रविवार, 30 नवंबर 2008

एक रायशुमारी -क्या भारत को बिना ऑर समय गवाए पी ओ के के आतंकी ठिकानों पर हमला कर देना चाहिए?

मित्रों ,मैंने यह रायशुमारी केवल आपकी भावनाओं को मुखर करने और आपके सलाह मशवरे के लिए की है .चूंकि इसके लिए जो गजेट ब्लॉग के हाशिये पर है उसमें केवल हां या ना का ही आप्शन है अतः यह सहायक पोस्ट भी इसलिए कि ब्लॉग दुनिया कुछ और भी तफसील से कहना चाहे तो कह सके ताकि एक जनमत बन सके और हमारे आका जो पता नहीं इस समय क्या कर रहे हैं जन भावनाओं से परिचित हो सकें ।
मेरा तो दृढ मत है कि अब तक भारतीय वायुसेना को यह आर्डर मिल जाने चाहिए थे कि वह पाक अधिकृत आतंकी ठिकानों पर बेलौस पूरी शक्ति के साथ आक्रमण कर दे -पर हमारा नेतृत्व फिर नपुंसकता ,क्लैव्यता की राह पकड़ रहा है -हमारे ऊपर आक्रमण हुए कई दिन बीत रहे -आखिर इन सत्ता भोगियों को स्पष्ट राजनीतिक निर्णय लेने में क्या अड़चन आ रही है?
पूरा देश इस समय अपमान की घूँट पिए ,कुछ न कर पाने के आक्रोश में डूबा है -क्या जन भावनाएं हमारे ही चुने हुए नेताओं की समझ में नहीं आतीं .आज याद आ रही है इंदिरा जी की जिन्होंने ऐसे ही मौकों पर तुंरत सटीक निर्णय लिए और अपने देश के शौर्य और प्रतिष्ठा को पूरी दुनिया में बनाए रखा .एक काबिल बाप की काबिल बेटी तो थी हीं वे और उससे बढ़ कर एक लौह महिला ,प्रधानमंत्री भी थीं ! आखिर हमारा वर्तमान नेतृत्व क्यों उनसे कुछ सीख नही लेता ! क्या हमारे प्रधान मंत्री सचमुच ही वही है जो वे दीखते हैं ? यानी ब्रिह्न्नला ? वे आखिर कर क्या रहे हैं ?क्या उन्होंने इस मसले पर फौरन राष्ट्रपति से बात की ? और हमारी श्रद्धेय राष्ट्रपति जी क्या कर रही है ?? मुझे एक नागरिक होने के नाते यह जानने का हक़ है -मगर मुझे कुछ पता नहीं चल रहा है ? क्या आपको पता है ? क्या वे अभी भी अपनी रोजाना की दिनचर्या में ही व्यस्त हैं ? यदि हम राजनीतिक -सरकारी निर्णय में किन्ही कारणों से हो रही देर की बात को इग्नोर भी कर दे तो क्या राष्ट्रपति जी की भी ऐसी ही कोई विवशता है जो यह राष्ट कभी समझ पायेगा ? क्या हमारे राष्ट्रपति जी ने सेना अध्यक्षों को बुलाकर उनसे सलाह मशविरा किया ? और यदि हाँ तो फिर देर क्यों ? क्यों अमूल्य समय गवायाँ जा रहा है ? यह निर्णायक क्षण है -सरकार को जन भावनाओं के अनुरूप कार्यवाही से क्या रोक रहा है ? पूरा देश साथ है -टक टकी बांधे दिल्ली की ओर ताक रहा है -निर्णय में विलंब क्यों ? क्या अमेरिका और ब्रिटेन हमारा युद्ध लडेंगे ? क्या हम आज इतने वेवश और शक्ति हीन हैं -हम शक्ति और तकनालोजी के मामले में पूरी दुनिया में अग्रपंक्ति में आज खड़े हैं .हम इतना दीन हीन क्यों दिख रहे हैं ? हे सोनिया ,हे मनमोहन अगर तुम्हे अपनी लाज ,देश की लाज और अपनी डूबती पार्टी की लुटिया बचानी है तो सामने आकर हमारा नेतृत्व करो नहीं तो दिल्ली को खाली करो ! समय बहुत कम है. कूटनीतिक गतिविधियाँ शुरू हो चुकी हैं -और देरी तुम्हे एक सही निर्णय से रोक देगी और तुम सब इतिहास से सबक न लेने की भूलों की फेहरिस्त में एक और इजाफा कर खुद कालातीत हो जाओगे !
पता तो चले कि देर क्यों हो रही है -क्या इसलिए कि पाकिस्तान जवाबी हमला कर देगा ? क्या इसलिए कि यह युद्ध नाभकीय हो जायेगा ? कि इसलिए कि मुस्लिम वोट बैंक खिसक जायेगा ? ऐसा कौन सा मुस्लिम है जो अपने देश पर हुए हमले के परिताप को सह पा रहा है -यह तुम्हारे नपुंसक सलाहकारों की गलत् राय है -पूरा देश साथ है !
इस समय न हम हिन्दू है ना मुसलमान ,न सिख ना ईसाई -हम एक राष्ट्र है -यह पूरा राष्ट्र अपील कर रहा है मरो या करो !

