शुक्रवार, 20 मार्च 2009

आईये एक लोकोत्सव में चलें !


आठो चैती समारोह
अभी उस दिन मनोज का सुबह सुबह फोन आया , "भैया इस बार आपको आठो चैती समारोह में आना है -पिछली बार आपके न आने से मजा नही आया " आप मनोज से मिले नही हैं उनकी पी आर क्षमता इतनी जबरदस्त है कि अपनी बात से सामने वाले को कब वशीभूत से कर लेते हैं उसे पता ही नही चलता ! अपनी इस नैसर्गिक अमोघ शक्ति का वे गाहे बगाहे अपने सगे सम्बन्धियों पर भी इस्तेमाल करने से नही चूकते और आप जरा भी असावधान हुए तो उनके मोहपाश में बधे ! वैसे तो मैं उनकी इस मारकता से सावधान हो चला हूँ मगर कभी कभी फँस ही जाता हूँ ! जैसा इस बार हुआ और जब तक संभल पाता उनके आत्मीयता से भरी मनुहार में मैंने हामी भर दी !

इन दिनों निर्वाचन की घोषणा के चलते मुख्यालय से बाहर बिना जिला निर्वाचन अधिकारी की अनुमति के प्रस्थान की सख्त मनाही है -बहरहाल आठो चैती का आह्वान और मनोज की मनुहार भारी पडी और मैं लोक परम्परा के इस महोत्सव में भाग लेने को देर शाम से ही आख़िर सपरिवार चल ही पडा .मगर इसके पहले मनोज को आने की हामी के फौरन बाद मैंने चिट्ठाजगत में कुछ लोक गीतों ( फाक सांग्स ) को ढूँढना चाहा तो एक जगह होली गीतों का एक पूरा जखीरा ही मिल गया -सौजन्य अनूप शुक्ल जी और मनीष कुमार जी ! और इसमें भी मैंने जो नायाब मोती चुना वह यह रहा -सौजन्य यूनुस जी !

मैंने इस गीत को मनोज को तुंरत भेजा और शाम तक यह गीत स्थानीय गायक श्री बजरंगी सिंह ने कंठस्थ ही नही किया औपचारिक रूप से गीत सगीत प्रेमियों के सम्मुख सुना भी दिया !और जबरदस्त वाहवाही बटोरी. यह भूत पिशाचों के मुखिया शंकर जी द्वारा एक अनूठे ढंग से होली खलने की अद्भुत संकल्पना है ! आप भी सुन सकते हैं -थोड़ा ध्यान देंगें तो समझ भी लेंगें और होठों पर मुस्कान भी तिर आयेगी ! शंकर जी बिचारे बिना रंगों के ही होली खेल रहे हैं -उनके पास चिता भस्म की झोली और विष पिचकारी से लैस सापों की फौज तो है ही ना और यह होली श्मशान मेंहों रही है -सावधान ,बस सुन भर लीजिये पास जाने की जुर्रत मत कीजियेगा ! अभी आप वहाँ जाने के लिए अर्ह ही कहाँ हुए ?

भाव विभोर श्रोता

बहरहाल आयोजन जबर्दस्त रहा -आठो चैती यानि फागुन के बीतने के बाद के नए माह चैत के आठ दिन भी होली की खुमारी छाई रहती है और इसी उपलक्ष में यह आयोजन पूर्वांचल में लोकप्रिय है और इसमें होली के कई लोक गीत -फगुआ , चौताल ,चहका ,उलारा ,बेलवैया आदि तो मनोयोग से गाये और सुने जाते हैं मगर चैता का भी स्वर भी अब इसमें आ मिलता है ।

यह कार्यक्रम मेरे पैत्रिक निवास पर कब से बिना किसी नागा के नियमित चला आ रहा है मुझेभी ठीक ठीक नही मालूम -मगर खुशी है कि जब अनेक सांस्कृतिक परम्पराएँ मिट रही हैं यह कार्यक्रम अभी भी कहीं जीवंत है -क्या ही अच्छा होता मैं आप को अगली बार बुलाता और आप सभी इस चिरन्तन लोक परम्परा के साक्षी बनते -देखिये अगली बार तक एक ब्लॉगर मीट वहाँ संयोजित हो ही न जाय ! कहते हैं सत संकल्प अवश्य पूरे होते हैं तो क्या आप आयेंगें अगली बार इस लोक परम्परा की रौनक बढानें ?

बुधवार, 18 मार्च 2009

कुछ समाज सेवा भी तो की जाय !

एक बात पहले ही साफ कर दूँ इस पोस्ट को कृपा कर आत्मश्लाघा या प्रचार के रूप में बिल्कुल न लिया जाय -बल्कि उन बातों पर गौर किया जाय जो यहाँ उठायी जा रही हैं .मनुष्य में अपनी जाति रक्षा की भावना कूट कूट कर भरी हुयी है तथापि यह आश्चर्यजनक है कि इसका प्रगटीकरण दुर्लभ सा हो गया है .जिस समाज से हम पल बढ़ कर आगे आते हैं उसे क्या कुछ वापस भी कर पाते हैं -उपकार ,प्रत्युपकार मनुष्य की एक बड़ी विशिष्टता है ! एक और श्रेणी है जो बिना प्रत्युपकार की इच्छा के भी लोगों की सेवा करती है -गीता में ऐसे लोगों को सुहृद शब्द दिया गया है यानी जो प्रत्युपकार की बिना आशा के मानवता का उपकार करता रहे वह सुहृत /सुहृद है ! अजितवडनेकर जी इस शब्द पर अधिक प्रकाश डाल सकेंगें ! अस्तु !


हममें में से तमाम लोग अति क्षुद्रता के स्तर तक उतर कर जीवन भर केवल अपने और बाल बच्चों की क्षुधापूर्ति में रह जाते हैं तरह तरह के हथकंडे अख्तियार करते हैं ,भ्रष्ट आचरण में लिप्त रहते हैं और यह नही सोचते कि उनका एक और दायित्व है कुछ समाज को देने का भी -समाज सेवा का भी ! वैसे समाज सेवियों के नाम पर सफेदपोशों और दलालों की एक बड़ी फौज हमें दिख जाती है और उनके निमित्त ही इन दिनों एक बड़े अश्वमेध की तैयारी भी जोरो पर है ! मैं उनकी बात नही कर रहा जो समाज सेवा के नाम पर मेवे खा रहे हैं -मैं सीधे आपकी बात कर रहा हूँ जो समाज सेवा के लिए ईमानदार जज्बा तो रखते हैं पर अक्सर यह नही सोच पाते कि शुरुआत कैसे करें , कहाँ से करें ! यह असमंजस सहज ही है पर इससे उबरने का एक आसान सा रास्ता अंगरेजी की एक उक्ति सुझाती है -चैरिटी बिगिन्स एट होम ! यानी हर अच्छे काम की शुरुआत अपने घर से ही क्यों नही ?

चिकित्सक परिचय -डॉ वर्मा बाएँ से तीसरे

और मैंने ,मेरे परिवार ने एक ऐसी ही विनम्र , टिट्टिभ प्रयास अभी कुछ दिनों पहले ही किया है .अवसर था मेरे पितामह पंडित उदरेश मिश्र जी के पुण्य दिवस पर एक निशुल्क चिकित्सा शिविर के आयोजन से जिसमें मेरे जौनपुर स्थित पैत्रिक गाँव तेलीतारा और इर्द गिर्द के गावों के लगभग ३०० रोगियों ने निदान और चिकित्सा ,मुफ्त में औषधियों के वितरण का लाभ उठाया ! चिकित्सा शिविर ही क्यों ? इसके लिए आपको मेरे पितामह के बारे में थोड़ा जानना होगा !

