कथा वार्ता पुराण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कथा वार्ता पुराण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 10 मार्च 2015

तुलसी की दिव्य दृष्टि, विनम्रता और उक्ति वैचित्र्य


जैव विविधता की एक सोच तुलसी की भी है -उन्होंने जैव समुदाय को चौरासी लाख योनियों (प्रजाति ) में वर्गीकृत किया है जो कि रोचक है। मौजूदा वैज्ञानिक वर्गीकरण साठ लाख के ऊपर है और नित नयी प्रजातियां खोजी जा रही हैं। यह दिव्य दृष्टि ही तो है!
* आकर चारि लाख चौरासी। जाति जीव जल थल नभ बासी॥
सीय राममय सब जग जानी। करउँ प्रनाम जोरि जुग पानी
-चौरासी लाख योनियों में चार प्रकार के (स्वेदज, अण्डज, उद्भिज्ज, जरायुज) जीव जल, पृथ्वी और आकाश में रहते हैं, उन सबसे भरे हुए इस सारे जगत को श्री सीताराममय जानकर मैं दोनों हाथ जोड़कर प्रणाम करता हूँ!
मानस की प्रस्तावना में तुलसी की विनम्रता उल्लेखनीय है.
एक महान कवि किस तरह से अपने अल्पज्ञान की आत्मस्वीकृति करता है,
उल्लेखनीय है और कवियों ही नहीं किसी भी 'ज्ञानवान' के लिए ध्यान देने योग्य
और अनुकरणीय है। उनमें किंचित भी आत्मप्रचार का भाव नहीं दिखता। आज
के कवियों के बेशर्म आत्म प्रचार के परिप्रेक्ष्य में तुलसी की यह विनम्रता ध्यान देने योग्य
है।
करन चहउँ रघुपति गुन गाहा। लघु मति मोरि चरित अवगाहा॥
सूझ न एकउ अंग उपाऊ। मन मति रंक मनोरथ राउ

मैं श्री रघुनाथजी के गुणों का वर्णन करना चाहता हूँ, परन्तु मेरी बुद्धि छोटी है और
श्री रामजी का चरित्र अथाह है। इसके लिए मुझे उपाय का एक भी अंग अर्थात्‌ कुछ (लेशमात्र) भी उपाय नहीं सूझता। मेरे मन और बुद्धि कंगाल हैं, किन्तु मनोरथ राजा है

* मति अति नीच ऊँचि रुचि आछी। चहिअ अमिअ जग जुरइ न छाछी॥
छमिहहिं सज्जन मोरि ढिठाई। सुनिहहिं बालबचन मन लाई

मेरी बुद्धि तो अत्यन्त नीची है और चाह बड़ी ऊँची है, चाह तो अमृत पाने की है,
पर जगत में जुड़ती छाछ भी नहीं। सज्जन मेरी ढिठाई को क्षमा करेंगे और मेरे बाल वचनों को मन लगाकर (प्रेमपूर्वक) सुनेंगे

* जौं बालक कह तोतरि बाता। सुनहिं मुदित मन पितु अरु माता॥
हँसिहहिं कूर कुटिल कुबिचारी। जे पर दूषन भूषनधारी

-जैसे बालक जब तोतले वचन बोलता है, तो उसके माता-पिता उन्हें प्रसन्न मन से सुनते हैं, किन्तु क्रूर, कुटिल और बुरे विचार वाले लोग जो दूसरों के दोषों को ही भूषण रूप से धारण किए रहते हैं (अर्थात्‌ जिन्हें पराए दोष ही प्यारे लगते हैं), हँसेंगे

* निज कबित्त केहि लाग न नीका। सरस होउ अथवा अति फीका
जे पर भनिति सुनत हरषाहीं। ते बर पुरुष बहुत जग नाहीं

रसीली हो या अत्यन्त फीकी, अपनी कविता किसे अच्छी नहीं लगती? किन्तु जो दूसरे की रचना को सुनकर हर्षित होते हैं, ऐसे उत्तम पुरुष जगत में बहुत नहीं हैं

* जग बहु नर सर सरि सम भाई। जे निज बाढ़ि बढ़हि जल पाई॥
सज्जन सकृत सिंधु सम कोई। देखि पूर बिधु बाढ़इ जोई

-हे भाई! जगत में तालाबों और नदियों के समान मनुष्य ही अधिक हैं, जो जल पाकर अपनी ही बाढ़ से बढ़ते हैं (अर्थात्‌ अपनी ही उन्नति से प्रसन्न होते हैं)। समुद्र सा तो कोई एक बिरला ही सज्जन होता है, जो चन्द्रमा को पूर्ण देखकर (दूसरों का उत्कर्ष देखकर) उमड़ पड़ता है.