शनिवार, 29 नवंबर 2008

मुम्बई सदमे से अभी उबर नही पाया हूँ -आपके परिजन ,इष्ट मित्र ठीक तो हैं न ?

मुम्बई हादसे ने सहसा स्तब्ध सा कर दिया -संवेदनाओं को झिझोड़ कर रख दिया -कुछ ना कर पाने के हताशा जनक आक्रोश -पीडा ने गुमसुम और मौन सा कर दिया ! कुछ ऐसी ही स्थितियां कभी कभी मनुष्य में आत्मघाती प्रवृत्तियों को उकसाती हैं -एक तरह के सेल्फ अग्रेसन के भाव को भी ! एक राष्ट्र के रूप में हम कितना नकारा हो गए हैं -चन्द आतंकवादी सारे सुरक्षा स्तरों को सहज ही पार कर हमारी प्रभुसत्ता पर सहसा टूट पड़ते है और हम जग हसाई के पात्र बन जाते हैं !
क्या इतिहास ख़ुद को दुहरा रहा है ? क्या हम अपने अतीत से सबक नही ले पाये और आज तक काहिलियत ,अकर्मण्यता और बेपरवाह से बने हैं -एक समय था जब भारत को जब भी जिस विदेशी आक्रान्ता ने चाहा चन्द अरबी घोडों पे सवार हो अपने छोटे से दल के साथ यहाँ पहुचा और हमारे स्वाभिमान को रौंद, लूट खसोट कर वापस लौट गया ! मुम्बई की घटना में कया कही कुछ अन्तर नजर आता है -हम आज भीवैसे ही असहाय नजर आए और सारी दुनिया हमारी बेबसी को देखती रही ।
यह सब इतना सदमे वाला था कि मेरी सारी दैनिक गतिविधियों पर सहसा ही विराम लग गया .एक अजब सी बेचैनी ,बेकसी तारी हो उठी - यह ऐसा वक्त था जब सहसा लगा कि हम एक साथ हो एक जुट हो अपने दुःख और पीडा को बांटे -तभी वह शोक वाला चिन्ह दिखा और यह अपील की हम इस राष्ट्रीय त्रासदी में एकजुटता का परिचय दें और उस विजेट को अपने अपने ब्लागों पर प्रदर्शित करें .सहसा लगा हम इस घड़ी में अकेले नही हैं !
कई मित्रों ने यही किया और अकेली वैयक्तिक संवेदनाओं को साझा मंच मिल गया -कुछ राहत सी मिली .पर इस गाढे समय में भी कुछ लोग इस पूरे राष्ट्रीय सन्दर्भ से आश्चर्यजनक रूप से कटे , अलग थलग अपनी अपनी ढपली और अपना राग अलाप रहे थे -कुछ वैसी ही तर्ज पर जब प्राचीन भारत को विदेशी आक्रान्ता रौंद रहे थे -बौद्ध भिक्षु बुद्धं शरणं गच्छ का आलाप करते हुए जंगल जंगल घूम रहे थे -निस्पृहऔर निसंग !
कभी कभी मौन ही मुखर हो उठता है -शब्द बेजान हो जाते हैं .मैं उन मित्रों का बहुत आभारी हूँ ,नारी ब्लॉग का भी जिसने एक राष्ट्रीय त्रासदी में हमें यह सकून भरा अहसास दिलाया कि हम एक हैं -अपने आपसी छोटे मोटे आंतरिक विवादों के बाद भी बाहरी हस्तक्षेपों /आक्रमणों के समय हम एक समुदाय हैं ,एक इकाई हैं !
जो भाई बन्धु इस साझी संवेदना से नही जुड़ सके उनके प्रति अफ़सोस ही व्यक्त किया जा सकता है -वे लिखास के रोग से पीड़ित है और आश्चर्यजनक रूप से राष्ट्रीय मुद्दों से अलग थलग अपनी असम्पादित शब्द साधना मे जुटे हैं -
उन्हें साझा सरोकारों से कोई मतलब नही -यही वह कारण है किऐसा ही साहित्य डस्ट बिन में फेक दिया जाता है -हाशिये पर चला जाता है -साहित्य का मूल मकसद ही है जुड़ना ! जो एक राष्ट्रीय त्रासदी में भी ख़ुद को अलग थलग किए रहे -साझे सरोकार से नही जुट सके उन्हें क्या कहा जाय ?
आशा है आपके परिवार के सदस्य ,परिजन, ईष्ट मित्र सभी सकुशल होंगे .आईये हम जो कुछ घटा उस पर एक गंभीर चिंतन मनन करते हुए कुछ संकल्प लें औरऐसी घटना फिर न घटे उसकी अपने अपने ही ताई एक कार्ययोजना तैयार करें !

गुरुवार, 27 नवंबर 2008

रविवार, 23 नवंबर 2008

एक कनफेसन !