दवाओं की जांच परख
".........मझोले -साँवले कद के पंडित उदरेश मिश्र पित्रिश्री की भांति पूर्णतः भारतीय वेश धारक तो नही थे ,पर पाशचात्यता की आस्थाहीनता एवं आयुर्वेदिक भैषज्य की शक्तिमता को वे भी सकारते थे .वे एक बडे घोडे पर दवा के साथ चलते थे .देखते ही लोग चरण स्पर्श के लिए टूट पड़ते थे ...........उन दिनों नाडी पकड़ते ही शुल्क देयता की प्रथा नही थी -सामान्य औषधियां तो वे बिना किसी प्रतिदान की आशा के ही वितरित करते जाते थे .तब देशी औषधियां धनी लोगों के व्यय पर बनती थी और दीन जनों और साधन हीनों में वितरित होती थी ......अपने क्षेत्र के प्रख्यात वैद्य उदरेश मिश्र का ९० वर्ष की अवस्था में ३ मार्च १९९३ को निधन हो गया ..........." यह शब्द चित्र हैं पूर्वांचल के प्रख्यात कवि साहित्य वाचस्पति श्रीपाल सिंह क्षेम के जो राजेन्द्र स्मृति -डॉ राजेन्द्र प्रसाद मिश्र स्मृति ग्रन्थ में संग्रहीत हैं !

महिलायें अपनी पारी की बाट जोहती


तो यह कार्यक्रम मेरे बाबा जी की पुण्य स्मृति में आयोजित हुआ .हम लोगों ने इसके लिए पूरे साल भर पैसे बचाए ! कोई ज्यादा नही कोई १५००० रूपये ! योगदान किया -मेरे अनुज डॉ . मनोज मिश्र ,बेटे कौस्तुभ ,बेटी प्रियेषा ने अपने जेब खर्च में कटौती करके ,पत्नी संध्या ने मेरी भावना समझ कर अतीव उदारता दिखा कर मासिक बजट से -सभी ने कुछ न कुछ बचाया और योगदान किया ! पर मेरे कभी रूममेट रहे और कालांतर में के जी एम् सी लखनऊ से एम् डी करने वाले ह्रदय रोग विशेषग्य ,मेरे परम सनेही डॉ राम आशीष वर्मा और उनके चिकित्सीय दल के योगदानके बिना यह सम्भव नही था जिन्होंने मेरे अनुरोध पर इस "नेक" काम के लिए अपनी पूरे दिन की प्रैक्टिस तो छोडी ही दवा कम्पनियों से हजारों रूपये की दवाएं अनुदान स्वरुप दिलवायीं ! जो रोगियों में मुफ्त वितरित हुईं -देखिये आपका कोई अच्छा संकल्प किस तरह लोगों की अहैतुक सहायता से फलीभूत हो उठता है -आज भी अच्छे लोगों की कमी कहाँ है ?

आप भी समाज सेवा की कोई भी छोटी सी शरुआत करें तों ......... मगर बिल्कुल निश्वार्थ .....किसी भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष लाभ की भावना से अलग होकर ही ....

अब जरा इन आंकडों को भी देख लें जिन्हें मेरी बिटिया ने तैयार किया है -
शिविर में ५७ प्रतिशत रोगी गठिया और वात रोग से पीड़ित थे ! ब्लड प्रेशर ह्रदय रोग के १७ प्रतिशत ,श्वास रोग फेफडे के १३ प्रतिशत और शेष १३ अन्य रोगों से ग्रसित थे ! महिलाओं की लगभग आधी संख्या थी !

शुक्रवार, 13 मार्च 2009

चिंता मत कीजिये बनारस में सब अमन चैन है !

बनारस : फिर से अमन चैन वापस !

आज सुबह से ही मुझे ईष्ट मित्रों ,सगे सम्बन्धियों के देश विदेश से फोन आ रहे हैं -यह जानने के लिए की बनारस में क्या हुआ है ? दरअसल बनारस में होली के रंग में थोडा भंग पड़ गया -
टाईम्स आफ इंडिया का यह समाचार शीर्षक देखिये -"Two killed: several hurt in police firing " और अमर उजाला का यह शीर्षक -"शुक्र है पूरे शहर में आग नहीं लगी " अमर उजाला आगे लिखता है कि 'होली के उमंग में बुधवार को लोग रंगों से सराबोर हो रहे थे कि बजरडीहा स्थित एक उपासना स्थल पर रंग के छीटे पड़ जाने से माहौल बिगड़ गया । उत्तेजित भीड़ पथराव करने लगी .कई पुलिस कर्मीं लुहूलुहान हो गये। पुलिस को फायरिंग करनी पड़ गयी -अंततः काशी की धरती को अपने ही दो बेटों के रक्त से स्नानं करना पडा ! हालात को देखते हुए क्षेत्र में १२ घंटे का कर्फ्यू लगा दिया ! ........"
बहरहाल अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है और सबसे राहत की बात है कि अफवाहों पर भी विराम लग गया है जिससे कल तक पूरा शहर त्रस्त था ! आज शहर में महामहिम राष्ट्रपति जी भी आयी हुयी हैं जो बी एच यूं में दीक्षांत समारोह में भाग लेंगीं और कल बाबा विश्वनाथ जी के दर्शन पूजन के उपरांत वापस जायेंगीं ! इस तरह जिला प्रशासन के समक्ष दुहरी चुनौती थी -साम्प्रदायिक तनाव से शहर को मुक्त रखना और महामहिम की उपस्थिति में शान्ति व्यवस्था को बनाए रखना ! जिला प्रशासन की प्रशंसा करनी होगी कि अपनी सूझ बूझ से उसने फौरी तौर पर स्थति को नियंत्रित किया ! यहाँ के जिलाधिकारी श्री ऐ के उपाध्याय आई .ए .एस . ने अपनी सूझ बूझ और त्वरित कार्यवाही ,गणमान्य लोगों से मुलाकात ,वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ नगर का गहन भ्रमण करके यथाशीघ्र स्थिति को सामान्य बनाने में प्रशंसनीय भूमिका निभायी !
हम लोगों की होली की छुट्टियां सहसा रद्द हो गयीं -मोबाईल फोन घनघना उठे -ऐसा भी हुआ कि पिचकारी का आधा रंग पिचकारी में ही रह गया और हम सब मौके की नजाकत को भांप कर अपने नियुक्ति स्थानों पर दौड़ पडे ।४८ घंटे से ऊपर बीत गएँ हैं -रात दिन चक्रमण करते गुजरा है -मैं जिस जगह था वह भी अति संवेदनशील रहा -जब तब यह ख़बर आती रही यहाँ वह हो गया वहां यह हो गया पर जाकर देखने पर सब अफवाह ही साबित हुआ !
अफवाहों से माहौल और खराब होता है .यह भी बताता चलूँ कि जिस बात /ख़बर की पुष्टि न हो सके वह अफवाह है !
तो अब सब यहाँ ठीक से है .बाबा की नगरी में पूरी तरह से अमन चैन कायम है ! आप निश्चिंत हो लें और हाँ मैं भी बिल्कुल ठीक से हूँ मगर ड्यूटी से अभी भी मुक्त नहीं -यह आप लोगों का स्नेह है जो बीच बीच में ब्लागजगत में खींच ला रहा है ! इसी के जरिये लोगों को ओके रिपोर्ट भी तो देनी थी ना ?

बुधवार, 4 मार्च 2009

होली है, कबीरा सररररर ! (एक वर्जिन चिन्तन !)

होली का माहौल ब्लॉग जगत में बनने लगा है - और यह संक्रामक है ! दिन चौगुनी रात आठगुनी गति से यह पूरे हिन्दी और भारतीय चिट्ठाविश्व को समेट लेगा -मैं सोचता हूँ कि इस धमाचौकडी के परवान चढ़ने के पहले अपने कुछ निहायत (वाहियात ) किस्म के वर्जिन चिंतन आपसे साझा कर लूँ ! नर नारी कोई संकोच न करें एक तो यह होली की पोस्ट है दूसरे आप दोनों ही जहान के विचार इस मुद्दे पर मौंजू है ! तो आईये इस होली चिंतन में शरीक होईये !

