भी बड़ा बन जाता  है।और इन्डिब्लागर का यह सम्मान कोई इतना बड़ा भी नहीं है यह आप स्वयं यहाँ   कह रहे हैं(अरविंद जी फिक्र मत कीजिए इस अवार्ड मे मिलना-विलना कुछ नहीं है।)  तो लौटाईये इसे और उन्हें एक सन्देश दीजिये। 
टुच्ची राजनीति  और हमारे नेताओं की कमजोर इच्छाशक्ति  के चलते हिन्दी भारत की राष्ट्रभाषा नहीं बन पाई.राष्ट्रभाषा सम्पूर्ण राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करती है।किसी भी देश की  विभिन्न भाषाओं में से कोई एक  अपने गुण-गौरव, साहित्यिक अभिवृद्धि, जन-सामान्य में अधिक प्रचलन / लोकप्रियता आदि के आधार पर राजकार्य के लिए भी चुन ली जाती है और उसे राजभाषा के रूप में या राष्ट्रभाषा घोषित कर दिया जाता है।  वह अधिकाधिक लोगों द्वारा बोली और समझी जाने वाली भाषा होती है। प्राय: राष्ट्रभाषा ही किसी देश की राजभाषा होती है जो यहाँ हिन्दी है ।यह जन जन की भाषा है -इसका अपमान कोई भी सच्चा राष्ट्रवादी कैसे सहन कर सकता है। आगे भी पुरस्कार दाता भामाशाहों से गुजारिश होगी कि वे पहले हिन्दी को अपनी घोषित श्रेणियों में सम्मानजनक स्थान दें जिसकी वह हकदार है। हाँ बंगला या कन्नड़, तेलगू  आदि भाषाओं को भी पृथक श्रेणी देने में कोई गुरेज नहीं क्योंकि की ये भी हमारी प्यारी और समृद्ध भषाएँ हैं मगर हिंदी को मात्र एक प्रांतीय भाषा के रूप में ही प्रदर्शित करने की सोच स्वीकार्य नहीं है। संविधान की आठवीं अनुसूची का तर्क कब तक चलता रहेगा -यह पूरे देश की राजभाषा है यह तथ्य पीलियाग्रस्त आँखों को नहीं दिखता? आह्वान है हिन्दी ब्लॉगर अपना विरोध अवश्य दर्ज करें और आगे से ऐसे कुचक्रों से सावधान रहें।  

बुधवार, 16 मार्च 2011

क्या हम जापानियों का यह जीवन दर्शन अपना सकते हैं?

भयंकर भूकंप ,सुनामी ,नाभकीय विकिरण ,ज्वालामुखी और अब भारी बर्फबारी से जापान में  भीषण जन धन हानि और राहत कार्य में आ  रही बाधाओं ने मन को विकल सा कर दिया है. प्रकृति का इतने बड़े पैमाने पर नरमेध  जीवन के प्रति एक वितृष्णा उत्पन्न करता है. जीवन की क्षणभंगुरता का अहसास गहन हो उठता है. किन्तु आपने समाचार चैनेलो पर देखा होगा कि घटना  का विवरण  देते हुए अधिकाँश  जापानियों के चेहरे भावहीन हैं -वे दुःख से पीड़ित नहीं दिखते . और न ही वे घबराहट से भरे हैं -न कहीं लूटपाट और न हीं कहीं छीना झपटी का कोई दृश्य जबकि प्रभावित शहरों में उनका सब कुछ लुट  गया है -सगे संबंधी काल के मुंह में समां गए हैं .मगर फिर भी ज्यादातर जापानियों के चेहरे  पर आशा और विश्वास की आभा है ...कितने दिलेर हो सकते हैं ये जापानी! 
 गह मोन जीवन दर्शन से प्रेरित एक जापानी कला कृति 