मुझे अब ऐसे ही लग रहा है कि साईब्लाग पर पुरूष पर्यवेक्षण की इस कथा यात्रा को मैं कुछ वैसी ही विवशता और किसी की सौंपी हुयी प्रतिबद्धता के सहारे घसीट घसीट कर आगे लेकर बढ़ रहा हूँ जैसे कि कभी विक्रम ने वैताल के शव को ठिकाने लगाने का निरंतर और निष्फल प्रयास किया था .मेरी विवशता यह कि ख़ुद को श्रेष्ठ और सत्पुरुष मानने के क्षद्म आत्म गुमान के चलते इस कर्म को मैं छोड़कर उन निम्न पुरुषों की कोटि में नही वर्गीकृत होना चाहता जो किसी काम को शुरू तो बड़े चाव से करते हैं पर आधा अधूरा छोड़ कर चल देते हैं -भला कोई रचनाकर्मी अपनी स्वकीया से ऐसा बर्ताव भी भला कैसे कर सकता है ? भले ही ऐसे लोगों के सिर की विक्रम के सिर की भांति चूर चूर होने की आशंका न भी हो यह तो शर्म से सिर झुकने की बात है कि कोई अपनी ही कृति को आधा अधूरा छोड़ दे -क्या कोई माँ अपने बच्चे को अधूरा जन सकती है ? तो यह है मेरी विवशता ! पर मुझे अपने सिर के शर्म से झुकने से बड़ी चिंता यह है कि मैं इस बोझ को सही ठिकाने पर लगा दूँ ,पटाक्षेप पर ला दूँ ! पर अभी तो कई बार तरह तरह के धयान भंग के चलते वैताल पकड़ से यह छूटा वह छूटा और जाकर एक अगम्य सी डाल पर जा बैठा वाली स्थिति ही चरितार्थ हो रही है -जहाँ से सायास और सश्रम मुझे उसे फिर से खींच कर ब्लाग धारा में लाना पड़ रहा है ।
और उस पर दुश्चिंता यह भी कि कुछ विश्वासी मित्रों के अतिरिक्त सुधी/विद्वान् जनों का भी कोई प्रोत्साहन मुझे इस उपक्रम पर नही मिल रहा है -मेरी स्थिति तो ऐसी ही है -जो बाबा तुलसी दास ने यूँ व्यक्त किया है -
जो प्रबंध बुध नही आदरहीं सो श्रम बादि बाल कवि करहीं
(बुद्धिमान जिस कविता का आदर नही करते ,मूर्ख ही वैसी रचना का व्यर्थ परिश्रम करते हैं )...मुझे दुःख है कि मेरे प्यारे हिन्दी चिट्ठा जगत ने नर नारी के सौन्दर्य विश्लेषण के मेरे इस विज्ञान संचार के 'मनसा वाचा कर्मणा ' अध्यवसन को भी नर - नारी समानता/असमानता विवाद /वितंडा की भेंट चढ़ा दिया .लोगों ने ,ब्लागजगत की कई नारी शख्शियतों ने मुझे बताया कि मेरे इस लेखन में उनकी टिप्पणियों के लिए उनकी लानत मलामत की गयी -उन्हें उलाहने दिए गए -क्या ऐसी प्रवृत्तियों से सहज रचना धर्मिता बनी रह पायेगी ? यह गोल बंदी नही तो क्या है ? पर यह तो लोकतंत्र है और हम संविधानिक रूप से ऐसे माहौल में रहने को आबद्ध हैं !
आज प्रुरुष पर्यवेक्षण की अगली कड़ी भारी मन से लिखने को साईब्लाग पर आया तो सहज ही यह पीडा निसृत हो गयी है -मगर यह चूंकि यह उस ब्लॉग के कलेवर के अनुरूप नही है अतः यहाँ लाया हूँ -एक दुखी दिल लाया हूँ की तर्ज पर -पढ़ें और आनंद उठाएं मेरी दशा पर रहम फरमाएं या ना फरमाएं !

रविवार, 16 नवंबर 2008

आप किसी सम्मलेन में शरीक तो नही होने जा रहे ?