याद है बचपन में जब पूरे गाँव के इज्जतदार बड़े बुजुर्ग गाँव के निर्जन किनारे पर होली जलाने रात में पहुँचते थे तो होलिका दाह कर्म पूरा होने के बाद एक पतला लंबा सा शख्स पता नहीं क्या जोर जोर से गाने सी आवाज में व्यक्त करता था फिर कुछ और लोग भी उसी हुँवा हुँवा में शामिल हो जाते थे ! हर साल का किस्सा यही रहता था ! अब बचपन में यह सब समझ में नही आता था -आठवीं कक्षा के आते आते लैंगिक संदर्भों का मूल ज्ञान होने लग गया था और फिर तो सहसा होली जलाने के बाद के वे समूह गान भी समझ में आने लग गए और मैं बडे बुजुर्गों के सामने शील संकोच से दुहरा होने लग गया -यह गनीमत थी कि उन दिनों होली के प्रकाश के बुझते ही अंधेरे में किसी बड़े बुजुर्ग -बाबा जी ,पिता जी ,चाचा ,काका आदि से आँखे नही मिलती थी और छुपते छुपाते घर आकर कम्बल /रजाई में दुबक लेता था ! अगली सुबह उन सबके सामने भी जाने में हिचक होती थी पर धीरे धीरे सब कुछ सामान्य हो जाता था !

आख़िर उस समूह गान में होता क्या था जिसकी शुरुआत एक वह लीजैण्डरी मैन करता था ? दरअसल वह एक लोक गायन कबीरा की शुरुआत करता था --सुनाने वाले का नाम था बिज्जल जो समाज के कथित निचले वर्ग से थे और लोग उसे सबसे पहले उस लोक गायन की शुरुआत को उकसाते थे ! मत पूँछिये वह कितना अश्लील होता था ! सारे पुरूष और नारी के मूलांगो के अभिधात्मक उल्लेख के साथ ही नर नारी के अनेक गोपन सम्बन्धों ,क्रीडाओं की विविधता और गाँव के फंटूस लोगों लुगायियों के कल्पित सम्बन्धों पर वह तफसरा पेश होता था कि आप यहाँ एक भी झेल नहीं सकते !

जबकि अब यह हिन्दी ब्लागजगत भी ऐसे रूमानी गीत -कबीर /कबीरा के लिए बहुत रिच रा - मटेरियल मुहैया करा रहा है -गाये गए कबीरा में ग्राम्यजन की दमित कामेच्छा शायद एक दिन /रात खुल कर प्रगट होती थीं -और उनकी सेक्स फंतासियाँ भी खुल कर अभिव्यक्त होती थीं ! कोई बिल्कुल भी बुरा नहीं मानता था ! बल्कि उस पल और भी संकोची लोगों को भी कोंच कोंच कर कबीर बोलने को उकसाया जाता था ! कुछ अनगढ़ कबीर बोलने वाले पर ठहाके भी गूजते थे ! किसी को टारगेट भी बनाया जाता था जो सामजिक कामों में हिस्सेदारी के बजाय ज्यादा घर में ही घुसा रहता था !

कबीरा की शुरुआत का वाक्य ही कबीरा सरररर से होता था और अंत भी उसी से ! आज भी यह प्रथा है तो मगर वह जीवन्तता नहीं रह गयी .पिछली बार होली में घर जाने का मौका मिल गया था तो देखा कबीर गाने वाला ही कोई नही रह गया -बिज्जल को स्वर्गवासी हुए भी जमाना गुजर गया ! आज समझ में आता है कि उस एक रात हम परिपक्व होने के पावदान पर अगला कदम रख देते थे ! अनावश्यक संकोच को दूर भगाते थे -वह एक ऐसा रैगिंग सत्र था जो अभिभावकों के ठीक सामने और उनकी देखरेख में होता था -शब्द चित्रों के श्लेष धीरे धीरे समझ में आते जाते थे !

मदनोत्सव की वह शुरुआत सहसा ही याद हो आयी -कबीर की उद्धतता ,साफगोई और बेलौस बोलने के गुणों के चलते उस लोक पर्व के गीत को उचित ही कबीर के नाम पर रख दिया गया ! पर तब भी कथित भद्र लोग उसे बोलने /शुरुआत करने को किसी निचले तबके के बिज्जल सरीखे व्यक्ति को चुनते थे और ख़ुद बडप्पन की आड़ में मजा लेते थे ! माना तो यह भी जाता है न कि होली और रंग वंग हमेशा से निचले तबके का ही त्यौहार रहा है और रोचक तो यह है कि कबीर भी आज गाँव गिरांव के निचले तबके में या तो फिर उच्च विद्वानों में ही ज्यादा प्रिय हैं !
चलिए इस वर्ग भेद को भूल कर हम अपने इस प्रिय ब्लागजगत के सारे गिले शिकवे भूल कर नई स्फूर्ति और चेतना के साथ होली को मिल जुल आ गले लग जा के आह्वान के साथ मनाएं !
कबीरा सरररर ........!

शनिवार, 28 फ़रवरी 2009

चिट्ठा सागर में अरमानों की नाव लिए ये जा रहा है कोई चिट्ठाकार!

चिट्ठाकार चर्चा -आख़िर चयन का मानदंड क्या हो ? मैं भी इस प्रश्न भवर से निकल नहीं पा रहा हूँ ! और दिन हैं कि पलक झपकते बीत जाते हैं और अगली चर्चा शुरू करने को उकसाने लगते हैं -और फिर मन उसी अदि प्रश्न का टेक पकड़ लेता है -'कस्मै देवाय हविषा विधेम ? " आख़िर किसकी खोज खबर लूँ ! अब हिन्दी ब्लागाकाश या चिट्ठासागर में नित नये नये सितारों /मीनिकाओं का जलवाफरोश हो रहा है -आँखें चुधियाँ रही हैं ! और मुझे देर सबेर जहाँ तक सम्भव हुआ इन सितारों /मीनिकाओं का खैर मकदम तो करना ही है ! अब तक कई नामचीन चिट्ठाकार इस चट्ठे को अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आलोकित भी कर चुके हैं ! मैं सोचता रहा कि इस बार क्यूं न किसी होनहार चिट्ठाकार की चर्चा न कर ली जाय !

..तो शुभ संकल्प है कि आज युवा चिट्ठाकार अभिषेक मिश्र के बारे में थोड़ी चर्चा कर ली जाय जो अभी अभी रांची के चिट्ठाकार मिलन से खट्टी मीठी यादों के साथ लौटे हैं और मुझे थोड़ा शक है कि पूरा दिल बिचारे का सही सलामत लौटा है या नहीं भी ! इस उम्र में ऐसा होना और वह भी ख़ास तौर पर सीधे साधे से युवाओं के साथ सहज ही है ! मुझे शिद्दत के साथ लगता रहा है कि कतिपय मामलों में हम और अभिषेक सरीखे पुरुषों के साथ ऐसा जीवन के अन्तिम सोपान तक होता आया है और होता रहेगा -यही तो चिरन्तन व्यथा है ! पुरूष व्यथा ! पर फिर भी बदनाम भी वही होता आया है ! कैसी बिडम्बना है ?

