बुधवार, 7 जनवरी 2009

एक अफसर जो ब्लागरों में न्यारा है -ज्ञानदत्त जी (चिट्ठाकार चर्चा )

मैं घने कुहांसे के बावजूद भी चिट्ठाजगत के इस चेहरे को साफ़ साफ देख पा रहा हूँ ! यह जाना पहचाना चेहरा है ज्ञानदत्त पाण्डेय जी का जो दरअसल यहाँ किसी परिचय का मुहताज नही है .मेरे जैसे रंगरूट ब्लॉगर का उनके बारे में कुछ लिखना किसी ध्रिष्ठता से तो कम नही पर न जाने यह कैसी बेहयाई है जो मुझे बेबस कर रही है कि मैं कुछ जरूर व्यक्त करुँ इस ब्लॉगर ह्रदय सम्राट के बारे में ! तो नत नयन कुछ पुष्प समर्पित कर रहा हूँ -ज्ञानदत्त जी तो ज्ञानी हैं हीं अन्य ज्ञानी जन भी मेरी किसी भी भूल को अनदेखा कर के स्नेह बनाये रखेंगे .और मां सरस्वती भी मुझ पर स्नेह बनाए रंखेगी , नाराज नहीं होगी क्योंकि बाबा तुलसी उन्हें पहले से ही यह कह कर संवेदित कर चुके हैं -"कीन्हे प्राकृत गन गुण गाना सिर धुन गिरा लाग पछताना ! " माँ ,मैं तुम्हे आश्वस्त कर दूँ कि जिन चिट्ठाकारों को मैं चिट्ठाकार के रूप में चुन रहा हूँ वे बस प्राकृत जन ही नहीं हैं -यह आप रियेलायिज करोगी मां ! यहाँ मैं ज्ञानदत्त जी को अपने प्रिय संबोधन ज्ञान जी से ही संबोधित करूंगा -वैसे इस संबोधन के एक दूसरे विद्वान ब्लॉगर की भी अब खासी पहचान बन गयी है .
मुझे याद है ब्लॉग जगत में मुझे सबसे पहली टिप्पणी ज्ञान जी की ही मिली थी जो उन्होंने साईब्लाग पर मेरी मछलियों पर लिखी पोस्ट पर की थी- जैसा स्वाभाविक ही था टिप्पणी उत्साहवर्द्धक थी -दरअसल यहाँ एक ब्लॉगर के सिवा मैं मोहकमाये मछलियान में एक मरियल सा मुलाजिम भी हूँ - ज्ञान जी इसे तड से ताड़ गये कहते भये थे कि भई अच्छा लगा जानकर कि मछली के जानकार भी अब ब्लागजगत में उभर रहे हैं -प्रकारांतर से यह कि मछलियाँ भी अब सतह से ऊपर आने लगीं है ! लो ज्ञान जी एक मत्स्य मानव अब आपके सामने आ धमका है .
पहले कुछ व्यक्ति चित्र टाईप हो जाय ! ज्ञान जी एक बड़े अफसर हैं अपनी रीयल जिंदगी में -अगर वे अफसर नहीं होते तो जानते हैं कि क्या होते ? वे फिर भी अफसर ही होते ! वे जन्मजात अफसर है .रियाया को दूर से देखते हैं -दूर दूर रहते हैं - एक डिफाईंड दूरी बनी हुयी है इनकी -कृपया किसी मुगालते में न रहें ! मैं मुगालते में रहकर पछता चुका हूँ -इसका ज्यादा विस्तरेण नहीं पर थोड़ा सा हिंट जरूरी है -अब ज्ञान जी रेलवे के बड़े अफसर ठहरे -कुछ नये ब्लॉगर इन्हे शुरू में मेरी तरह हलके में लेने का ब्लंडर कर देते हैं - लोगों का कहीं न कहीं आना जाना बना ही रहता है -लोगबाग सहज ही सोच लेते हैं कि अपने ज्ञान भैया तो हैं हीं -एक रेल विभाग का बड़ा अफसर जब ब्लागर बिरादरी में है ही तो फिर रेल की छोटी मोटी सुविधाएँ सहज ही ब्लॉगर लोगों को उपलब्ध रहेंगी .