आप किसी सम्मलेन में शरीक तो नही होने जा रहे ? यदि हां तो कृपया गौर फरमाएं ! अभी मुझे एक राष्ट्रीय सम्मेलन -विज्ञान कथा :अतीत ,वर्तमान ऑर भविष्य के आयोजन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ जिसमें देश के कोने कोने कोने से १०० से ज्यादा ही प्रतिभागियों ने भाग लिया -अकेले दक्षिण भारत से ही २२ प्रतिभागी आए थे .पूरा कार्यक्रम बनारस में संपन्न हुआ .चूंकि विज्ञान कथा मेरे लिए किसी पैशन से कम नही अतः इस विधा के लिए मैं कोई भी वैयक्तिक असुविधा ,असहजता झेलने को तैयार रहता हूँ .तथापि एक आयोजक के रूप में मुझे ऐसे कुछ ऐसे अनुभव हुए हैं जिन्हें आपसे इसलिए साझा करना चाहता हूँ ताकि यदि आप कभी ख़ुद आयोजक बनें तो ध्यान में रखें ऑर यदि कहीं प्रतिभागी बने तो ऑर भी धयान में रखें -एक समर्पित आयोजक जो अपने सभी प्रतिभागियों के रहने खाने पीने का पूरा इंतजाम रखता है वह भी कुछ ऐसी बातों से क्लांत हो जाता है मसलन -
1-ज़रा मैं कुछ देर के लिए एक वाहन चाहता हूँ -सोच रहा हूँ यहाँ आया हूँ तो फलाने से भी मिल आता .काफी दिनों से उनसे मुलाक़ात नही हुयी ।
२-मैं तो आपके ठहराए स्थान पर नहीं रूकूंगा क्योकि यहाँ तो मेरे रिश्तेदार फलां फलां जगह ,अरे वही बरगद के पास वाली गुमटी के पीछे रहते हैं अतः वहां से मुझे लेने- छोड़ने की व्यवस्था कर दें (अगर ऐसी अपरिहार्यता हो तो पहले से ही बोल कर रखें )
३-जल्दी में मैं अपना पावर पाईंट नही बना सका यह लीजिये यह रहा मैटर ज़रा बना के मंगवा दें प्लीज .
४-भाईआप तो जानते हैं कि मैं गिद्ध भोज (बुफे )नही करता -मेरे लिए कहीं अलग से इंतजाम करा दें (पहले से बोल रखें )
५-मैं तो जहाँ निरामिष भोजन बनता है वहां खाना नही खाता -अगर असुविधा न हो तो मेरे और अपनी भाभी के लिए कचौडी गली से पूडी कचौडी ही मंगा दें !
५.बनारस आया और भोले बाबा का दर्शन नही किया तो जीवन ही निस्सार हो जायेगा -भाई दर्शन का इंतजाम हो जाता तो फिर मजा ही आ जाता -तो ख़ुद न चले जाईये भाई साहब ,आख़िर रोका किसने है ।
६-मैं तो बिना गरम पानी के दाढी नही बनाता अभी तक इंतजाम नही हुआ (नहाने की बात जायज है पर यह दाढी वाली बात .....!)
७-पहले तो मैंने सोचा था कि बाम्बे मेल से चला जाउंगा पर अब ज़रा मैं अपनी एक मौसेरे भाई से मिलने भोपाल होकर जाने का सोच रहा हूँ -सेकंड ऐ सी फेयर तो आप दे ही रहे हैं ,चलिए निरस्तीकरण चार्ज मैं दे दूंगा अंब इस रूट से मेरा टिकट कटवा दीजिये /थोडा किराया अधिक लगेगा .
८-मिश्रा जी दरअसल पराड़कर जी का स्मृति दिवस भी बनारस में १६ से है आपका कार्यक्रम १४ को समाप्त हो रहा है कृपा कर दो दिनों तक और मेरे आवासीय और खाने पीने का खर्चा आयोजन मद से कर दें ।
९-आप मिश्रा जी हैं ? अरे साहब ये मेरे चार स्टुडेंट मान ही नही रहे थे आपके कार्यक्रम मे आने के लिए इतना जिद कर बैठे कि तत्काल कोटे से बंगलौर मेल से टिकट कटा कर आज ही सुबह हम लोग आप पर अहसान करने आ गए हैं बताएं कहाँ रुकना है ? क्षमां करेंमैं आपको पूर्व सूचना नही दे सका {बिना कोई पूर्व सूचना के सदल बल धमक आए लोग ! )
१० .मिश्रा जी मैं प्रोफेस्सर यादव हूँ आपके कार्यक्रम की सूचना देर से मिली मैंने आपको मेल किया था आपका कोई जवाब नही मिला और तत्काल टिकट भी नही मिल सका इसलिए किंग फिशर फ्लाईट से आ गया हूँ मैं वेनूयु भी नही जानता -"पर कार्यक्रम तो १४ को ख़त्म हो गया !" नही मुझे तो मालूम है कि यह १४ से शुरू हो रहा है -बहरहाल आप कहाँ रहते हैं ? वही आ जाता हूँ आपके साथ चाय भी पी लूंगा और टी ए तो आप दे ही देंगे मैंने फलाने से बात कर ली है .
कृपा कर आप किसी आयोजन में शरीक हीन जा रहे हों तो ऐसे आत्याचारियों सरीखे व्यवहार न करें न तो मुझ जैसा समर्पित व्यक्ति भी उन्ही आयोजकों की कतार में जा खडा हो जायेगा जो अपने प्रतिभागियों की तरह तरह से दुर्गति करते है और अपमानित करके विदा करते हैं .मुझे एक राहत है कि मैं कोई पेशेवर आयोजक नही हूँ पर यह पोस्ट इसलिए कि लोग पेशेवर प्रतिभागी बनने से भी बाज आयें !

बुधवार, 29 अक्टूबर 2008

गाँव में ब्राडबैंड के साथ मैंने जगाई अपनी दीवाली (एक माईक्रो पोस्ट )!