ऐसा आत्मविश्वास और तटस्थ कर्मयोग तो  गीता के उपदेशों में वर्णित है .अब जापानियों के जीवन दर्शन में मेरी रूचि बढ़ चली थी ..मैंने उनकी संस्कृति के मुख्य बातों को जानने  के लिए अंतर्जाल को खंगालना शुरू किया और जो सामने आया आपके साथ बांटने का मन हो आया ...दरअसल जापानियों की संस्कृति और आचार व्यवहार में एक मुख्य घटक या उसे उनका जीवन दर्शन भी कह सकते हैं -Gaman (उच्चारण गह मोन  )  कहलाता है - मतलब कितना भी विपरीत समय न आ  जाय घबराना नहीं है ,अधीर नहीं होना है ,भावनाओं का इजहार नहीं करना है .हिम्मत से परिस्थितियों का सामना करते जाना है .न किसी से कोई गिला न कोई शिकवा .. ऐसा नहीं है कि उनमें भावनाएं नहीं हैं या घर  के ही किसी अजीज के बिछड़ जाने का सदमा नहीं पहुंचा है ...यह सब स्थितियां है मगर उसका प्रदर्शन नहीं है ...असहायता ,निरीहता का प्रगटीकरण नहीं है .भावों पर बचपन से अभ्यास करके लगाया  गया अंकुश उनके चेहरे पर  स्वाभिमान और गरिमा की झलक बनाये रखता है . गह  मोन घोर विपत्ति में भी मानव चेतना की अभिजात्यता /कुलीनता का मानो एक उत्सव है ..चाहे कुदरत का कहर हो ,राष्ट्रीय या पारिवारिक आपदा वे हर समय सौम्य ,दृढ प्रतिज्ञ बने रहते हैं -शायद   गीता के "स्थिति प्रज्ञ'   होने का सबसे व्यावहारिक उदाहरण ये जापानी अपने इस गह मोन  जीवन दर्शन के जरिये   ही प्रस्तुत करते हैं .

उनके लिए सब कुछ ठीक होने का भाव स्थाई है -असह्य स्थति को भी गरिमा और सम्मान से बिना समझौता किये सहते जाना ! उनका साहस ,संघर्ष और  सहने की क्षमता विलक्षण है .उनकी कुछ कलाकृतियों में भी इसी जीवन दर्शन का भाव आरोपित होता है जैसे कि  ऊपर  काठ की बनाई गयी ये चिड़ियाँ जो विपरीत परिस्थितियों से अनवरत संघर्ष और उनसे उड़ कर मुक्त होने का प्रतीति कराती हैं .गमन में राष्ट्र के लिए ,समाज के लिए मर मिटने /प्राणोत्सर्ग का भाव भी है! अब ऐसे जीवन दर्शन को बिना करनी और कथनी के भेद के जीवन में आत्मसात करने वाली कौम अगर पूरी धरती पर अपने विकास और समृद्ध आर्थिकी का झंडा बुलंद किये हुये है तो इसमें कैसा आश्चर्य? क्या हम इन गुणों को अपना सकते हैं ? क्या हम भी गह मोन जीवन दर्शन के अनुयायी हो सकते हैं? आईये मनन करते हैं!
इस लेख को  भी देखिये :

जापानी चरित्र

शुक्रवार, 28 जनवरी 2011

मृतकों से कैसा संवाद!

सोते रहिये ब्लॉगर भाईयों -...हम सैकड़ो साल ऐसे ही गुलाम नहीं रहे ...राष्ट्रीय मुद्दों की आकस्मिकता के बजाय लोग अपने आमोद प्रमोद घर परिवार और प्रेम प्रणय मनुहारों में लगे रहते आये हैं तो अगर हमारे ब्लॉगर भाई भी अपने इस सनातन चरित्र का निर्वहन कर रहे हैं तो किम आश्चर्यम? आश्चर्य है लाल लाल चौक पर तिरंगे के मुद्दे ने कईयों को संवेदित नहीं किया -न तो खाए पिए अघाए लोगों को और  न ही शायद उचित ही  गमें  रोजगार,गमें मआश से मारे लोगों को ..कुछ तटस्थ  खड़े तमाशे देखते रहे और फिर अपने बाल बीबी बच्चों की फ़िक्र में लग गए तो कुछ अपने ही जयचंद अलग ढपली अलग राग बजाते रह गए ...एक और गुलामी करीब से दस्तक देकर  चली  गयी दुबारा आने और शायद रुकने के लिए भी ..तो क्या आप कहीं उस कटेगरी में तो नहीं जो अभी तक भी  कुछ नहीं समझे ?  - तो जाईये पूरी बहस को पढ़िए .आज तो बहस का समापन है -

लाल चौक पर तिरंगे को फहराए जाने का राज्य द्वारा विरोध अखंड भारत के  इतिहास का एक काला दिन बन गया है -मैंने जनपक्ष पर इस बहस का उपसंहार करते हुए लिखा है  -

