अभी तक जिन चन्द चिट्ठाकारों के व्यक्ति चित्र मैंने यहाँ उकेरा है उनमे कोई महिला ब्लॉगर नही है -अब कहीं पंच लोग मुझ पर नारी द्वेषी (मीसोजिनिस्ट ) होने की तोहमत न मढ़ने लगें तो यह सर्वथा उचित ही है कि मैं फिलवक्त एक महिला ब्लॉगर को इस पुनीत कर्म के लिए चुन लूँ -पर किसे ? मेरी यह उधेड़बुन कई दिनों से "कस्मै देवाय (बल्कि देवियाय ) हविषा विधेम " की तर्ज पर मुझे सताती रही है पर आज इस ब्रह्म मूहूर्त में फैसला हो ही गया -वे और कोई नही बल्कि
रंजना भाटिया उर्फ़ रंजू भाटिया ही हो सकती हैं -वह पहली महिला ब्लॉगर मैं जिनके व्यक्ति चित्र को यहाँ उकेरने का स्वयं प्रदत्त सौभाग्य हासिल कर रहा हूँ .पर पहले रंजना भाटिया ही क्यों ?
जी हाँ ,रंजना भाटिया ही क्यों ? मैं जानता हूँ कि कई नियमित चिट्ठाकार इस प्रश्न पर ही प्रतिप्रश्न कर बैठेंगे कि
आख़िर रंजना भाटिया क्यों नहीं ? और उनका प्रतिप्रश्न सचमुच सर्वथा उचित ही होगा ! रंजना भाटिया जो अपने को
रंजू के उपनाम से संबोधित होना ज्यादा पसंद करती हैं एक नियमित और सम्मानित ब्लॉगर की हैसियत काफी पहले ही हासिल कर चुकी हैं -उन्होंने
कुश के साथ काफी भी पी है और
बकलम ख़ुद की भी एक प्रमुख हस्ताक्षर हैं .तो ऐसे किसी नामी गिरामी चिट्ठाकार को चयन करने का कोई खतरा भी नही है और मेरे कई कल्पनाशील ब्लॉगर मित्रों को कोई ऐसा वैसा कयास लगाने का मौका भी नहीं मिलेगा । और आगे दीगर महिला ब्लागरों की चर्चा का मार्ग भी सहज ही प्रशस्त हो जाएगा । कुछ लोगों का जीवन हमेशा दूसरों के लिए ही होता है -
परमारथ के कारने साधुन धरा शरीर .....यह कुदरत का पता नही कैसा परिहास है -अब देखिये न रंजू जी मेरी पहली चिट्ठाकार चर्चा महिला ब्लॉगर बन कर मेरे लिए आगे की महिला ब्लॉगर चर्चा की ढालभी बन गयी हैं । सारी रंजू जी !
मैंने लंबे समय से रंजू भाटिया की मर्यादित और सयंमित उपस्थिति ब्लाग जगत में देखी है -शायद वे अकेली महिला ब्लॉगर हैं जिन्होंने बिना किसी प्रायोजित मकसद के अपनी साहित्य साधना को यहाँ आभासी जगत में भी बनाए रखा है -यह उनकी कालजयिता को लेकर आश्वस्त करता है -वे एक अच्छी पाठक भी हैं -अब व्यापक विषय वैविध्य लिए इस चिट्ठाजगत में उनकी टिप्पणी -उपस्थिति यत्र तत्र सर्वत्र दिखती रहती हैं .हालांकि वे जिस विधा की समर्पित सर्जनाकार हैं -
प्लूटानिक प्रेम ,वह मेरे भेजे में ज्यादा नही घुसता पर यह
कमी
मेरी है! अब लंबे समय से विज्ञान की साधना में रत रहे किसी अदने से व्यक्ति को प्रेम की उचाईयों की परख भी कैसे हो सकती है ?
वस्तुनिष्ठता के बोझ से सदैव आक्रान्त व्यक्ति विषयनिष्ठता में गहरे डूब भी कैसे सकता है .कहीं डूब गया और ऊपर नहीं आ सका तो ?