अभिषेक बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के छात्र हैं जहाँ मुझे प्रवेश द्वार से ही टरका दिया गया था जब मैं एम् एस सी में दाखिला लेने वहाँ १९७६ के आसपास गया था .तभी मुझे लग गया था कि अब जीवन का वह मुकाम गया हाथ से जहां तक मुझे अब तक पहुँच जाना था ! फिकर नाट ,मगर यह मलाल हमेशा सालता रहता है कि इस महान शिक्षा मन्दिर मैं प्रवेश तक न पा सका और दूसरे, तबसे यहाँ के छात्रों, अध्यापको को लेकर एक घणी सी हीन ग्रंथि भी मन में फांस सी अटकी हुई है -बहरहाल इसी अंतर्जाल से जब अभिषेक ने मुझे खोजा और ई मेल से हम परिचित हुए तो मेरी ग्रंथि एकटीवेट हो गयी ! मगर फिर भी मैं अभिषेक को इतना तवज्जो नहीं देता गर उन्होंने मेरी कमजोर नस न टीप दी होती ! गरज कि उन्होंने विज्ञान कथा की चर्चा छेड़ दी और मैं फंस गया -जो लोग मेरे इस ट्रैप को जानते होंगे चेहरे पर एकाध इंच मुस्कान जरूर तिर आयी होगी ! अकादमिक माहौल और लोग मेरी कमजोरी है बाकी बातें बाद में आती हैं ,पर अभी छोडिये इन बातों को, यहा चर्चा तो अभिषेक की हो रही है ,मगर एक बात साफ़ कर दूँ कि निरपेक्ष रूप से केवल चिट्ठाकार चर्चा हो भी नही सकती उसी के बहाने चर्चाकार भी अभिव्यक्त और चर्चित होता है !

बहरहाल मैंने अभिषेक को विज्ञान कथा से प्रथम मिलन के लिए गलीचों की नगरी भदोहीं के शानदार मेघदूत होटल में एक परिचर्चा के दौरान आमंत्रित किया -अपनी हीन ग्रंथि के चलते उन्हें इम्प्रेस करने के लिए -और पूरे अटेंशन के साथ उनके साथ बैठ कर नाश्ता करने आदि का उपक्रम किया ! उन्हें शायद जल्दी थी वे लौट गए और यह आज तक नहीं बताया कि वे विज्ञानं कथा के चमक दमक माहौल से प्रभावित हुए थे भी या नहीं ! तब से उनसे बातें कम से कमतर होती गयीं भले ही वे बनारस में ही हैं पर हम सभी के अपने अपने अफ़साने ,गमें मआश हैं और हैं गमें रोजगार ! हाँ इन दिनों उन्होंने अपने ब्लाग धरोहर पर पोस्टों की फ्रीक्वेंसी बढ़ा दी और एक नया ब्लाग गांधी जी पर शुरू कर दिया ! दो दीगर कम्युनिटी ब्लॉगों में अलग से शिरकत भी वे कर ही रहे हैं ! मैंने भी गांधी जी पर उनके ब्लॉग की शुरुआत से उन्हें और भी गंभीरता से लेना शुरू किया और मैंने ही नहीं अब उनकी नैया रफ़्तार पकड़ रही है -इंशा अल्लाह वे भी अब सेलिब्रटी बनने की राह पर हैं, इस बात से पूरी तरह बेखबर कि सेलिब्रिटी होने के अपने बडे खतरे भी हैं !
अभिषेक की रूमानियत उनके आत्मपरिचय के इन कालजयी शब्दों में झलकती है ,"मधुर भावनाओं की सुमधुर, नित्य बनाता हूँ हाला; भरता हूँ उस मधु से अपने, ह्रदय का प्यासा प्याला. उठा कल्पना के हाथों से, स्वयं उसे पी जाता हूँ; अपने ही मैं हूँ साकी, पीने वाला मधुशाला." वैसे उनकी लोक जीवन ,परम्पराओं ,संस्कृति की समझ और रुझान की इन्गिति उनके चिट्ठे धरोहर से होती है !

उनकी एक हालिया पोस्ट में जब मैंने यह जिक्र पाया कि वे रांची ब्लॉगर मीट में यहाँ से जा रहे हैं और शायद इसलिए भी कि वे झारखंड से ही बिलांग करते है मैंने उनसे शिकायती लहजे में सम्पर्क करना चाहा कि भैये हमको भी बता दिए होते तो साथ लटक लिए होते क्योंकि एक मनभावन निमंत्रण मुझे भी वहाँ जाने को मिल चुका था और इनकार पर उपालम्भ भी -मगर ये भाई तो पहली वाली ट्रेन से रवाना भी हो चुके थे न जाने कैसे रंगीन सपने लिए ,हसरते लिए ! कहतें हैं ना कि एक से भले दो और यात्रा प्रसंगों में तो यह जुमला अक्सर इस्तेमाल होता है मगर शायद अभिषेक को यह गंवारा नही था -वे अपने सपनों को साझा करने को शायद तैयार नहीं थे ! यार अभिषेक मैं तुम्हारा प्रतिद्वंद्वी हो भी नही सकता -कहाँ पूरी युवा ऊर्जा से लबरेज तुम और कहाँ पुरूष रजोनिवृत्ति के कगार पर आ पहुँचा मैं ! कोई मुकाबला ही नही है भाई ! मगर हाँ साथ होता तो कुछ उपदेश देता (पर उपदेश कुशलबहुतेरे वाला ) -शायद तुम्हे मना भी लेता ( भले ख़ुद को नहीं मना पाता ) कि " छाया मत छूना मन होगा दुःख दूना मन ! "

पर अब तुम वहाँ से वापस आ गये हो .जानता हूँ (ऋतम्भरा शक्ति से ) कि उद्विग्न हो इसलिए तुम्हे कल लंच पर बुलाया है ! थोड़ी उद्विग्नता शायद बाँट लूँ -यह जन्म ईश्वर ने शायद मुझे इसलिए ही दिया है -परमारथ के कारने साधुन धरा शरीर ! पर अभिषेक को बुलाने में मेरा भी एक निहायत टुच्चा सा स्वार्थ भी छुपा है ! इसके आगे की चर्चा शायद अभिषेक अपने ब्लॉग पर करें !

अभिषेक अगर अपने यह पढ़ लिया है तो भी आपको बिना किसी सेकंड थाट के कल आना ही है -कुछ पसंदीदा खिलाने का वादा !

तो मित्रों मैं अभिषेक की आतुर प्रतीक्षा में हूँ ! इति ......

शुक्रवार, 27 फ़रवरी 2009

देवता उसने कहा था ....

पता नहीं आप किसी के साथ ऐसा होता है या नहीं मगर मेरे साथ अक्सर ऐसा होता है कि सुबह उठते ही किसी गीत ,कविता ,गजल की पंक्तियाँ मन में सहसा ही कौंध उठती हैं और दिन भर ग्रामोफोन के रिकार्ड के तरह मन में घुमड़ती रहती है -चाहे और अनचाहे भी ! कभी बेखुदी में कविता/गीत होंठो तक भी आ पहुंचता है और चैतन्यता में आते ही हठात मुंह सी लेना होता है -असहज सा चौर्य निगाह से इधर उधर देखने पर अक्सर अपने ड्राईवर के होंठो पर डेढ़ इंच मुस्कान पाकर किंचित सकुचा भी जाता हूँ !साथी टोकने लगते हैं और आग्रह करते हैं तो उन्हें गुनगुनाकर उपकृत भी कर देता हूँ !
आज की कविता हरिवंशराय बच्चन जी की है जो एक लम्बे अन्तराल के बाद सहसा ही याद हो आयी है और मेरा पीछा नहीं छोड़ रही है -सुबह से कम से कम दस बार इसे गुनगुना चुका हूँ ! अब यह रील दिन भर चलेगी -आशंकित भी हूँ ! बहरहाल कविता ये रही -
देवता उसने कहा था
रख दिए थे पुष्प लाकर
नत नयन मेरे चरण पर
देर तक अचरज भरा
मैं देखता खुद को रहा था
देवता उसने .....
गोद मन्दिर बन गयी थी
दे नए सपने गयी थी
किन्तु जब आँखे खुली तो
कुछ न था मंदिर जहां था
देवता उसने ....
प्यारा पूजा थी उसी की
है उपेक्षा भी उसी की
क्या कठिन सहना घृणा का
भार पूजा का सहा था
देवता उसने कहा था


