पिछले कई बार से बहुत झेलू फिल्म देख देख कर काफी कोफ़्त हो रही थी तो आज सोचा एक कोई घोषित "लीक से हटकर " फिल्म देखी जाय....सो चला गया " दैट गर्ल इन येलो बूट्स" देखने..अनुराग कश्यप की यह फिल्म लीक से इतनी हटी कि हटने लायक नहीं हटी:) दिमाग झन्ना गया.यह फिल्म कई कई अन्तराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में दिखायी जा चुकी है और रणनीति यही लगती है कि इसे पूरी तरह अभारतीय/अंतर्राष्ट्रीय आडियेंस के लिए -अवार्ड ,पुरस्कारों के लिए ही प्रदर्शित किया जाय..भारतीय आम दर्शकों ने भी इससे किनारा कर लिया है -हाल में बमुश्किल १०-१२ लोग थे. दमघोटू सन्नाटा था ..लोग स्तब्ध ,हैरान और अवाक थे.दृश्य दर दृश्य जो गुजर रहा था उसे सहज ही ग्राह्य कर पाना बहुत मुश्किल था ......
एक ब्रितानी लड़की रुथ(कल्कि कोएचलिन) अपनी पंद्रह वर्षीया बहन की हत्या और माँ की मौत के बाद भारत जा चुके अपने पिता के एक पत्र से प्रेरित होकर मुंबई आती है ..टूरिस्ट वीसा पर ..एकमात्र मकसद पिता की तलाश ..जीविकोपार्जन के चलते एक मसाज सेंटर में काम करने लगती है मगर महज वीसा के आधार पर प्रवास के दौरान काम न करने की कानूनी मजबूरी के चलते वीसा -अधिकारियों,वर्क परमिट अधिकारियों को 'दान' देती रहती है ताकि एन केन प्रकारेण वह भारत में रहकर अपने पिता को ढूंढ सके.वह अधिकारियों को आये दिन 'दान' देने के लिए पैसे की जुगाड़ में एक मसाज सेंन्टर में काम करती है. और इच्छुक ग्राहकों को मसाज से अलग आनंद के लिए 'हैंडशेक' की सिफारिश कर फी ग्राहक हजार रूपये लेती है और काम में तटस्थ भाव रखकर अर्जित किया गया यह पैसा वह अपने पिता की खोज से जुडी औपचारिकताओं पर स्वाहा करती चलती है -यहीं वह एक नशाखोर पात्र प्रकाश (प्रशांत प्रकाश) से अन्तरग होती है . मगर वह भी केवल अपने पिपासा को ही शांत करने को उद्यत रहता है ...एक दृश्य बहुत झकझोरने वाला है जो इंगित करता है कि बिना नारी के विश्वास को जीते उससे सहज यौन सम्बन्ध नहीं बनाया जा सकता. कहानी में एक जबरदस्त विलेन चितियाप्पा गौड़ा(गुलशन देवैया ) भी है जो दुर्धर्ष जीवट से कमाए रुथ के हजारों रूपये छीन लेता है ...कारण इसका वही नशाखोर प्रेमी है जिस पर चितियाप्पा का बड़ा कर्ज है ...
मुबई या दूसरे महानगरों का भी एक भीषण अँधेरा पहलू है जिसे उजागर करने में कई फिल्म निर्देशक जुटे हुए हैं -धोबी घाट की भी याद इस फिल्म को देखते हुए आयी और डेल्ही बेली की भी ...कितना गलीज भरा हुआ है हमारे महानगरों में... एक गोरी चमड़ी और पीले बूट वाली लडकी के शरीर का हिस्सा हिस्सा नोंचने में लगे हैं काले जाहिल भारतीय .......कहीं ऐसे एंगल फिल्मों को एक इमोशनल बायस और रंगभेद का तड़का देकर पुरस्कार खींचने का जतन तो नहीं हैं?..अंत में जब पिता की खोज पूरी होती है तो उबकाई लेने वाली हकीकत सामने आती है -खुद पिता ही जानबूझ कर अपनी ही लडकी का ग्राहक बना है .....इस दुखांत मोड़ पर फिल्म ख़त्म हो जाती है -बदहवास, विक्षिप्त लडकी इस सच से साक्षात्कार कर मूल देश को पलायन कर जाती है .....इस तरह यह फिल्म बाल यौन शोषण का एक घिनौना सच उकेरती है ..जहाँ यौन विकृतिग्रस्त'पीडोफायिल' पिता ने पहले तो विदेश जाकर किशोरावस्था की देहरी पर खड़ी एक लडकी इमिला को बरगलाकर अपनी हवस का शिकार बनाया और इस काम में सुभीते के लिए उसकी माँ से विवाह तक रचा लिया ....लडकी के गर्भवती होने पर उसकी ह्त्या कर दी ....बाद में भारत आकर इमोशनल पत्र लिख कर झांसे में रख रुथ को भी मुम्बई बुला लिया ..रुथ अपने पिता को ढूँढती रही जबकि वह उसका ही नियमित ग्राहक बना रहा ...
बाल यौन शोषण पर आधारित यह फ़िल्म दरअसल अनुराग कश्यप और उनकी पत्नी कल्कि कोएचलिन का ही भोगा हुआ यथार्थ है -यह बात दोनों जन स्वीकार करते हैं -कहानी दोनों ने मिलकर लिखी है-कई दृश्य इतने घृणित और आपत्तिजनक हैं कि ताज्जुब होता है कि उन्हें फिल्माया कैसे गया होगा -एक निदेशक ने खुद अपनी पत्नी से ही ऐसे दृश्य कैसे कराएं होंगें -शायद प्रोफेसन से कोई समझौता न करने वाली मनोवृत्ति यहाँ रही होगी..... फिल्म देखने की सिफारिश करने में संकोच है -जाना है तो अपने रिस्क पर जांय ..स्तब्ध हताश खिन्न होकर वापस लौटेंगें -फिल्म देखने के दौरान हाल की स्तब्धता भी आपको सालती रहेगी सो अलग ......तीन स्टार!