रंजू जी अमृता प्रीतम की फैन रही हैं बल्कि मुझे तो कभी कभी लगता है वे अमृता की ही कोई कुम्भ मेले की बिछुड़ी जुड़वा बहन ही है -उनकी साक्षात यशः काया हैं, उनकी साहित्यिक विरासत की ही पुंजीभूत मलिका हैं ! प्रेम की रूहानी ऊँचाईयों तक पहुँच कर क्षण प्रतिक्षण उसी के वशीभूत हो रहना हर किसी अस्थि चर्म मय देह वालों के लिए सम्भव नहीं ! पर रंजू जी का यह सहज जीवन ही है .
वे साहित्य के कई रूपों की प्रतिनिधि ब्लॉग लेखिका है पर मूलतः कवि हैं -कवयित्री हैं ! अभी अभी उनका काव्य संग्रह
साया प्रकाशित हुआ है और प्रशंसित हो रहा है .अपने एकमात्र एकल ब्लॉग
कुछ मेरी कलम से के साथ ही वे दर्जनों सामूहिक चिट्ठों को अपनी सृजनात्मक प्रतिभा से समृद्ध कर कर रही हैं .और मैं तो उनका सचमुच फैन हो गया हूँ जब से उन्होंने साहित्यिकता को ही एक विस्तृत फलक देकर
साईंस ब्लॉगर असोसियेशन आफ इंडिया पर भी डेबू किया और अंटार्कटिका पर
यह बेहतरीन दो अंकीय लेख लिखा है -कौन कहता है कि साहित्यकार विज्ञान संचार नहीं कर सकते ? बल्कि वे शायद बेहतर तरीके से कर सकते हैं क्योंकि उन्हें संवाद का सलीका वैज्ञानिकों से बेहतर आता है -वे शब्द कृपण नही शब्द समृद्ध होते हैं ! संचार के गुर और बारीकियों की उन्हें बेहतर समझ रहती है .आप रंजना जी के अन्टार्कटिका लेख को पढ़ ख़ुद फैसला कर लें ।
चिट्ठाजगत को इस सम्मानित ब्लॉगर से बड़ी अपेक्षाएं हैं -मुझे तो कुछ अधिक ही हैं -क्योंकि मैं यह दावा कर सकता हूँ कि मुझे इस बड़ी शख्सियत की अंतर्निहित क्षमता का पूरा भान है । ये अपनी पूरी रचनात्मक ऊर्जा के साथ हिन्दी ब्लॉग जगत को उत्तरोत्तर समृद्ध कर रही हैं निर्विवाद और निर्विकार ! और ऐसे ही प्रयासों को ही लम्बी उत्तरजीविता मिलती है -प्रायोजित प्रयास मिटी के ढूहों और पानी के बुलबुलों के मानिंद क्षणिक जीवी होते हैं -काल के विस्तीर्ण फलक पर उनका नामशेष भी नही रह जाता कोई नामलेवा भी नहीं रहता ।सभी में समभाव , "सकल राममय " की लोकहित कामना और समर्पित सेवाभाव ही यादगार बनता है -नहीं तो "रहा न कुल कोऊ रोवन हारा " की बेकली गले आ पड़ती है .रंजू जी की साहित्यसेवा को मैं " भाषा भनिति भूति भल सोई ,सुरसरि सम सब कर हित होई " के ही निकष पर देखने परखने का आकांक्षी हूँ ! (
अब एक साहित्यकार के बारे में जब कुछ लिख रहा हूँ तो ऐसे कुछ उद्धरण देना मजबूरी हो जाती है ना भाई लोगों/लुगाईयों ! फिर रंजना जी को थोड़ा इम्प्रेस भी तो करना है ना ! और कुछ डांट फटकार न मिले- क्राईसिस मैनेज भी तो करनी है ! कुछ समझा भी करिए ! ) आईये इस अदम्य ऊर्जा और दृढ़ संकल्पी नियमित और सयंमित ब्लॉगर का अभिनन्दन करें !