अब मैं इसका भावार्थ यहा लिख नही पा रहा ,अपनी तईं समझ तो रहा हूँ -साहित्य का मेरा ज्ञान पल्लवग्राही और समझ अधकचरी सी ही है ! प्रायः श्रेष्ठ कृतियाँ पूरी समष्टि से मानों तादाम्य स्थापित कर लेती हैं ! अब देखिये न बच्चन जी की इस कविता ने मुझसे शिद्दत के साथ तादात्म्य बना लिया है -मानों अब यह मेरी ही अभिव्यक्ति बन बैठी है -इसलिए ही कभी कभी सोचता हूँ कि पूर्व कविजन जो पहले ही अभूतपूर्व बल्कि कालजयी कृतियाँ रच गए हैं तो नयी रचनाओं के सृजन की जरूरत ही क्या है ? हम उनकी पंक्तियों के जरिये अपनी बात शायद और भी प्रभावपूर्ण तरीके से कह सकते हैं ! है कि नहीं ?

बड़ों से आग्रह की गुस्ताखी नहीं कर सकता पर अनुज हिमांशु से गुजारिश की है कि वे इसका भावार्थ मित्रों के लिए कर दें -बाकी तो प्रबुद्धजन इसका अर्थ ,निहितार्थ ,भावार्थ तथा यथार्थ सभी कुछ समझ ही जायेंगें ! हिमांशु के उत्तर का इंतज़ार है -अगर उन्होंने काम पूरा कर भेज दिया तो इसी पृष्ठ पर ही वह भी प्रस्तुत हो जायेगा !

और यह रहा हिमांशु का जवाब जो किंचित देर से मगर दुरुस्त आया है बस जल्दी से कामा फुलस्टाप सहित यहाँ चेप रहा हूँ _आदरणीय,
बहुत क्षोभ का अनुभव कर रहा हूं, इतनी देर से आपकी यह मेल पढ़ने में। कल एक शादी में पूरी रात जागता रहा, इसलिये सुबह नेट पर नही आया, सोता रहा; पर जो 'सोवत है सो खोवत है'। समय से आपके आदेश का पालन नहीं कर सका -क्षमा-प्रार्थी हूँ।
केवल क्षमापन स्तोत्र ही बाँच कर छुट्टी पा जाता, पर अचानक डैशबोर्ड में आपकी नयी पोस्ट देखी। पढा तो पाया- कि मैं सार्वजनिक तौर पर दोषी हो जाऊंगा, तय काम न करने पर।
अपनी मंद-मति के सापेक्ष्य जितना हो सका वह मेल कर रहा हूँ -

कविता में व्यक्ति की अपनी निष्ठा और अपने भाव ही वरेण्य होते हैं, संकेत तो इसी ओर है । एक व्यक्ति किसी को अपनी श्रद्धा अर्पित कर रहा है। वह व्यक्ति पूजार्ह है या नहीं है, इससे उसका कुछ लेना देना नहीं है । फूलों का उपहार वह पूज्य के चरणों पर रख देता है, क्योंकि पुजारी ने उसे देवता मानकर उसकी अर्चना की थी । उस व्यक्ति की गोद ही पूजा करने वाले के लिये मंदिर का गर्भ-गृह बन गयी थी ।

जिसकी पूजा हो रही है उसकी योग्यता पीछे हो गयी थी, पूजा करने वाले की श्रद्धा आगे खड़ी हो गयी थी । पूजा का उपहार अपने सम्मान में अर्पित देखकर पूजित व्यक्ति की आँखें स्वयं की ओर मुड़ गयीं । वह एक सपने में खो गया है, यह सोचते हुए कि क्या जिसे मंदिर समझा जा रहा है, वह मंदिर है । अगर पूजा से कुछ मुझे मिला तो वह मेरी नहीं पूजा करने वाले की विशेषता थी, श्रद्धा थी; और मुझे कुछ नहीं मिला तो वह भी पूजा न करने वाले की उपेक्षा या घृणा ही थी, श्रद्धा नहीं थी । मैं जो पाता हूँ, वह मेरी अपनी उपलब्धि कम, दाता की श्रद्धा ही अधिक है । मैं पूजा से प्रसन्न तो होता हूँ कि क्योंकि उसने मुझे देवता कहा था, तो क्या जब पूजा के स्थान पर उसने घृणा दी तो उसे भी क्या उसी मोद के साथ ग्रहण कर लूंगा ? यदि हाँ, तब तो उसने जो देवता कहा था वह सार्थक था । यदि नहीं, तब उसने चाहे जो कहा हो , मेरा कुछ भी होना न होना निरर्थक था ।

मैं उद्विग्न हुआ, यह मेरी तुच्छता थी, वह देता गया, यह उसकी महानता थी । अतः सार्थकता 'अहं ब्रह्मास्मि' की नहीं 'तत्वमसि' की है ।

कविता का भाव आत्मकेन्द्रित न होकर विश्ववन्दित दिशा की ओर बढ़ गया है। इनका मेल 'बच्चन' की स्वयं की इन भाव भरी पंक्तियों से स्वयं बैठ जाता है -

"पूछ मत आराध्य कैसा
जब कि पूजा भाव उमड़ा
मृत्तिका के पिण्ड से
कह दे कि तू भगवान बन जा,
जान कर अनजान बन जा ।"


स्नेहाधीन-
हिमांशु कुमार पाण्डेय

रविवार, 22 फ़रवरी 2009

लिंगार्चन -उदगम से उत्स तक (३)


 आप पढ़ चुके हैं -

लिंग पूजा -एक वैज्ञानिक विवेचन!

लिंगपूजा :उदगम और उत्स (वैज्ञानिक विवेचन -२)

अब आगे -

फ्रायड की मानव स्वप्नों के सम्बन्ध में मान्यता थी कि कोई भी लम्बी कठोर वस्तु चाहे वह निर्जीव हो या सजीव लिंग का ही प्रतीक होती है। ``द ह्यूमन जू´´ में डिजमंड मोरिस ने यथार्थ जगत में भी लिंग प्रतीकों की एक लम्बी सूची का बड़ा ही रोचक वर्णन किया है। यथार्थ जगत में विज्ञापकों, कलाविदों एवं लेखकों ने जाने-अनजाने लिंग के प्रतीकों का व्यापक प्रयोग किया है। तीर, टाई, मोमबत्ती, छड़ी, केला, कन्दमूल, मछली, साँप-क्या निर्जीव क्या सजीव, लिंग प्रतीकों में सभी कुछ हैं। मछली एवं साँप अपने आकार-प्रकार के कारण, गेंडा उत्थित सींगों के कारण तथा पक्षी अपने ``गगनभेदी´´ उड़ान के कारण लिंग का प्रतीक हो मानव कल्पना में स्थायित्व प्राप्त कर चुके हैं।

यहाँ तक कि अस्त्र-शस्त्र भी अपने ``शरीरोच्छेदन´´ के गुण के कारण, लिंग के प्रतीक बन गये हैं। यही नहीं बीयर और शैम्पेन की बोतल का खुलते ही ``स्खलित´´ होने लगने की प्रक्रिया ने उसे लिंग-प्रतीकों की लम्बी सूची में ला दिया हैं इसह तरह, ``चाभी´´ भी अपने गुण के कारण कहीं-कहीं लिंग का प्रतीक है।