अब गाँव कैलाश गौतम की मशहूर रचना' गाँव गया था गाँव से भागा 'से कुछ अलग रूख अपना रहे हैं यानी आकर्षण उत्पन्न कर रहे हैं -अब जैसे दूर संचार की क्रान्ति ही ले लीजिये .मैं अपने पैतृक गाँव दीवाली मनाने के लिए आया -मेरा गाँव राष्ट्रीय राजमार्ग ५६ पर जौनपुर शहर से १७ किलोमीटर दूर लखनऊ की दिशा में है .मेरे अनुज डॉ मनोज मिश्रा ने लैपटाप एक वर्ष पहले खरीदा था ,मगर केवल wll पर इन्टरनेट की सुविधा जो कि बहुत धीमी थी के चलते ब्लाग लेखन में पदार्पित नहीं हुए थे -कल ही यानी ठीक दीपावली के दिन ही बी एस एन एल ने यह सुविधा भी यहाँ मुहैया करा दी और हम लोगों की दीपावली मानों जग गयी -दीपावली पर एक ब्लॉगर को इससे बढ़कर क्या सौगात चाहिए -मैं यह पोस्ट अनुज के ही लैपटाप से ब्राडबैंड के जरिये कर रहा हूँ -हर हुनर वाले दीवाली के दिन अपने हुनर को आजमाते है -जगाते हैं और गाव में आकर भी मैंने अपनी ब्लाग्जीविता को जगा लिया है और फूल कर कुप्पा होरहा हूँ -अब भाई मनोज के चिट्ठाजगत में लाने की तैयारी शुरू हो गयी है -उनके भी ब्लॉग को आपका स्नेह मिलेगा -अभी तो नामकरण की चर्चा चल रही है -एक नाम पर विचार चल रहा है -मा पलायनम ! यह कैसा रहेगा ? अरे यह तो माईक्रो पोस्ट होनी थी ..अतः विराम !

शनिवार, 25 अक्टूबर 2008

आईये दीपावली पर हम करें उल्लू स्तवन !


दीपावली पर हम मैया लक्ष्मी की पूजा की तैयारियां कर रहे हैं तो लगे हाथ लक्ष्मी मैया के वाहन का भी पूजन- स्तवन हो जाय !
पर क्या कभी आपने विचार किया कि लक्ष्मी वाहन उल्लू ही क्यों ? सरस्वती का वाहन हंस है -फिर लक्ष्मी का वाहन उल्लू क्यों ? उल्लू जिसे मूर्खता के अर्थ में रूढ़ मान लिया गया है .पर क्या उल्लू सचमुच मूर्ख है ?
वैज्ञानिक राय बिल्कुल भिन्न है -वे उल्लू को एक बेहद सजग रात्रिचर प्राणी मानते हैं -उसका मुंह तो देखिये दीगर परिंदों से बिल्कुल अलग उसके "धीर गंभीर " से चेहरे पर आंखे बिल्कुल सामने हैं .वह हल्की सी आहट पर चौकन्ना हो जाता है .शायद इन्ही खूबियों के चलते हमारे आदि कवि मनीषियों ने लक्ष्मी को वाहन के रूप में उल्लू का तोहफा दिया होगा ? पर एक अच्छे खासे से पक्षी को भारतीय सन्दर्भ में उल्लू क्यों मान लिया गया ? जीहाँ यूनान में उल्लू बुद्धि का प्रतीक माना गया है -अंगेरजी में ऐन आवलिश अपियर्रेंस का मतलब ही है विद्वता पूर्ण चेहरा और अक्सर न्यायधीशों के लिए 'ऐन आवलिश अपीयरेंस ' का जुमला इस्तेमाल होता है .वह कविता भी आपने शायद सुनी पढी हो -एक विग्य उल्लू बैठा था ओक की डाल पर ......
