प्रातः दर्शनीय शुक्र और बृहस्पति -शुक्र उदय हो रहा है! सौजन्य -अस्ट्रोनोमी गो गो
गत्यात्मक ज्योतिष के दावे की जांच के लिए मैं अपने ग्राम्य प्रवास की २४ अप्रैल की ब्राह्म बेला में उठा और तुरत फुरत पूर्वाकाश को निहारने भागा ! पूर्व दिशा में दो तारे बहुत ही तेज आभा बिखेर रहे थे ! अरे ये तारे नही दो ग्रह थे -बृहस्पति/जुपिटर ( देवताओं के गुरु ) और शुक्र /वीनस ( राक्षसों के राजा ) जिन्हें आम तौर पर इवेनिंग स्टार ( misnomer ! ) कहा जाता है क्योंकि ये अक्सर लोगों को शाम के समय दीखते हैं !
मैं पूर्वाकाश में इन दोनों ग्रहों के दृश्य सौन्दर्य से स्तंभित सा रह गया ! गत्यात्मक ज्योतिष के दावे के अनुसार चाँद को भी दिखना था मगर चाँद तो सिरे से नदारद था और सुबह होने तक उसका अता पता नही था ! जबकि दावा यह किया गया था कि यह शुक्र के साथ सुंदर युति बनाएगा ! महज पत्रा-पंचांग देख कर आकाशीय भविष्यवाणियों का कभी कभी यही हश्र होता है ! बहरहाल चाँद का न होना मेरे लिए तो छुपा हुआ वरदान ही साबित हुआ क्योंकि उसकी रोशनी न होने से शुक्र और बृहस्पति और भी दीप्तिमान हो रहे थे !
बृहस्पति जल्दी ही उदित होकर क्रान्तिवृत्त ( जिस तलपट्टी पर सारे ग्रह सूर्य की परक्रमा करते हैं ,क्रान्ति वृत्त है !यह आसमान में ऊत्तर पूर्व क्षितिज से एक रेखा में दक्षिण -पश्चिम क्षितिज तक विस्तारित है जिस पर सारे ग्रह चलते दीखते हैं ! ) की पट्टी पर काफी आगे निकल चुके थे ,आख़िर देवताओं के राजा जो ठहरे और शुक्र उनके नीचे मानों उनका तेजी से पीछा कर रहे हों ,ऐसे दिखे !
गावों में पूर्व में शुक्र को उगने को किसी महापर्व से कम नही माना जाता -लोक जीवन में शुकवा का यही उदय कई मांगलिक कामों खासकर व्याह शादी की शुरुआत की उद्घोषणा माना जाता है ! आजकल के फलित ज्योतिषी आसमान में न देखकर पत्रा में देखकर ही शुक्र उदय की घोषणा करते है और यह कैसी विडम्बना है कि वह आसमान में कहीं ज्यादा स्पष्ट और सुंदर दीखते है ! यह बहुत अजीब सा लगता है कि एक ओर तो शुक्र भारतीय मिथकों में राक्षसों के राजा हैं तो फिर वे लोकजीवन में मांगलिक कामों के मसीहा क्योंकर हुए ! किसी फलित ज्योतिषी से पूँछिये तो वह ऐसे सवालों का बस उल जलूल उत्तर देने लगेगा !
दरअसल आज की हमारी संस्कृति विभिन्न संस्कृतियों के मेल से विकसित एक मिश्रित और अपने में न जाने किन किन देशों के रीति रिवाज और यहाँ तक कि परस्पर विरोधी मान्यताओं को भी समेटे हुए है ! शुक्र (शुक्राचार्य ) हमारे यहाँ भले ही राक्षसों के राजा हैं वे यूनान में स्त्रीलिंग हो प्रेम की देवी के रूप में पूजित हैं ! अब कौन नहीं जानता की भारत के फलित ज्योतिष पर यूनानी और बेबीलोन सभ्यताओं की भी गहरी छाप है ! तो हमने इन दोनों मान्यताओं जिसमें एक ओर शुक्र दैत्यों के गुरुदेव हैं और दूसरी और प्रेम की देवी के रूप में प्रतिष्ठित भी हैं के बीच समन्वय कर लिया है ! आज जब शुक्रोदय से व्याह शादी के मूहूर्त तय होने लगते हैं तो बहुत संभव है की हम शुक्र के प्रेम की देवी वाले रूप के ही स्मृति शेष का स्तवन कर रहे होते हैं !
कृष्ण ने तो गीता में यहाँ तक कह दिया है -" कविनाम उसना कविः " -शुक्र के कई नाम हैं जिसमें एक नाम उसना भी है ! अब देखिये कृष्ण स्वयं कह रहे हैं की वे कवियों में शुक्राचार्य हैं -जैसे कि राग रंग .कविताई सभी आसुरी वृत्तियाँ हों ! मजे की बात है कि राग रंग नाचना गाना इस्लाम में वर्जित सा है ! क्या कभी कोई ऐसी विचारधरा भी भारतीय मनीषा में उपजी जिसने आमोद प्रमोद कविता कला ,अन्य विभिन्न कलाओं का प्रतिषेध किया हो -जैसे वे मानव के अंतिम अभीष्ट /श्रेय के मार्ग में रोड़ा अटकाती हों ! क्यों नहीं , इस्लामी मान्यताओं में ऐसा ही तो है ! प्रकारांतर से ये आसुरी वृत्तियाँ कही गयीं ! अब भला राक्षसों के गुरू शुक्राचार्य में इन का परिपाक क्यों न हुआ हो ! तो क्या प्रकारांतर से इस्लाम के अनुयायी असुर नहीं हैं -आदि देवता हैं ? कितना घालमेल है ना ? तभी कृष्ण यह उदघोषित कर देते हैं कि वे कविताई में शुक्राचार्य हैं ! बस इस्लामी मान्यता हो गयी तिरोहित ! अब कृष्ण भी हमारे पूज्य हैं तो उनकी हर बात हमें पूज्य है ! जाहिर है भारतीय चिंतन मनीषा में इसलामी विचारधारा को नकारने का यह भी एक प्रयास रहा होगा जब गाने बजाने को ,कविताई और आमोद प्रमोद को मुख्य धारा में समाहित कर लिया गया -भले ही वह आसुरी वृत्ति रही हो -इस्लाम विरुद्ध हो !
तो हे ब्लॉगर मित्रों ,शुक्र दर्शन ने मेरे मन में चिंतन की यह आंधी भी चलायी जिसके चपेट में आप भी आ गए ! हाँ अनुरोध यह है कि गत्यात्मक ज्योतिष की अधिष्ठात्री संगीता जी अपने काम को और भी मनोयोग और उत्तरदायिता के साथ करें ।
उनसे यह अनुरोध भी है और शुभकामना भी ! हाँ उनका मैं बहुत आभारी हूँ कि वही हेतु बनीं हैं इस शुक्र दर्शन और चिंतन का !