कबित बिबेक एक नहिं मोरें। सत्य कहउँ लिखि कागद कोरें
(.... काव्य सम्बन्धी एक भी बात का ज्ञान मुझमें नहीं है, यह मैं कोरे कागज पर लिखकर (शपथपूर्वक) सत्य-सत्य कहता हूँ. )

तुलसी की यह कोई दिखावटी विनम्रता नहीं लगती।यह एक सच्चे अर्थों में विद्वान की विनम्रता है। विद्या ददाति विनयम। किन्तु यहीं कबीर की उद्धत विद्वता थोड़ा आश्चर्य में डालती है। कबीर अक्खड़ हैं और तुलसी उतने ही विनम्र। क्या यह कबीर की दम्भोक्ति नहीं लगती? -"मसि कागद छुयो नही कलम गह्यो नही हाथ" मानो तुलसी ने इसी अक्खड़ विद्वता का जवाब दिया -
कबित बिबेक एक नहिं मोरें। सत्य कहउँ लिखि कागद कोरें। अस्तु!


तुलसी आगे लिखते हैं-
भनिति मोरि सब गुन रहित बिस्व बिदित गुन एक।
सो बिचारि सुनिहहिं सुमति जिन्ह कें बिमल बिबेक

मेरी रचना सब गुणों से रहित है, इसमें बस, जगत्प्रसिद्ध एक गुण है। उसे विचारकर अच्छी बुद्धिवाले पुरुष, जिनके निर्मल ज्ञान है, इसको सुनेंगे

* एहि महँ रघुपति नाम उदारा। अति पावन पुरान श्रुति सारा॥
मंगल भवन अमंगल हारी। उमा सहित जेहि जपत पुरारी

-इसमें श्री रघुनाथजी का उदार नाम है, जो अत्यन्त पवित्र है, वेद-पुराणों का सार है, कल्याण का भवन है और अमंगलों को हरने वाला है, जिसे पार्वतीजी सहित भगवान शिवजी सदा जपा करते हैं.

* भनिति बिचित्र सुकबि कृत जोऊ। राम नाम बिनु सोह न सोउ॥
बिधुबदनी सब भाँति सँवारी। सोह न बसन बिना बर नारी

:-जो अच्छे कवि के द्वारा रची हुई बड़ी अनूठी कविता है, वह भी राम नाम के बिना शोभा नहीं पाती। जैसे चन्द्रमा के समान मुख वाली सुंदर स्त्री सब प्रकार से सुसज्जित होने पर भी वस्त्र के बिना शोभा नहीं देती।

तुलसी कहते हैं कि कविता अपने उपयुक्त श्रोतागण को पाकर ही शोभा पाती है। अनेक वस्तुएं हैं जो जहाँ से उत्पन्न होती हैं वहां के बजाय कहीं और शोभित होती हैं।
*मनि मानिक मुकुता छबि जैसी। अहि गिरि गज सिर सोह न तैसी॥
नृप किरीट तरुनी तनु पाई। लहहिं सकल सोभा अधिकाई
मणि, माणिक और मोती की जैसी सुंदर छबि है, वह साँप, पर्वत और हाथी के मस्तक पर वैसी शोभा नहीं पाती। राजा के मुकुट और नवयुवती स्त्री के शरीर को पाकर ही ये सब अधिक शोभा को प्राप्त होते हैं
*तैसेहिं सुकबि कबित बुध कहहीं। उपजहिं अनत अनत छबि लहहीं॥
भगति हेतु बिधि भवन बिहाई। सुमिरत सारद आवति धाई
-इसी तरह, बुद्धिमान लोग कहते हैं कि सुकवि की कविता भी उत्पन्न और कहीं होती है और शोभा अन्यत्र कहीं पाती है (अर्थात कवि की वाणी से उत्पन्न हुई कविता वहाँ शोभा पाती है, जहाँ उसका विचार, प्रचार तथा उसमें कथित आदर्श का ग्रहण और अनुसरण होता है)। कवि के स्मरण करते ही उसकी भक्ति के कारण सरस्वतीजी ब्रह्मलोक को छोड़कर दौड़ी राम चरित मानस की प्रस्तावना में तुलसी ने सृजन कर्म / रचनाशीलता को लेकर प्रायः उठाये जाने वाले कई प्रश्नों का सहज ही उत्तर दिया है। आखिर राम ही क्यों मानस के नायक हैं ? तुलसी के उपास्य हैं?
संतकवि कहते हैं -लौकिक लोगों पर समय क्यों बर्बाद करना?
कीन्हें प्राकृत जन गुन गाना। सिर धुनि गिरा लगत पछिताना॥
(अर्थात संसारी मनुष्यों का गुणगान करने से सरस्वतीजी सिर धुनकर पछताने लगती हैं (कि मैं क्यों इसके बुलाने पर आई)।

