आठो चैती समारोह
अभी उस दिन मनोज का सुबह सुबह फोन आया , "भैया इस बार आपको आठो चैती समारोह में आना है -पिछली बार आपके न आने से मजा नही आया " आप मनोज से मिले नही हैं उनकी पी आर क्षमता इतनी जबरदस्त है कि अपनी बात से सामने वाले को कब वशीभूत से कर लेते हैं उसे पता ही नही चलता ! अपनी इस नैसर्गिक अमोघ शक्ति का वे गाहे बगाहे अपने सगे सम्बन्धियों पर भी इस्तेमाल करने से नही चूकते और आप जरा भी असावधान हुए तो उनके मोहपाश में बधे ! वैसे तो मैं उनकी इस मारकता से सावधान हो चला हूँ मगर कभी कभी फँस ही जाता हूँ ! जैसा इस बार हुआ और जब तक संभल पाता उनके आत्मीयता से भरी मनुहार में मैंने हामी भर दी !
इन दिनों निर्वाचन की घोषणा के चलते मुख्यालय से बाहर बिना जिला निर्वाचन अधिकारी की अनुमति के प्रस्थान की सख्त मनाही है -बहरहाल आठो चैती का आह्वान और मनोज की मनुहार भारी पडी और मैं लोक परम्परा के इस महोत्सव में भाग लेने को देर शाम से ही आख़िर सपरिवार चल ही पडा .मगर इसके पहले मनोज को आने की हामी के फौरन बाद मैंने चिट्ठाजगत में कुछ लोक गीतों ( फाक सांग्स ) को ढूँढना चाहा तो एक जगह होली गीतों का एक पूरा जखीरा ही मिल गया -सौजन्य अनूप शुक्ल जी और मनीष कुमार जी ! और इसमें भी मैंने जो नायाब मोती चुना वह यह रहा -सौजन्य यूनुस जी !
मैंने इस गीत को मनोज को तुंरत भेजा और शाम तक यह गीत स्थानीय गायक श्री बजरंगी सिंह ने कंठस्थ ही नही किया औपचारिक रूप से गीत सगीत प्रेमियों के सम्मुख सुना भी दिया !और जबरदस्त वाहवाही बटोरी. यह भूत पिशाचों के मुखिया शंकर जी द्वारा एक अनूठे ढंग से होली खलने की अद्भुत संकल्पना है ! आप भी सुन सकते हैं -थोड़ा ध्यान देंगें तो समझ भी लेंगें और होठों पर मुस्कान भी तिर आयेगी ! शंकर जी बिचारे बिना रंगों के ही होली खेल रहे हैं -उनके पास चिता भस्म की झोली और विष पिचकारी से लैस सापों की फौज तो है ही ना और यह होली श्मशान मेंहों रही है -सावधान ,बस सुन भर लीजिये पास जाने की जुर्रत मत कीजियेगा ! अभी आप वहाँ जाने के लिए अर्ह ही कहाँ हुए ?
भाव विभोर श्रोता
बहरहाल आयोजन जबर्दस्त रहा -आठो चैती यानि फागुन के बीतने के बाद के नए माह चैत के आठ दिन भी होली की खुमारी छाई रहती है और इसी उपलक्ष में यह आयोजन पूर्वांचल में लोकप्रिय है और इसमें होली के कई लोक गीत -फगुआ , चौताल ,चहका ,उलारा ,बेलवैया आदि तो मनोयोग से गाये और सुने जाते हैं मगर चैता का भी स्वर भी अब इसमें आ मिलता है ।
यह कार्यक्रम मेरे पैत्रिक निवास पर कब से बिना किसी नागा के नियमित चला आ रहा है मुझेभी ठीक ठीक नही मालूम -मगर खुशी है कि जब अनेक सांस्कृतिक परम्पराएँ मिट रही हैं यह कार्यक्रम अभी भी कहीं जीवंत है -क्या ही अच्छा होता मैं आप को अगली बार बुलाता और आप सभी इस चिरन्तन लोक परम्परा के साक्षी बनते -देखिये अगली बार तक एक ब्लॉगर मीट वहाँ संयोजित हो ही न जाय ! कहते हैं सत संकल्प अवश्य पूरे होते हैं तो क्या आप आयेंगें अगली बार इस लोक परम्परा की रौनक बढानें ?




