बिखरे मोती में एक से बढ़कर एक कुल १४ गजलें समाहित हैं -पहली ही गजल अपनी ओर एक चुम्बकीय आकर्षण के साथ पाठक को आमंत्रित करती है -
"दम सीने में फंसा हुआ ,कमबख्त न निकले
तिरछा सा वार बाकी है इक तेरी नज़र का " (पृष्ट ७३)
अब इधर भी देखिये की क्या ये किसी व्याख्या की मांग करती हैं ?
" फैल कर सो सकूं इतनी जगह मिलती नहीं
ठण्ड का बस नाम लेकर मैं सिकुड़ता गया "(पृष्ठ & 77)
जन स्मृतियाँ दुर्भाग्य से कितनी अल्पकालिक होती हैं इस पर कवि का यह गहरा कटाक्ष तो देखिये -
"कल मरे थे लोग कितने ,रो रही थी ये जमी
महफिले सजने लगेगीं देख लेना शाम से " ( पृष्ठ -८३)
जीवन के एक कटु सत्य और नग्न यथार्थ से साक्षात्कार करती ये पंक्तियाँ मन को सहसा विषणण कर देती हैं मगर किया क्या जाए मानों जनजीवन की यही नियति बन गयी हो ! अब भला कितने लोगों को याद है मुम्बई का आतंकवादी हमला ?
समीर लाल के मुक्तक स्नेह सम्वेदना ,प्यार तकरार ,विछोह विप्रलम्भ से पूरी तरह लबरेज हैं -"जो मुझसे प्यार करती है " शीर्षक मुक्तक की इन पंक्तियों पर जरा गौर फरमाएं -
" कभी इनकार करती है ,कभी इकरार करती है
बड़ी नादान लडकी है , जो मुझसे प्यार करती है ( पृष्ठ -८९)
कवि अपनी या खुद के रचना कर्म की कालजीविता के प्रति कोई मुगालता नहीं पालता -
" आज मैं हूँ कल मेरा ये नाम बस रह जायेगा
वक्त की आँधीं में वो भी इक दिन बह जायेगा
( पृष्ठ -९०)
पर यह नीर क्षीर विवेक /न्याय भी तो काल बली के हाथ ही है ! मगर ये मौलिक रचनाएँ अपने भविष्य के प्रति आश्वस्त तो करती हैं ! कवि की "तुम " शीर्षक की चार मुक्तक कवितायेँ वर्ड्सवर्थ की ही परम्परा में अपनी गर्विता प्रेयसी ( बोलो कौन ? ) को समर्पित है जो प्रेम और विछोह के उतार चढाव की तासीर लिए हुए हैं ! मुक्तकों के कई अन्य रूप रंग राजनीति ,धर्म और प्यार के प्रभावी अवयव समेटे हुए हैं !
क्षणवाद की फिलासफी भले ही अज्ञेय से गुजर कर आज भी अज्ञेय ही है मगर समीर लाल की क्षणिकाओं का प्रभाव कतई क्षणभंगुर नही है -लाचारी ,आरक्षण ,इंसान शीर्षक क्षणिकाएं गहरा प्रभाव डालती हैं.अन्तिम क्षणिका कवि की रचना प्रक्रिया से अवगत कराती है -
और अंत में
हाथ में लेकर कलम
मै हाले दिल कहता रहा
काव्य का निर्झर उमड़ता
आप ही बहता गया

[समीक्षित पुस्तक:
बिखरे मोती
(काव्य संग्रह )
रचनाकार -समीर लाल 'समीर '
प्रथम संस्करण :२००९
प्रकाशक -शिवना प्रकाशन ,सीहोर, मध्य प्रदेश
मूल्य २०० रूपये मात्र ]