यह ध्यान देने की बात है कि तुलसी ने यहाँ कवि कर्म में चारण/भाँट प्रवृत्ति पर बड़ी सूक्ष्मता से प्रहार किया है। राजा महराजाओं की विरुदावली रचने वालों की अच्छी खबर ली है उन्होने। किन्तु यह भी कहा कि जिस कृति की प्रशंसा बुद्धिमान लोग न करें उसे रचना व्यर्थ ही है -
जो प्रबंध बुध नहिं आदरहीं। सो श्रम बादि बाल कबि करहीं॥
( बुद्धिमान लोग जिस कविता का आदर नहीं करते, मूर्ख कवि ही उसकी रचना का व्यर्थ परिश्रम करते हैं)
फिर रचना का हेतु/ उद्देश्य क्या होना चाहिए? इस पर तुलसी कहते हैं -
कीरति भनिति भूति भलि सोई। सुरसरि सम सब कहँ हित होई॥
(कीर्ति, कविता और सम्पत्ति वही उत्तम है, जो गंगाजी की तरह सबका हित करने वाली हो।) और जब सबके हित की बात हो ,व्यापक जनहित की बात हो तो भाषा भी वही हो जो सबके समझ में आये। तब संस्कृत ही विद्वता की परिचायक भाषा थी। तुलसी ने रचनाशीलता का एक क्रांतिकारी कदम उठाकर जनभाषा में मानस की रचना की। … मानस प्रणयन के प्रयोजन को सफल बनाने के लिए तुलसी द्वारा की गयी वंदना खुद में जैसे एक महाकाव्य बन गयी है -वे शायद ही किसी का आह्वान करने से भूले हों -देव मनुज ,संत असंत ,आदि, समकालीन और भविष्यकालीन कविजन की भी वंदना की है -सबसे याचना की है कि वे सब उनके मनोरथ को पूरा करें। लगता है जैसे वंदना में ही उन्होंने धन्यवाद ज्ञापन भी समेट लिया हो.
आज बस इतना ही। । जय श्रीराम !

रविवार, 1 फ़रवरी 2015

संत कौन और असंत कौन? (मानस प्रभाती )


खल (दुष्ट) वंदना के पश्चात तुलसी संत और असंत पर एक तुलनात्मक दृष्टि डालते हैं। वैसे समूचे मानस में वे यत्र तत्र संत और असंत का भेद करते दिखते हैं जिससे एक निष्कर्ष सहज ही निकलता है उन्हें जीवन में दोनों तरह के जनों का घनिष्ठ सामीप्य - सानिध्य मिला होगा। उन्होंने दोनों तरह के व्यक्तियों के व्यवहार को शिद्दत के साथ महसूस किया है ऐसा लगता है।
यह देखिये -
बंदउँ संत असज्जन चरना। दुःखप्रद उभय बीच कछु बरना॥
बिछुरत एक प्रान हरि लेहीं। मिलत एक दुख दारुन देहीं