फिर ये माजरा है क्या -उल्लू यहाँ भारत में ही उल्लू क्यों है ? यह मामला है सदियों से विपन्नता का दंश झेल रहे भारतीय कवि मनीषियों का जिन पर लक्ष्मी कभी भी कृपालु नहीं रहीं -तो यह एक खीझ है जो कभी हजारो साल पहले हमारे पूरवज मनीषियों ने लक्ष्मी पर उतारी थी, उन्हें वाहन के तौर पर उल्लू अलाट कर और उसे मूर्खता का जामा पहना कर ।
किसी भी विद्वान को लें लक्ष्मी न जाने क्यों उससे रूठी हुयी हैं -अब अपवाद के तौर पर ऐसे लोग भी दिख जाते eहै जिन पर सरस्वती और लक्ष्मी दोनों की कृपा होती है मगर पुराण -इतिहास गवाह है विद्वान् ज्यादातर पैसे कौडी के मामले में 'दरिद्र' ही रहे हैं -उन पर लक्ष्मी कभी भी कृपालु नही रही हैं -इसलिए ही विद्वानों को ख़ुद को सरस्वती पुत्र eकहलाने में ज्यादा गौरव की अनुभूति होती है .और उहोने भी सदियों से ही लक्ष्मी की घोर उपेक्षा से खिन्न होकर उनके साथ सरस्वती की तुलना में काफी भेदभाव किया है और अपनी खीझ मिटाई है ।
अब यही देखिये सरस्वती को उन्होंने वाहन के रूप में हंस अलाट किया -कितना सुन्दर है हंस -यही नही उसमें नीर क्षीर विवेक की भी क्षमता डाली -वह केवल मानसरोवर का मोती चुगता है .जब लक्ष्मी जी को वाहन अलाट करने की बात आयी तो उनके लिए ऐसे वाहन की तलाश शुरू हुई जो रात्रि चर हो क्योंकि धन /कालाधन कमाने के सारे कामधाम रात के अंधेरे में ही संपन्न होते हई ,वह वाहन मांसाहारी हो यानी वैष्णवी वृत्ति से दूर ! मजेदार तो यह कि विष्णु को भी धता बता कर एक घोर अवैष्णवी वाहन लक्ष्मी को दिया गया .यह घोर मांसाहारी है -क्रूरकर्मा है .आदि आदि और लगता है इससे भी कविजनों को संतुष्टि नही हुई तो उसे मूर्खता के अर्थ मे भी रूढ़ कर प्रकारांतर से मानो यह कहा गया कि लक्ष्मी केवल उल्लुओं पर ही मेहरबान होती हैं - लक्ष्मी द्बारा की जा रही उनकी घोर और निरंतर उपेक्षा से ऊब कर उनके प्रति अपना आक्रोश यूँ जाहिर कर दिया और वृथा न जाई देव ऋषि वाणी के अनुसार वह व्यवस्था कालजयी बन गयी है ।उल्लू उल्लू न होने के बावजूद भारतीय मनीषा में मूर्खता का पर्याय बना है .
अब ज्ञानी जन भी यह मानते भये हैं कि बदलते परिदृष्य में वित्त का जुगाड़ ज्यादा जरूरी है .अतः हे माँ लक्ष्मी के वाहन मैं तुमसे अपने पुरनियों के किए धरे की माफी माँगता हूँ -तू तो मेरे घर का द्वार लक्ष्मी मैया को दिखा और इस नयी नयी हिन्दी ब्लॉगर बिरादरी के यहाँ भी उनका कम से कम एक विजिट करा दे .....हम तुम्हे ज्ञानी मानते हैं -हम नए युग के लोग है अर्थ की महिमा को बखूबी मानते हैं -अतः हे निशाचर मुझ अकिंचन पर भी रहम कर -हमारे पूर्वजों के किए धरे की खामियाजा हमसे मत वसूल -हम हंस को नही अब तुम्ही को पूजने को तैयार है - अभी से इसी दीपावली से ! जय उल्लू भ्राता की ! जय लक्ष्मी मैया की !
मित्रों आप सभी को दीपावली पर्व पर सुख -समृद्धि की हार्दिक शुभकामनाएं !