आधुनिक व्यवहारविदों (इथोलाजिस्ट्स और बिहैवियरिस्ट्स) का मानना है कि खेलकूद में प्रयुक्त होने वाले कई उपकरण भी लिंग प्रतीकों की सूची में हैं। स्पोर्टसकारें, लम्बी, चिकनी, चमकदार और प्राय: लाल होती हैं। तीव्रशक्ति एवं द्रुतगति से आगे बढ़ती हैं। इन विशेषताओं ने ही उन्हें लिंग का प्रतीक बना दिया हैं। संगीत शास्त्र और स्थापत्य कला में भी लिंग प्रतीकों के भरपूर उदाहरण मिलते हैं। मन्दिर , मिस्जद व गिरजाघरों में शिखरों एवं अट्टालिकाओं के उध्र्वभाग प्रत्यक्षत: लिंग प्रतीकों का आभास देते हैं।

वनस्पति जगत में भी, लिंग प्रतीकों की भरमार है। ऐसी वनस्पतियाँ जिनकी जड़ों के आकार लिंग सदृश हैं, विश्व की कई संस्कृतियों में आज भी पूजित हैं। विदेशों की मैन्ड्रेक लता (विशाखमूल) की जड़ और हमारे यहाँ के कन्दमूलों में एक विशिष्ट लाल प्रजाति (शकरकन्द) अपने लैंगिक आकार के कारण अनेक तीज त्यौहारों पर पूजित होते आये हैं। यह सचमुच दिलचस्प है कि उत्तर प्रदेश के पूर्वान्चल में शिव और पार्वती से जुड़ी लोक कथाओं में लाल कन्द की अपनी विशेष भूमिका है। स्त्रियों के प्रमुख त्यौहारों में लाल प्रजाति के कन्द को विधिवत् पूजा जाता है। भाद्र कृष्ण पक्ष में स्त्रियों का एक प्रमुख त्यौहार हलषष्ठी (ललही छठ) होता है, जिसमें स्त्रियाँ लाल कन्द को पूजती हैं, शिव पार्वती को लक्ष्य कर छह कहानियाँ मनोयोग से कही सुनी जाती हैं, जिसमें लाल कन्द ``लिंगरूप´´ में विर्णत होता है।

आज का सभ्य मानव जब क्रोध में अपने आदि मूलावस्था में पहुँच जाता है, तब उसकी सहज प्रवृत्तियाँ मुखर हो उठती हैं। वह गाली-गलौज के स्तर पर पहुँच जाता है। उसकी हर गाली का तीक्ष्ण बाण लिंग से संयुक्त हो जाता है। अपने नजदीकी पशु रिश्तेदारों (कपि बानर बान्धवों) की भाँति अपनी दबंगता प्रगट करने के लिए वह भी पूर्वकथित "उत्थित लिंग´´ के प्रदर्शन जैसा ही वातावरण सृजित कर आतंक पैदा कर देता है। अंगूठा दिखाना भी इसी प्रक्रिया की एक अपेक्षाकृत शिष्ट अभिव्यक्ति हैं।

वास्तव में, दार्शनिक-वैज्ञानिक धरातल पर शिवपुराण का यह कथन कि पूरा जगत ही लिंगमय है, असंगत नहीं लगता। ऐसा लगता है कि लिंग पूजा की समझ में मनुष्य का एक असीम सत्ता के समक्ष नतमस्तक होते जाने का सत्य भी छुपा है जिसका उसने अपनी सांस्कृतिक विकास की यात्रा में निरंतर सुरुचिपूर्ण तरीके से अनुष्ठानीकरण किया है और आर्यावर्त में वह हमारे सामने पूरे विधि विधान के साथ शिवलिंग पूजा के बहुत ही आदरणीय और मांगलिक रूप में प्रस्तुत है !
(समाप्त )

शुक्रवार, 20 फ़रवरी 2009

लिंगपूजा :उदगम और उत्स (वैज्ञानिक विवेचन -२)

लिंग पूजा के वैज्ञानिक विवेचन की इस दूसरी कड़ी को देते हुए किंचित संकोच /धर्मसंकट की मनोदशा में हूँ -यह लोगों की धार्मिक आस्था को कदाचित आहत न कर दे -पर मेरा यह मंतव्य कतई नही है और न ही मेरा उद्देश्य किसी नये वितंडा को तूल देने का है -मुझे मेरे सुदीर्घ अध्ययन और अल्प समझ के चलते जो सूझ रहा है उसे पूरी विनम्रता और सभी के प्रति (व्यक्ति , आस्था और संस्था ) आदर भाव के साथ यहाँ जानकारी बांटने की ही प्रबल इच्छा के साथ प्रस्तुत कर रहा हूँ -बस अनुरोध है कि खुले मन से इसका अवगाहन करें और चाहें तो अपनी शंकाएं भी खुले मन से यहाँ रखें जिससे और भी ज्ञानार्जन हो सके !
प्रख्यात ब्रितानी जीव विज्ञानी (एन्थ्रोपोलाजिस्ट) एवं व्यवहारविद डॉ0 डिज्मांड मोरिस अपनी दो बहुचर्चित पुस्तकों ``द नेकेड ऐप "एवं द ह्यूमन जू´´ में लिंगपूजा के रोचक जैवीय (बॉयालाजिकल) एवं व्यवहार पक्षीय (इथोलोजिकल) कारणों पर प्रकाश डाला है। आज की सर्वमान्य वैज्ञानिक विचारधारा के अनुसार आधुनिक मानव, जैवीय विकास की प्रक्रिया में वानर-कपि सदृश प्राणी से ही विकसित हुआ एक अत्यन्त उन्नत सामाजिक पशु है। अतः लिंगपूजा के सन्दर्भ में ज़रा बानरों और कपियों (चिम्पांजी, गोरिल्ला गिब्बन आदि) के लिंग विषयक व्यवहार प्रदर्शनों पर भी दृष्टिपातकर लिया जाय ।

विकसित स्तनपोषी पशुओं (नर वानरगण / प्राइमेट) में लिंग का सम्बन्ध प्रजननशीलता से तो है ही, परन्तु साथ ही साथ यह उनके सामाजिक श्रेष्ठता के निर्धारण की भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कैसे ? व्यवहारविदों का कहना है कि पशुओं में लिंग प्रदर्शन एक दंबंग प्रक्रिया है। नर, मादा से शारीरिक रुप से अधिक दबंग, आक्रामक एवं सशक्त होते हैं। नर सरीखा व्यवहार (जिसमें लिंग प्रदर्शन की एक मुख्य भूमिका है) जहा दबंगता (डामिनेन्ट ) का परिचायक है, वहीं मादा सरीखा व्यवहार ठीक इसके विपरीत दब्बूपन( सब्मिस्सिवनेस ) का।

बन्दर व कपि मुख्यत: छोटे-छोटे दलों में रहते हैं। इन दलों का मुखिया उस दल का ही एक सशक्त नर सदस्य होता है। वह अपने ``विद्रोही´´ अनुचरों को अनुशासित करने के लिए अपने आक्रामक हाव भावों के साथ ही अपने " उत्थित लिंग´´ का प्रदर्शन करता है। विद्रोही सदस्य भयाक्रान्त होकर नतमस्तक हो उठता है। कभी-कभी वे इतना भयाक्रान्त हो उठते हैं कि अपने ``पुरुषत्व´´ को तिलांजलि दे मादा जैसा आचरण भी अपना लेते हैं। नर स्क्वीरेल मन्की (एक बन्दर प्रजाति) अपने क्रोध की चरमावस्था में दल के ``विद्रोही´´ सदस्य के मुँह पर अपने उठित लिंग से प्रहार सा करता है। तुरत फुरत भयग्रस्त सदस्य, उसका स्वामित्व स्वीकार कर लेता है। लगता है कि किसी उत्थित लिंग के प्रति नतमस्तक होने की यह भयग्रस्त भावना मानव मन में गहराई तक उतरती चली आयी है। विकास क्रम में सम्भव है ``बिनु भय होई न प्रीति´´ की भावना के वशीभूत होकर ही मानव लिंगार्चनोन्मुख न हुआ हो।