अब मैं संत और असंत दोनों के चरणों की वन्दना करता हूँ, दोनों ही दुःख देने वाले हैं, परन्तु उनमें कुछ अन्तर कहा गया है। वह अंतर यह है कि एक (संत) तो बिछुड़ते समय प्राण हर लेते हैं और दूसरे (असंत) मिलते हैं, तब दारुण दुःख देते हैं। (अर्थात्‌ संतों का बिछुड़ना मरने के समान दुःखदायी होता है और असंतों का मिलना।)

* उपजहिं एक संग जग माहीं। जलज जोंक जिमि गुन बिलगाहीं॥
सुधा सुरा सम साधु असाधू। जनक एक जग जलधि अगाधू

दोनों (संत और असंत) जगत में एक साथ पैदा होते हैं, पर (एक साथ पैदा होने वाले) कमल और जोंक की तरह उनके गुण अलग-अलग होते हैं। (कमल दर्शन और स्पर्श से सुख देता है, किन्तु जोंक शरीर का स्पर्श पाते ही रक्त चूसने लगती है।) साधु अमृत के समान (मृत्यु रूपी संसार से उबारने वाला) और असाधु मदिरा के समान (मोह, प्रमाद और जड़ता उत्पन्न करने वाला) है, दोनों को उत्पन्न करने वाला जगत रूपी अगाध समुद्र एक ही है। (शास्त्रों में समुद्रमन्थन से ही अमृत और मदिरा दोनों की उत्पत्ति बताई गई है।)

*भल अनभल निज निज करतूती। लहत सुजस अपलोक बिभूती॥
सुधा सुधाकर सुरसरि साधू। गरल अनल कलिमल सरि ब्याधू
गुन अवगुन जानत सब कोई। जो जेहि भाव नीक तेहि सोई

-भले और बुरे अपनी-अपनी करनी के अनुसार सुंदर यश और अपयश की सम्पत्ति पाते हैं। अमृत, चन्द्रमा, गंगाजी और साधु एवं विष, अग्नि, कलियुग के पापों की नदी अर्थात्‌ कर्मनाशा और हिंसा करने वाला व्याध, इनके गुण-अवगुण सब कोई जानते हैं, किन्तु जिसे जो भाता है, उसे वही अच्छा लगता है -

* भलो भलाइहि पै लहइ लहइ निचाइहि नीचु।
सुधा सराहिअ अमरताँ गरल सराहिअ मीचु
भला भलाई ही ग्रहण करता है और नीच नीचता को ही ग्रहण किए रहता है। अमृत की सराहना अमर करने में होती है और विष की मारने में-
मानस की प्रस्तावना बहुत प्रभावशाली है. राम कथा आरम्भ करने के पहले तुलसी ने उसकी भावभूमि तैयार करने में अथक परिश्रम किया है जहाँ उनका विशद अध्ययन और विषय के प्रस्तुतीकरण की अद्भुत प्रतिभा दिखती है -
उदाहरणार्थ: वे कहते हैं कि सारा जगत अनेक परस्पर विरोधाभासों से भरा पड़ा है।
कहहिं बेद इतिहास पुराना। बिधि प्रपंचु गुन अवगुन साना
वेद, इतिहास और पुराण कहते हैं कि ब्रह्मा की यह सृष्टि गुण-अवगुणों से सनी हुई है!

* दुख सुख पाप पुन्य दिन राती। साधु असाधु सुजाति कुजाती॥
दानव देव ऊँच अरु नीचू। अमिअ सुजीवनु माहुरु मीचू
माया ब्रह्म जीव जगदीसा। लच्छि अलच्छि रंक अवनीसा॥
कासी मग सुरसरि क्रमनासा। मरु मारव महिदेव गवासा
सरग नरक अनुराग बिरागा। निगमागम गुन दोष बिभागा

-दुःख-सुख, पाप-पुण्य, दिन-रात, साधु-असाधु, सुजाति-कुजाति, दानव-देवता, ऊँच-नीच, अमृत-विष, सुजीवन (सुंदर जीवन)-मृत्यु, माया-ब्रह्म, जीव-ईश्वर, सम्पत्ति-दरिद्रता, रंक-राजा, काशी(पवित्र) -मगध(अपवित्र ), गंगा(जीवनदायिनी) -कर्मनाशा(पुण्यनाशिनी ), मारवाड़(राजस्थान का मरुथल) -मालवा(राजस्थान का हराभरा क्षेत्र ) , ब्राह्मण-कसाई, स्वर्ग-नरक, अनुराग-वैराग्य (ये सभी पदार्थ ब्रह्मा की सृष्टि में हैं।) वेद-शास्त्रों ने उनके गुण-दोषों का विभाग कर दिया है.