लाल चौक पर तिरंगा! बहस का समापन
१-स्पष्ट है यहाँ विमर्श रत लोग अपने अपने निहितार्थों के चलते वैचारिक खेमे बना लिए हैं ....कुछ को तो जम्मू कश्मीर सरकार का ब्रैंड अम्बेसडर पद आसानी से हासिल हो जाएगा ..और उन्हें बिना देर आवेदन कर देना चहिये .......
२-कुछ भावना विहीन लोग लोगों की सहज भावनाओं का मजाक उड़ाते फिर रहे हैं -यह भूल गए की इसी झंडे के लिए कितनी जाने लोगों ने न्योच्छावर कर दी ....शहीद सैनिक का शव इसी तिरंगे में यूं ही नहीं सहेजा जाता  .... आधुनिक वृहन्नलाओं की पहचान ऐसे ही मौकों पर होती हैं...
३-यहाँ सायास अयोध्या का मुद्दा लाने की भी कोशिश हुयी है -मन का चोर सारे राज खोल रहा है -स्पष्ट है कुछ लोग गहरे ब्रेन वाश हो चुके हैं -निज समाज पहचान से कटे हुए भ्रमित लोग ..जिनसे सचमुच समाज राष्ट्र को कोई   अपेक्षा नहीं करनी चाहिए
४-अध्ययन ,वक्तृता का ऐसा पतन कहीं माँ सरस्वती को भी गहरा सदमा देता ही होगा -
..सर धुन गिरा लाग पछताना
अंततः
जिसको न निज गौरव तथा निज देश का अभिमान है वह नर नहीं है पशु निरा है , और मृतक समान है ! ...

और मृतकों से कैसा संवाद ?

 मित्रों संविधान के अपमान को ,अपने तिरंगे के अपमान को हम कैसे बर्दाश्त कर सकते हैं -झंडा संहिता भी तार तार हो गयी ..आज तो यह तात्कालिक प्रतिक्रिया है ..हम इस मुद्दे पर सिलसिलेवार जल्दी कुछ लेकर आ रहे हैं ..तनिक इंतज़ार करिए ....


मंगलवार, 25 जनवरी 2011

तिरंगे का अपमान हमारा खुद का अपमान है ....


जम्मू कश्मीर के दो झंडे हैं -एक राज्य का झंडा और दूसरा झंडा है अपना तिरंगा! अपने तिरंगे को वहां दोयम दर्जा मिला हुआ है. लाल चौक पर हमारे आन  बान शान   की निशानी तिरंगे को  फहराने को  लेकर गतिरोध  कायम है -मुल्ला उमर  कृत -संकल्पित हैं कि वे इसे फहराने नहीं देंगे और वह भी गणतंत्र दिवस के दिन ..यह एक दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है ....मतलब हम अपने ही देश में अपना तिरंगा नहीं फहरा सकते ...मुट्ठी भर अलगाववादियों के आगे वहां की सरकार ने घुटने टेक दिए हैं ....नए नए तर्क गढ़े जा रहे हैं ..नई पेशबंदियाँ और दुरभिसंधियाँ बन रही है ..सारा राष्ट्र इसे बेबसी और बेकसी से देख रहा है ..यह भारत की संप्रभुता पर फिर एक प्रहार है.

ब्लॉगर मित्रों ,ऐसे समय शुतुरमुर्गी व्यवहार के नहीं होते ..एक राष्ट्रवादी होने के नाते आप इसका विरोध नहीं करते तो  आप अपनी मातृभूमि और अपने जमीर के साथ धोखा करते हैं ...अन्यान्य विमर्श तनिक स्थगित कीजिये ..राष्ट्र के आह्वान पर कुछ तो बोलिए ..यह समय चुप रहने का नहीं है मुखर हो जाने का है ... अगर हम लाल चौक पर तिरंगा नहीं फहरा सके तो स्वतंत्र भारत का यह काला दिन होगा ....चाहे जो भी हो, अपने ही देश में  अपने स्वाभिमान के प्रतीक झंडे को सम्मान न दिला पाने के विरोध में दिए गए सारे तर्क भोथरे हैं ....

मुझे याद है १९९२ में मुरली मनोहर जोशी ने महज यह सन्देश देने के लिए कि कश्मीर भारत का ही एक अविभाज्य अंग है लाल चौक और फिर १९९३ में गणतंत्र दिवस पर कन्याकुमारी में  गांधी मंडप पर  तिरंगा फहराया था ..मेरा सौभाग्य था कि मैं उस समय कन्याकुमारी में मौजूद था ...सच मानिए मित्रों रोम रोम पुलकित हो गया था -यह अनुभूति ही कि कश्मीर से  कन्याकुमारी तक  भारत एक है मन  प्राण को एक उमंग और रोमांच से भर देता है ...यह यात्रा भारत की एकात्मता की प्रतीक यात्रा थी ...एक सन्देश कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक हम एक हैं ...ऐसे क़दमों  के राजनीतिक निहितार्थ भले हों मगर इनका एक मकसद निश्चित ही अलगाव वादी ताकतों के सामने अपनी एक जुटता प्रदर्शित करने का है ..

न न मित्रों यहाँ कोई लफ्फाजी नहीं है बस आपसे एक अपील कि चुप न रहिये मुखर होईये और लाल चौक पर तिरंगा फहराने का विरोध करने वालों के विरुद्ध जनमत तैयार कीजिये -तिरंगे का अपमान हमारा खुद का अपमान है ....

मेरी ब्लॉग सूची

ब्लॉग आर्काइव