नही मित्रों ,ज्ञान जी पहले ही अपनी एक पोस्ट में इस मुद्दे पर खबरदार कर चुके हैं -यहाँ वे पूरी तरह अफसर हैं ! काश मैं वह पोस्ट(क्या कोई बंधु बांधवी लिंक दें सकेंगे ?) पहले ही पढ़ चुका होता तो अपने नए नए ब्लागरी के दिनों में ऐसी ही एक फरियाद ज्ञान जी से न करता जो मैं अनिर्णय और विमोह की स्थिति में कर बैठा था और ज्ञान जी ने अपनी वह धांसूं पोस्ट मुझे पढ़ा दी थी .हाँ अगर आप जमे जमाये फुरसतिया ब्लागर हो चुके हैं या आपका ऐसे किसी ब्लॉगर से सोर्स सिफारिश का माद्दा है तो फिर ज्ञान जी आपकी मदद कर सकते हैं कुहांसे के बिना और बावजूद भी !
ज्ञान जी सुवर्ण प्रेमी हैं -नए नये वर्णों के प्रति उनका सहज आकर्षण है . ईथोलोजी-व्यवहार शास्त्र शब्द से वे इतने प्रभावित हुए की मुझे उत्साहित कराके उन्होंने साईब्लाग पर एक श्रृंखला ही इस विषय पर आरम्भ करा दी ! चूकि उनके अध्ययन का दायरा बहुत व्यापक है अतः प्रायः अंगरेजी शब्दों का उनका लगाव ब्लागजगत पर भी दर्शित होता रहता है, कुछ लोगों का उनका यह आंग्ल प्रेम फूटी आंखों नही सुहाता पर मुझे तो ज्ञान जी का यह शगल बहुत भाता है और नए शब्द और उनके सटीक प्रयोग मैंने ज्ञान जी से सीखा है , उनका ऋणी हूँ !चिट्ठाजगत में अभी भी घूम रहे इनीशियल एडवांटेज शब्दबोध के जनक ज्ञान जी हैं .
ज्ञान जी एक प्रतिभासंपन्न,परिष्कृत रुचियों वाले अध्ययनशील नामचीन ब्लॉगर तो हैं हीं वे मजे हुए टिप्पणीकार भी हैं .उनकी टिप्पणियाँ सारभूत भाव लिए होती हैं जिससे सहज ही लग जाता है की सम्बन्धित ब्लाग पोस्ट को उन्होंने तन्मयता से आद्योपांत पढा है -और वे वोरेसियस रीडर तो है ही अतः बहुत से ब्लागों को पढ़ते हैं और टिप्पणियों का प्रोत्साहन देते रहते हैं -घोस्ट बस्टर ने सही कहा था कि ब्लागजगत के त्रिदेवों में ज्ञान जी हैं और निश्चय ही महादेव हैं वे बाकी को तो आप भी जानते ही हैं ! मगर हाँ इन्हे ज़रा भी नानसेंस या न्यूसेंस बर्दाश्त नही है -आख़िर नम्बर वन आफीसर जो ठहरे !एक आफीसरनुमा ब्लॉगर ! बाकी मैं और कुछ दूसरे भाई बन्धु तो बस ब्लागर्नुमा अफसर ही बन के रह गये हैं ! जब ब्लागजगत को कुछ लोगों ने हाईजैक करने का उपक्रम किया था तो ज्ञान जी ने उन्हें पहले ही उपेक्षित कर दिया था उनके ब्लागों तक को त्याग दिया था -बादमें लोगों को सदबुद्धि आयी !ज्ञान जी बस एक ब्लॉग लिखते हैं -मानसिक हलचल -और वह एक ही भारी है ! कहते है ना कि एकै साधे सब सधे सब साधे सब जाय ! मगर एक बात है अपने सारथी वाले शास्त्री जी हैं न और ज्ञान जी ये ब्लॉग से अंतर्जाल पर धन कमाने के जुगाड़ में कई पोस्ट लिख डाले हैं -अब इन्हे इश्वर का दिया सब कुछ तो है मगर फिर इस लफडे में ये क्यों पड़े रहे बात हजम नहीं हुयी.इधर तो इस मुद्दे पर शान्ति है जो मुझे बहुत सकूं दे रहा है ! ज्ञान जी के अवदान कालजयी बनें यही अभिलाषा है !


मेरी ब्लॉग सूची

ब्लॉग आर्काइव