* जड़ चेतन गुन दोषमय बिस्व कीन्ह करतार।
संत हंस गुन गहहिं पय परिहरि बारि बिकार
-विधाता ने इस जड़-चेतन विश्व को गुण-दोषमय रचा है, किन्तु संत रूपी हंस दोष रूपी जल को छोड़कर गुण रूपी दूध को ही ग्रहण करते हैं.

तुलसी की व्यापक, समग्र और समता की दृष्टि, समूचे संसार को राममय देखना
उनकी .विशेषता है। मानस की प्रस्तावना में वे सबसे कृपा की आकांक्षा करते हैं-

जड़ चेतन जग जीव जत सकल राममय जानि।
बंदउँ सब के पद कमल सदा जोरि जुग पानि
जगत में जितने जड़ और चेतन जीव हैं, सबको राममय जानकर मैं उन सबके चरणकमलों की सदा दोनों हाथ जोड़कर वन्दना करता हूँ.
* देव दनुज नर नाग खग प्रेत पितर गंधर्ब।
बंदउँ किंनर रजनिचर कृपा करहु अब सर्ब
-देवता, दैत्य, मनुष्य, नाग, पक्षी, प्रेत, पितर, गंधर्व, किन्नर और निशाचर सबको मैं प्रणाम करता हूँ। अब सब मुझ पर कृपा कीजिए'. 
क्रमशः

शनिवार, 17 जनवरी 2015

ब्लॉग पर मानस प्रभाती! वन्दे वाणी विनायकौ!



फेसबुक पर मानस प्रभाती ने सुधी मित्रों, मानस प्रेमी पाठकों को मुझसे  ब्लॉग पर भी इसे अभिलेखार्थ डालते रहने के लिए प्रेरित किया और उनके निरंतर अनुरोध पर अब मानस प्रभाती यहाँ आवधिक तौर पर उपलब्ध होगी। शुरुआत मानस के आरम्भ से ही करते हैं। 
वन्दे वाणी विनायकौ!
जी, इस वन्दना से ही तुलसी ने मानस का प्रारम्भ किया है। दरअसल लोक परम्परा में प्रथम पूजा के अधिकारी गणेश जी हैं। आप सभी ने भी कितने ही कार्य 'श्री गणेशाय नमः' के साथ शुरू किया होगा। और आज भी कोई भी मांगलिक कार्य गणेश की आराधना से ही शुरू होता है। वे विघ्न विनाशक माने गए हैं। मानस आरम्भ में भी संत तुलसी के मन में यह बात कौंधी होगी। मगर तुलसी तो तुलसी। इस सरस्वती पुत्र को माँ सरस्वती का भी प्रथम आराध्य के रूप में अपने महान ग्रन्थ के प्रणयन के आरम्भ में आह्वान करना था। सो एक युक्ति निकाली उन्होंने -वन्दे वाणी विनायकौ! मतलब दोनों का समान रूप से आह्वान कर लिया। मगर इसमें भी विद्या और बुद्धि की अधिष्टात्री को उन्होंने प्राथमिकता दी। बड़ी ख़ूबसूरती और विद्वता के साथ। अस्तु , वन्दे वाणी विनायकौ!
* वर्णानामर्थसंघानां रसानां छन्दसामपि।
मंगलानां च कर्त्तारौ वन्दे वाणीविनायकौ
अक्षरों, अर्थ समूहों, रसों, छन्दों और मंगलों को करने वाली सरस्वतीजी और गणेशजी की मैं वंदना करता हूँ!
***************
आज शोध/काव्य प्रबंधों में जहाँ संदर्भिका(Bibliography) अंत में देने का प्रचलन है ,तुलसी ने पहले ही अपने अध्ययन स्रोतों का उल्लेख कर दिया है-
नानापुराणनिगमागमसम्मतं यद्
रामायणे निगदितं क्वचिदन्यतोऽपि।
स्वान्तःसुखाय तुलसी रघुनाथगाथा
भाषानिबन्धमतिमंजुलमातनोति
अनेक पुराण, वेद और (तंत्र) शास्त्र से सम्मत तथा जो रामायण में वर्णित है और कुछ अन्यत्र से भी उपलब्ध श्री रघुनाथजी की कथा को तुलसीदास अपने अन्तःकरण के सुख के लिए अत्यन्त मनोहर भाषा रचना में विस्तृत करता है'तुलसी ने एक बड़ी अच्छी बात कही कि मानस की रचना उन्होंने खुद अपनी संतुष्टि के लिए की है -"स्वान्तः सुखाय" -संभवतः रचना की सोद्देशता को लेकर उठने वाले विवादों से वे अपनी इस मानस -कृति को दूर रखना चाहते थे। मगर मानस को लेकर हुआ वाद वितंडा भला कौन नहीं जानता। उन्हें बनारस के संस्कृत के पंडितों, शैवों से जूझना पड़ा कालांतर में समाज के अनेक वर्गों की भी प्रखर आलोचना सहनी पड़ी -मगर मानस का महत्व कम न होकर बढ़ता ही गया है तो इसका कारण इसकी काव्यश्रेष्ठता और उद्येश्यपूर्णता ही है। जिसका उत्तरोत्तर परिचय हमें मिलेगा।