मंगलवार, 21 अक्टूबर 2008

ब्लॉगर या टिप्पणीकार -काके लागूं पायं !

अनूप शुक्ल जी के लिए सचमुच यह भाव सच्चे मन से निःसृत हो रहा है कि वे ब्लागजगत के एक कुशल टिप्पणी भाष्यकार हैं -अभी एक दो दिन पहले ही उनका टिप्पणी भाष्य का नया संस्करण आया है उनके चिट्ठे पर -आपको भी याद होगा .जिन्हें याद नही उनके लिए शायद यह चर्चा नही है .उन्होंने अपनी बात शास्त्री जी के टिप्पणी वाली चर्चित पोस्ट पर लिखी थी -पहले भी इस खाकसार की टिप्पणी वाली पोस्ट पर उन्होंने जो टिप्पणी की थी उसमें अपने एक पहले के टिप्पणी चर्चा का जिक्र किया था -लुब्बेलुआब यह कि टिप्पणी शास्त्र पर उनका अब एकाधिकार सा होता जा रहा है -और यह बात मैं अभिधा में ही कह रहा हूँ कोई यमक या श्लेष नहीं .मैंने इन्हे टिप्पणी शास्त्र विशारद तभी मान लिया था जब उन्होंने यह जोरदार टिप्पणी की कि ज्ञान जी का ब्लॉग वहाँ आने वाली टिप्पणियों के लिए ही जानी जाती हैं -हाँ वहाँ ऐरो गैरों की सचमुच नही चलती क्योकि मैंने भी यह समझ बूझ लिया है कि जो ज्ञानी पुरूष की अभिजात्य मानसकिता होती है या होनी चाहिए -ज्ञान जी उसकी प्रतिमूर्ति हैं ,तो वहां जाने पर ज़रा कैजुअल अप्रोच से काम नही चल पाता इसलिए सभी यहाँ तक कि ख़ुद अनूप जी भी वहाँ अतिरिक्त सावधानी से ही टिप्पणियाँ करते हैं और ज्ञान जी के आभा मंडल को परिधि में बनाए रखते हैं (ताकि वह बिखर ना जाए ) ।
अभी अभी चिट्ठा चर्चा में हीएक मसला -मत विमत ऐसा भी आया कि कुछ मित्र केवल अपने ही लिखे पर आत्ममुग्ध हो टिप्पणियों कीअपेक्षा करते हैं -दूसरों की पढने की इच्छा ही नही करते -मानों वे सर्व ज्ञान संपृक्त हो चुके हों -मैं भी ऐसे कई लोगों को जानता हूँ ।
कभी कभी तो यही लगता है कि बीच बीच में हिन्दी जगत के पुरोधा चिट्ठाकारों को अपना महान लेखन सप्ताह -पखवारे तक स्थगित कर दूसरों का लिखा ही पढ़ते रहना चाहिए और खूब मुक्त भाव से यथा सम्भव और यथोचित टिप्पणियाँ उसी मनोयोग से करनी चाहिए जैसे कि वे अपना ख़ुद का चिट्ठा ही लिख रहे हों -पर उपदेश कुशल बहुतेरे की बात नहीं यह मैं ख़ुद शुरू करने की गंभीरता से सोच रहा हूँ .इससे कई फायदे होंगे -हम दूसरों केलेखन से जहाँ मनोयोग से परिचित होंगे वहीं एक सहिष्णुता का भाव भी ब्लॉग जगत में व्याप्त /व्यापक होगा जिसकी आज जरूरत है -अनूप जी ने भी इस बातको टिप्पणी मे ही कहा है कि दूसरों की बात के मर्म को ठीक से लोग समझे और संवाद कायम करें .तभी सार्थक चर्चा का नैरन्तर्य बना रहेगा .अब उनकी यह नसीहत ठीक से समझी गयी या नहीं राम जाने !
पता नहीं क्या क्या बातें मन में उमड़ घुमड़ रही थीं जो यह पोस्ट शुरू की पर अब इसका उपसंहार किया जाए -
समीर जी का सचमुच कितना प्रणम्य व्यक्तित्व है कि वे कितने ही पोस्टों को पढ़ते हैं टिप्पणियाँ करते हैं और अपना हर बार का धांसू फांसू पोस्ट भी लिखते हैं ,वे अभी तक तो हिन्दी ब्लागजगत के कालिदास ही हैं क्योंकि उनके बाद दूसरेनंबर पर तो कोई दीखता नहीं -तीसरे नंबर पर ज्ञान जी हैं ,शास्त्री जी हैं और कई और भी विद्वान् तेजी से उभर रहे हैं ।
तो समीर जी एक सफल चिट्ठाकार के साथ ही एक प्रखर टिप्पणीकार भी हैं ! एक परफेक्ट ब्लेंडिंग ! और बाकी सब चिट्ठाकार ज्यादा टिप्पणीकार कम हैं -एक अपवाद है अनूप जी जो चिट्ठाचर्चा के ही बहाने विशुद्धतः टिप्पणी चर्चा ही तो कर रहे हैं -वे एक टिप्पणीकार है -टिप्पणी भाष्य कार भी हैं .अब मैं निष्पत्ति पर आ रहा हूँ -किसके पायं लगूं -एक महान चिट्ठाकार के या किसी महान टिप्पणीकार के ! अभी महान चिट्ठाकार का शायद अवतरण नही हुआ है -समीर जी अगर टिप्पणी कम कर दे तो अवश्य उस श्रेणी में आ जायेंगे पर शायद यह होगा नहीं और तब तक अनूप जी को ही एक विद्वान टिप्पणीकार भी स्वीकार करते हुए उनके पायं -जो पता नही धोती में छुपे हैं या पतलून या पैंट में ,लगना ही श्रेयस्कर है .आईये हम एक श्रेष्ठ टिप्पणीकार का अनुसरण करें -महाजनों ये गतः सा पन्थाः !

गुरुवार, 9 अक्टूबर 2008

यादें -पुण्यस्मृति दिवस की !


५ अक्टूबर को पिता जी का पुण्य दिवस था .यह विगत ९ वर्षों से एक आयोजन के रूप में मेरे पैतृक निवास -चूडामणिपुर ,बख्शा ,जौनपुर में मनाया जाता रहा है .ऐसा नहीं है कि उन उनके दोनों पुत्र -एक मैं और मेरे अनुज डॉ .मनोज मिश्र बहुत लायक पुत्र हैं और एक अनुकरणीय कार्य कर रहे हैं .बल्कि यह एक जन कार्यक्रम है ,बहुत अच्छी शिक्षा और मेधा के बावजूद पिता जी गावं में ही रह गए -और आज उनकी लोक गम्यता ही प्रतिस्मृति के रूप में उन्हें वापस हो रही है -लोगों की उनके प्रति यह स्वप्रेरित श्रद्धांजलि है जो हर वर्ष उनकी स्मृति को तरोताजा करती है .अंगरेजी की एक कहावत है कि जीवन में जैसा निवेश आप करते हैं वही आपको उत्तरार्ध में वापस होता है . पिता जी की रचनाएं सरस्वती में छपी , वे कल्याणमन लोढा और आचार्य विष्णु कान्त शास्त्री जी के स्टुडेंट रहे .रामचरित मानस में उनका अगाध प्रेम था -भारतीय वांग्मय पर तो उनका अध्ययन विस्मित करने वाला था -इस ब्लॉग पर समय समय पर उनकी रचनाएं भी आपको पढने को मिलेंगी .साहित्यानुराग मेरी नजर में उनका ऊज्वल, सबल पक्ष था और राजनीति में रूचि दुर्बल पक्ष .शायद राजनीति ने उनकी असीम संभावनाओं पर ग्रहण भी लगाया . सभी तो आदरणीय अटल बिहारी वाजपेयी नहीं हो सकते जिन्होंने कविता और राजनीति को साथ साथ साध लिया .