न्यू गुयेना के आदिवासी आज भी परस्पर कबीलाई युद्धों में अपने कमर के सहारे लिंग से बंधी एक फुट नलिका का आक्रामक प्रदर्शन करते हैं। उनका यह विचित्र लैंगिक प्रदर्शन विरोधियों को भयाक्रान्त करता है। अपने देश में भी नागा साधुओं में लिंग के सहारे वजनी पत्थर उठाने की प्रतिद्विन्द्वता होती रही है, जो उनके शक्ति सामर्थ्य और साधना के स्तर का निर्धारण करती है। तन्त्र शास्त्र में सजीव मानव लिंग को भिन्न-भिन्न विधियों से अलंकृत करके पूजने का विधान रहा है। मानव के सांस्कृतिक विकास के साथ ही साथ लिंग अपने वास्तविक रूप से कई गुना बढ़ता गया। विदेशों में प्रेम की देवी ``वीनस´´ के मिन्दर के चारों ओर लिंग स्तम्भों की ऊँचाई कहीं-कहीं 200-400 फीट तक पहुँच गयी है।

यह स्पष्ट है कि मानव कल्पना में लिंग के समक्ष अन्य शारीरिक अंग गौण हो गये हैं। ``लिंग´´ की विशिष्टिता ने अन्य मानवीय अंगो को जैसे निस्तेज सा कर दिया है। जिस प्रकार एक कार्टूनिस्ट किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति के रेखांकन में उसके खास ``पहचान´´ को ही उभारता है और अन्य प्रत्यंगों को उपेक्षित सा कर देता है, उसी तरह लिंग की प्रधानता के सन्दर्भ में भी घटित हुआ लगता है।
जारी .......

बुधवार, 18 फ़रवरी 2009

लिंग पूजा -एक वैज्ञानिक विवेचन !

यह लेख मैंने तीसेक वर्षों पहले लिखा था,जब इलाहाबाद विश्विद्यालय के प्राणिशास्त्र विभाग का शोध छात्र था .काफी पढ़ वढ ,अनेक किताबों की खाक छान कर ,अपने वजीफे की राशि को मुक्त हस्त लुटा किताबों की खरीद फरोख्त कर (जिनमें से कई बिल बिला गईं ,कुछ दोस्तों के हाथ लग गईं .और कुछ साल दर साल हो रहे तबादलों में तुड मुड कर भी मेरी किताबों की आलमारियों को बोझिल कर रही हैं ! ) ,पर यह लेख उस समय कहीं प्रकाशित नही हो सका -धर्मयुग ,कादम्बिनी और यहाँ तक सरिता से भी खेद सहित वापस हो गया ! फिर मैंने कहीं भेजा ही नहीं ! यह फाईलों में सिमटा दुबका पडा रहा बेचारा ! शायद यह लेख क्वचिदन्यतोअपि की ही बाट जोह रहा था ! मुझे आज तक यह समझ में नही आया की यह लेख कहीं क्यों नही छप सका -अब तो यह आपके सामने है आप ख़ुद बताने की कृपा कीजियेगा ! आज भी इसमें कहीं कामा फुलस्टाप तक के सम्पादन की कोई जरूरत मैं नहीं समझ पा रहा और इसके एक एक शब्द से मेरा पूरा इत्तेफाक है ! अब यह समवयी समीक्षा (पीयर रिव्यू ) के लिए पहली बार यहाँ प्रकाशित हो रहा है -शायद तीन कड़ियों में ! महाशिवरात्रि के अवसर पर इसका समापन नियोजित है !

लिंग पूजा की वैज्ञानिकता

लिंगार्चन के दार्शनिक-वैज्ञानिक पक्ष पर एक शोधपरक दृष्टि



भारत में लिंग पूजा का सम्बन्ध भगवान शिव से है। शिवलिंग जिस ``पीठिका´´ पर स्थापित किया जाता है, वह स्त्री ``योनि´´ का प्रतीक होता है। इस प्रकार से ``अर्धनारीश्वर´´ के प्रतीक के रूप में भी लिंगार्चन किया जाता है। सम्पूर्ण भारत, चाहे कश्मीर हो या कन्याकुमारी शिवलिंग समान रूप से पूजित है। पुराणों में, लिंगार्चन के सन्दर्भ में अनेक प्रकार के कर्मकाण्ड लिखे गये हैं। लिंग की स्थापना और उसके महात्म्य से भारत का पूरा धार्मिक इतिहास भरा पड़ा है। प्राय: सभी प्रमुख पुराणों एवं महाकाव्यों में शिवोपासना के सन्दर्भ में लिंगार्चन का विशद विवरण मिलता है। यहाँ शिवोपासना और लिंग के सन्दर्भ में सभी कथाओं का वर्णन सम्भव नहीं हैं। एक कथा के अनुसार शिव को महिर्ष भृगु द्वारा श्राप ग्रस्त किये जाने के कारण लिंगार्चन प्रारम्भ हुआ। इस प्रकार विभिन्न स्थलों पर विभिन्न लिंगों के पूजा के सन्दर्भ में अनेक प्रकार की जनश्रुतियों एवं पौराणिक आख्यायिकायें प्रचलित हैं।
वास्तव में, शिवलिंग अपने में एक महान व्यापकता समेटे हुए है-
यथा-
सर्वेषां शिवलिंगानां मुने संख्या न विद्यते
सर्वां लिंगमयी भूमि: सर्वं लिंगमयं जगत।
(शिव पुराण, रूद्र संहिता, श्लोक 9)

विश्व के अन्य देशों में भी लिंगोपासना की पौराणिकता/ऐतिहासिकता के पर्याप्त प्रमाण मिलते हैं। पश्चिम में इसका एक रूप ``फैलिज़्म´´ या ``फैलिसिज़्म´´ के नाम से प्रचलित है। प्राचीन यूनान में लिंग पूजा विधिवत सम्पन्न की जाती थी। प्राचीन रोम में ऐसे उत्सवों का उल्लेख है जिनमें सामूहिक रूप से स्त्रियों द्वारा चौराहों पर एक दीर्घकाय लिंग की पूजा अर्चना की जाती थी। चीन (हांगकांग) में, लिंग रूपी प्रस्तर खण्डों का पूजन स्त्रियाँ सन्तानोत्पत्ति के लिए और वैश्यायें अपने धंधे की सफलता के लिए करती रही है। विश्व के अन्य भूमध्यवर्ती देशों में लिंग देवता (प्रियापस) का पूजन सन्तानोत्पत्ति की आकांक्षा से होता आया है। ईसाई धर्म में, कहीं-कहीं सापों को लिंग का प्रतीक मान लिया गया है। प्राचीन मिस्र के चित्रों में सांपों के राजा ``अम्मन´´ के लिंग को विशिष्टता के साथ उभार कर दिखाया गया है।

हज़रत ईसा के जन्मकाल के पहले से ही लिंग पूजा के `तन्त्रवाद´´ से भी संयुक्त हो जाने के समुचित प्रमाण मिलते हैं। अधिकाशं मिन्दरों के भित्ति चित्र तन्त्रवाद से अनुप्राणित होने के नाते विशेष रूप से लिंग विषयक हो गये हैं। दक्षिण भारत और नेपाल के मिन्दरों की शिल्पकलायें और भित्ति चित्र इस सन्दर्भ में उल्लेखनीय हैं। तन्त्रपूजा में भैरवी चक्र के अन्तर्गत, ``देवचक्र´ में लिंगोपासना का विधान है। भारत में, लिंगपूजा और उसके तन्त्रवाद से संयुक्त होने की प्राचीनता के यथोचित ऐतिहासिक प्रमाण मिलते हैं वस्तुत: सिन्धु घाटी की सभ्यता से लेकर आज तक लिंग पूजा के सम्यक ऐतिहासिक प्रमाण विभिन्न संग्रहालयों में सुरक्षित हैं। प्रयाग के संग्रहालय में गुप्तकालीन एकमुखी शिवलिंग व चतुर्मुखी शिवलिंग विशेष रूप से दर्शनीय हैं।
जारी .....
.लिंगपूजा :उदगम और उत्स (वैज्ञानिक विवेचन -२)