रविवार, 19 जनवरी 2014

आपने राम चरित मानस का यह प्रसंग कभी पढ़ा-देखा है? अवश्य देखिये देखन जोगू!

विगत कई वर्षों से शीतकालीन मानस पारायण के नियमित क्रम में कल राम वनगमन का एक रोचक प्रसंग था जिसे आप सभी से साझा करने का मन हो आया। मैंने अपनी यह इच्छा फेसबुक पर जाहिर की तो अभय तिवारी जी ने तुरन्त अवगत कराया कि इसी प्रसंग पर वे भी लिख चुके हैं.यद्यपि अभय तिवारी जी ने  अयोध्या में राम की जन्मस्थली होने के दावों के विशेष संदर्भ में वह पोस्ट लिखी थी। मैं यहाँ किसी परिप्रेक्ष्य विशेष में पूरे राम वाल्मीकि संवाद को न रखकर बस तुलसीदास  कृत राम चरित मानस में राम के  वनगमन के दौरान मुनि वाल्मीकि से राम के मिलन और उनके बीच संवाद का उल्लेख करना चाहता हूँ !प्रभु राम निरंतर बिना रुके  अयोध्या से चलते आ रहे हैं। और अब वे यमुना को भी पारकर मुनिवर वाल्मीकि के आश्रम तक पहुँच गए हैं-" देखत बन सर सैल सुहाए। बालमीकि आश्रम प्रभु आए।" अब उन्हें  वन  में रुकने का कोई अस्थायी ठाँव चाहिए। मगर ठाँव भी ऐसा हो जहाँ मुनिगण ,तपस्वी और ब्राह्मण दुखों से मुक्त हों -मुनि तापस जिन्ह तें दुखु लहहीं। ते नरेस बिनु पावक दहहीं॥मंगल मूल बिप्र परितोषू। दहइ कोटि कुल भूसुर रोषू(क्योंकि जिनसे मुनि और तपस्वी दुःख पाते हैं, वे राजा बिना अग्नि के ही (अपने दुष्ट कर्मों से ही) जलकर भस्म हो जाते हैं। ब्राह्मणों का संतोष सब मंगलों की जड़ है और भूदेव ब्राह्मणों का क्रोध करोड़ों कुलों को भस्म कर देता है). 

 वे  सहज ही वाल्मीकि से कह  बैठते हैं- "अस जियँ जानि कहिअ सोइ ठाऊँ। सिय सौमित्रि सहित जहँ जाऊँ।। तहँ रचि रुचिर परन तृन साला। बासु करौ कछु काल कृपाला।।" हे मुनिवर मुझे वह  जगह बताईये जहाँ मैं कुछ समय सीता और लक्ष्मण के साथ रह सकूं। अब वाल्मीकि के लिए एक बड़ा असमंजस  था कि जो स्वयं सर्वव्यापी हैं उन्हें रहने की कौन सी जगह  बतायी जाय - उन्होंने अपना असमंजस कुछ इस तरह व्यक्त किया -
पूँछेहु मोहि कि रहौं कहँ मैं पूँछत सकुचाउँ।
जहँ न होहु तहँ देहु कहि तुम्हहि देखावौं ठाउँ
(आपने मुझसे पूछा कि मैं कहाँ रहूँ? परन्तु मैं यह पूछते सकुचाता हूँ कि जहाँ आप न हों, वह स्थान बता दीजिए। तब मैं आपके रहने के लिए स्थान दिखाऊँ॥)