उन्हें नौकरी और किसी की दासता स्वीकार नहीं थी -उनका आदर्श वाक्य ही था -पराधीन सपनेहुँ सुख नाहीं .यह कोई बहुत पुरानी बात नहीं है -मुझे अफसोस होता है कि इस बात पर मुझ मूढ़ द्वारा बहस कर उनका कईबार दिल दुखाया गया .पर आज लगता है मनुष्य जैसे नश्वर और क्षणभंगुर जीव के लिए समझौते करते रहना सचमुच कोई पुरुषार्थ नहीं है -उन्होंने अपने शर्तों पर जीवन जिया और आज क्षेत्र में अपनी यशः काया में जीवित हैं ।
मैं सोचता हूँ मैंने तो एक चाकरी कर ली है पर क्या इस स्थूल शरीर के बाद भी मुझे कोई जानेगा ? वैसे ऐसी मेरी कोई इच्छा नहीं है पर कहते हैं न कि अमरता की चाह तो सभी में होती है -सभी अपनी यशः काया में बने रहना चाहते हैं .
पर मुझे कभी कभी यह सुखानुभूति अवश्य होती है कि मैं एक बहुत ही योग्य पिता का पुत्र हूँ और इसलिए ख़ुद को नालायक भी नहीं कह सकता -क्योंकि आत्मा वै जायते पुत्रः .
पुनश्च -मित्रों यह मेरी एक नितांत निजी पोस्ट है ,आप पढ़ तो लें पर टिप्पणी आवशयक नहीं .

शनिवार, 4 अक्टूबर 2008

महाभ्रष्ट हूँ क्या कर लोगे ?

महाभ्रष्ट हूँ क्या कर लोगे ?
गर्व से कहता ताल ठोंक कर -
महाभ्रष्ट हूँ क्या कर लोगे ?
चाहे जितना ही लिख मारो
प्रवचन करते रहे शास्त्र पर ,
नही असर पड़ने वाला है
वज्र हुआ ईमान बेच कर ।
नित नूतन महफ़िल सजती है ,
स्वर्ग कैद है हाथ हमारे ।
मरे थैलों पर चलते हैं -
मुल्ला पंडित कवि बेचारे ,
गर्व से कहता ताल ठोक कर
महाभ्रष्ट हूँ क्या कर लोगे ?
सुरा सुन्दरी की दुनिया से
किंग कोबरा सा फुफ्कारे
काले धन के उच् शिखर से
हाथ उठा फिर फिर ललकारे
भ्रष्ट रहा हूँ ,भ्रष्ट रहूँगा -
चाहे जितना जोर लगा ले !
गर्व से कहता ताल ठोक कर
महाभ्रष्ट हूँ क्या कर लोगे ?
टूटे नेता टूटे अफसर
टूटी जनता टूटी आशा
विद्यामंदिर भी सब टूटे
टूट रहा समाज का नाता ,
सब कुछ टूट चुका है लेकिन
मैं दिन प्रतिदिन बढ़ता जाता ,
गर्व से कहता ताल ठोंक कर
महा भ्रष्ट हूँ क्या कर लोगे ?
प्रेस मालिक अपना जिगरी है
सम्पादक ? मेहमान हमारे !
राजा दादा ,अपना ही है
कौन तुम्हारे है रखवारे ?
साक्ष्य हमारे टुकडों जीता
न्याय हमारे पाकेट में है
शासन मेरी बाट जोहता
सारी सत्ता साथ हमारे
जो सक्षम हैं वे सब मेरे-
किसके बल तुम आँख दिखाते
गर्व से कहता ताल ठोंक कर
महाभ्रष्ट हूँ क्या कर लोगे ।
(राजेन्द्र स्मृति से साभार ,२०००)
यह कविता स्वर्गीय पूज्य पिता जी,डॉ राजेंद्र प्रसाद मिश्र (५ सितम्बर १९४०-५ अक्टूबर १९९९) ने १९९० के आसपास लिखी थी .कल उनका पुण्य दिवस है और मैं इस अनुष्ठान में भाग लेने गावं (जौनपुर ) जा रहा हूँ .वहाँ नेट की सुविधा अभी नही है इसलिए यह कविता श्रद्धांजलि स्वरुप क्वचिदनयतोअपि पर आप मित्रों के लिए छोडे जा रहा हूँ ! उम्मीद है पसंद आयेगी !




मेरी ब्लॉग सूची

ब्लॉग आर्काइव