लिंगार्चन -उदगम से उत्स तक (३)


मंगलवार, 17 फ़रवरी 2009

डार्विन एक व्यक्तित्व ! (डार्विन द्विशती )

पहले बता दूँ कि कल रात साढ़े नौ बजे एन डी टी वी इंडिया ने डार्विन द्विशती पर एक विशेष रिपोर्ट प्रसारित की जिसे बेहद प्रभावशाली लहजे में प्रस्तुत किया रवीश कुमार नें -आज ११.३० दिन में यह पुनः प्रसारित होगा .मौका लगे/मिले तो जरूर देखें -बहुत ही परिश्रम से तैयार की गयी यह बहुत रोचक प्रस्तुति है .भारत में किसी भी टी वी चैनेल की डार्विन पर पहली और बेहतरीन प्रस्तुति ! मेरी बधाई !
अब आगे चलें, आज डार्विन के व्यक्तित्व पर कुछ चर्चा हो जाय ! डार्विन की विलक्षण विनम्रता प्रभावित करती है। उनके चुम्बकीय व्यक्तित्व से लोग उनकी ओर खिंचे चले आते थे। उनकी नीली भूरी आँखों में सहानुभूति की गहरी चमक सी थी। सभी से उनका व्यवहार मृदु था। जो एक बार भी उनसे मिल लेता था उनकी तारीफ किये बिना न रहता। डार्विन ने अपने एक मित्र को लिखे अपने पत्र में कहा था, ``ऐश्वर्य- सम्मान, सुख और समृद्धि सच्चे स्नेह सम्बन्धों के आगे धूल के समान है´´।
वे अपने धुर विरोधियों के प्रति भी बड़े उदार थे। उनके विरोधी भले ही गाली-गलौज तक उतर आते थे, डार्विन ने कभी भी अपना आपा नहीं खोया। उनके विरूद्ध कभी भी कटु शब्दों का इस्तेमाल तक नहीं किया। बल्कि उन्होंने सदैवे अपनी आलोचना के लिए उनके प्रति आभार ही जताया। अपनी कड़ी से कड़ी आलोचना को वे धैर्य से सुन लेते थे और अपनी कमियों पर ज्यादा ध्यान देते थे। डार्विन का यह व्यक्तित्व किसी के लिए भी अनुकरणीय हो सकता है। ( हमारे ब्लॉग मित्र सुन देख रहे हैं ना ?)

एक अविस्मरणीय मुलाकात ... ...
एक बार इग्लैण्ड के तत्कालीन प्रधानमंत्री गोल्डस्टीन डार्विन से मिलने आये। मिलने के उपरान्त लोगों ने डार्विन से इस मुलाकात के बारे में पूँछा। डार्विन ने कहा, ``मेरे साथ तो गोल्डस्टीन साहब इतनी सहजता और विनम्रता से पेश आये कि कहीं से भी ऐसा प्रतीत नहीं हुआ कि वे प्रधानमंत्री हैं, उनका आचरण मेरे जैसे ही साधारण व्यक्ति के स्तर का था... ... ``यह बात जब गोल्डस्टीन को बतायी गई तो उनका जवाब था, `अरे... ... उनके बारे में तो मैं भी ऐसा ही सोच रहा था´´।

डार्विन, आस्तिक या नास्तिक?
डार्विन खुद को अज्ञेयवादी मानते थे यानि न तो नास्तिक और न ही आस्तिक। उनका महज यह मानना था कि परम सत्ता को समझ पाना सम्भव नहीं है। ईश्वर में विश्वास के प्रति वे बहुत आश्वस्त नहीं थे। आत्मा, परमात्मा के सम्बन्धों, अमरता की अवधारणा आदि विषयों को वे मनुष्य की बौद्धिक सीमा से बाहर का विषय मानते थे। उनकी पत्नी यद्यपि चर्च से बड़ी प्रभावित थीं, डार्विन के अज्ञेयवादी होने के बावजूद भी नैत्यिक कार्यो में उन्होंने सदैव उनका सहयोग किया।
विश्व चिन्तन पर चाल्र्स डार्विन का कितना जबर्दस्त प्रभाव रहा है यह अकेले इस वैज्ञानिक के व्यक्तित्व और कृतित्व से जुड़े निरन्तर तीन तीन शतकीय आयोजनों से इंगित होता है। डार्विन से जुड़े दो शताब्दी समारोहों-1959 में उनकी युगान्तरकारी पुस्तक `द ओरिजिन´ की प्रणयन शताब्दी, पुन: उनके मृत्यु (1882) की पुण्य शती (1992) और अब 2009 में उनके जन्म की द्विशती। यह वह तिहरा शतक है जब इस महान वैज्ञानिक, महामानव की प्रासंंगिकता को लेकर एक बार फिर सारे विश्व में बहस-मुबाहिसों का दौर शुरु हो रहा है।

मन्की ट्रायल यानि कटघरे में विकासवाद!
अमेरिका में इतिहास अपने को दुहरा रहा है। वहाँ के कुछ शहरों में सृजनवादियों ने फिर से बखेड़ा शुरू कर दिया है। उनकी माँग है कि डार्विनवाद के बजाय स्कूलों में सृजनवाद पढ़ाया जाय। अमेरिकी राष्ट्रपति बुश तक भी इन्हीं सृजनवादियों के बहकावें में आकर विकासवाद के साथ ही सृजनवाद को पढ़ाये जाने पर जोर दिया .अभी ओबामा इस मुद्दे पर मुखर नही हुए हैं .
इन घटनाओं ने बीते दिनों (1925) के एक चर्चित मुकदमें की याद दिला दी है जो कानून की किताबों में `मंकी ट्रायल आफ टेनेसी´ के नाम से विख्यात है। अमेरिका के टेनेसी राज्य में एक कानूनी प्रावधान ऐसा भी था जिसके अनुसार बाइबिल के सृजनवाद के दीगर किसी और मत का प्रवर्तन एक अपराध था।
टेनेसी के एक कस्बे `डेटेन´ में जब जान थामस स्कोप्स ने विकासवाद का पाठ बच्चों को पढ़ाना शुरु किया तो मानों बवेला मच गया। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। फिर शुरू हुआ वह मुकदमा जो सृजनवाद और विकासवाद को लेकर शुरु हुए घमासान का एक काला अध्याय माना जाता है। स्कोप्स को कानून के उल्लंघन का दोषी माना गया - उन्हें गिरफ्तार किया गया, जुर्माना भी किया गया। हालांकि उच्च न्यायालय में अपील के बाद वे बरी हो गये और उस कानून को भी अब बदल दिया गया है। अमेरिका के अरकंसास प्रान्त में `सृजनवाद´ और विकासवाद को साथ-साथ पढ़ाये जाने का एक विवादास्पद कानून पुन: 1982 में लागू हुआ जब समूचा विश्व डार्विन की पुण्य शती मना रहा था। इसका भी पुरजोर विरोध हुआ तो इसे भी रदद् करना पड़ा।
किन्तु पुन: सृजनवादियों ने डार्विनवाद के खिलाफ कमर कस ली है और वे एक राजनीतिक शक्ति के रुप में उभर रहे हैं।

मेरी ब्लॉग सूची

ब्लॉग आर्काइव