 यह पूरा संवाद ही बहुत रोचक और हृदयस्पर्शी बन उठा है. मुनिश्रेष्ठ वाल्मीकि  के जरिये तदनन्तर जो भी स्थान प्रभु राम के निवास के लिए बताये गए हैं वे तुलसीदास कृत राम चरित मानस के कई श्रेष्ठ रूपकों में से एक है -कुछ वास स्थान का आप भी अवलोकन  कर लीजिये -
  काम कोह मद मान न मोहा। लोभ न छोभ न राग न द्रोहा॥
जिन्ह कें कपट दंभ नहिं माया। तिन्ह कें हृदय बसहु रघुराया॥
( जिनके न तो काम, क्रोध, मद, अभिमान और मोह हैं, न लोभ है, न क्षोभ है, न राग है, न द्वेष है और न कपट, दम्भ और माया ही है- हे रघुराज! आप उनके हृदय में निवास कीजिए)
जननी सम जानहिं परनारी। धनु पराव बिष तें बिष भारी॥
जे हरषहिं पर संपति देखी। दुखित होहिं पर बिपति बिसेषी॥
जिन्हहि राम तुम्ह प्रान पिआरे। तिन्ह के मन सुभ सदन तुम्हारे
( जो पराई स्त्री को जन्म देने वाली माता के समान जानते हैं और पराया धन जिन्हें विष से भी भारी विष है,जो दूसरे की सम्पत्ति देखकर हर्षित होते हैं और दूसरे की विपत्ति देखकर विशेष रूप से दुःखी होते हैं और हे रामजी! जिन्हें आप प्राणों के समान प्यारे हैं, उनके मन आपके रहने योग्य शुभ भवन हैं) 

मुझे आश्चर्य होता है कि लोग तुलसी कृत राम चरित मानस पर तरह तरह के आरोप  लगाते हैं -वर्ण व्यवस्था के पक्ष में तुलसी की कथित स्थापनाओं को उद्धृत करते हैं।  मगर तनिक मानस की यह दृष्टि भी देखिये  -राम को इन जगहों पर भी वास  करने की सिफारिश है- 
जाति पाँति धनु धरमु बड़ाई। प्रिय परिवार सदन सुखदाई॥
सब तजि तुम्हहि रहइ उर लाई। तेहि के हृदयँ रहहु रघुराई॥
( जाति, पाँति, धन, धर्म, बड़ाई, प्यारा परिवार और सुख देने वाला घर, सबको छोड़कर जो केवल आपको ही हृदय में धारण किए रहता है, हे रघुनाथजी! आप उसके हृदय में रहिए॥) 
जाहि न चाहिअ कबहुँ कछु तुम्ह सन सहज सनेहु।
बसहु निरंतर तासु मन सो राउर निज गेहु
( जिसको कभी कुछ भी नहीं चाहिए और जिसका आपसे स्वाभाविक प्रेम है, आप उसके मन में निरंतर निवास कीजिए, वह आपका अपना घर है) 

यह एक लम्बा संवाद है, मैंने कुछ चयनित अंश आपके सामने रखा है -विस्तृत संवाद का आंनद आप वेब दुनिया के श्री राम-वाल्मीकि संवाद पर जाकर उठा सकते हैं।  ये तो रहे प्रभु के रहने के स्थायी निवास स्थलों का वर्णन -फिलहाल अस्थायी तौर पर प्रभु कहाँ रहे इसके लिए मुनिवर ने सुझाया -"चित्रकूट गिरि करहु निवासू। तहँ तुम्हार सब भाँति सुपासू॥" (आप चित्रकूट पर्वत पर निवास कीजिए, वहाँ आपके लिए सब प्रकार की सुविधा है।) मुनि के सुझाये स्थल चित्रकूट पर्वत पर ही कुछ समय तक राम ने अपने वनवास का समय बिताया! ……जय श्रीराम! 

बुधवार, 17 जुलाई 2013

क्या सुबह सुबह हनुमान चालीसा नहीं पढ़ना चाहिए?

अभी परसों ही दिल्ली प्रवासी बहन ज्योत्स्ना(ज्योति )  ने मुझे फोन कर एक अजब सवाल सामने रख दिया . पहले तो यह पूछा कि "प्रात नाम जो लेई हमारा ता दिन ताहि न मिलै अहारा" कहाँ का प्रसंग है .अब मैं मानस का कोई व्यास तो हूँ नहीं कि हर पंक्ति हर दोहा प्रसंग सहित मुझे याद रहे फिर भी सहज बोध से  बता दिया कि सुन्दरकाण्ड का होना चाहिए और हनुमान या अंगद द्वारा कहा होना चाहिए . मगर प्रसंग याद नहीं आ रहा था जबकि यह अर्धाली मुझे बचपन से याद थी ..लगता है उम्र प्रभावी होती जा रही है .संयोगवश मैं नेट पर था तो तुरत फुरत ढूंढ  लिया -यह प्रसंग लंका में प्रवेश करते ही विभीषण हनुमान संवाद का है . हनुमान एक अलग ढंग का घर देखते हैं जहाँ विभीषण का वास है -वे आश्चर्यचकित होते हैं कि राक्षसों के बीच यहाँ कौन से सज्जन का निवास हो सकता है -लंका निसिचर निकर निवासा। इहाँ कहाँ सज्जन कर बासा।।मन महुँ तरक करै कपि लागा। तेहीं समय बिभीषनु जागा।। फिर शुरू हुए विभीषण -हनुमान संवाद में आगे हनुमान द्वारा होता कही गयी उक्त अर्धाली भी मिल गयी जिसका अर्थ है जो प्रातः  बन्दर (का)  नाम ले लेता है उसे उस दिन भोजन नसीब नहीं होता . मैंने झट से ज्योत्स्ना को प्रसंग बता दिया -थैंक्स अंतर्जाल! ज्योत्स्ना ने कहा कि मैंने तो बहुत खोजा नहीं मिला तो मैंने संक्षिप्त उत्तर दिया कि यह बड़ा भाई होने का फर्क  है? मगर अब बड़े भाई की मुसीबत होने वाले थी ...ज्योत्स्ना का दूसरा प्रश्न असहज करने वाला था ..

सवाल था तो क्या सुबह हनुमान चालीसा नहीं पढना चाहिए ? अब मुझे पूरा प्रसंग देखना पड़ गया ..आप भी देखिये न… तामस तनु कछु साधन नाहीं। प्रीति न पद सरोज मन माहीं।।अब मोहि भा भरोस हनुमंता। बिनु हरिकृपा मिलहिं नहिं संता।।जौ रघुबीर अनुग्रह कीन्हा। तौ तुम्ह मोहि दरसु हठि दीन्हा।।सुनहु बिभीषन प्रभु कै रीती। करहिं सदा सेवक पर प्रीती।।कहहु कवन मैं परम कुलीना। कपि चंचल सबहीं बिधि हीना।।प्रात लेइ जो नाम हमारा। तेहि दिन ताहि न मिलै अहारा।। दोनों रामभक्तों में जान पहचान कुशल क्षेम के बाद यह संवाद हुआ . विभीषण ने कहा कि मैं तो जन्म से ही अभागा हूँ ...मेरा तो यह राक्षस का अधम शरीर ही है और मन में भी प्रभु के पद कमल के प्रति प्रीति नहीं उपजती, आज आप जैसे संत ह्रदय से भेंट हुयी है तो यह तो हरि की कृपा ही है . हनुमान को यह भान हुआ कि विभीषण में अपने राक्षस रूप को को लेकर हीन भावना है . तो उन्होंने खुद अपना उदाहरण देकर उन्हें वाक् चातुर्य से संतुष्ट किया -अब मैं ही कौन सा कुलीन हूँ विभीषण ? और एक बन्दर के रूप में मैं भी तो सब तरह से,तन मन से हीन ही हूँ ..और लोक श्रुति तो यह भी है कि अगर कोई सुबह हमारा नाम(बन्दर का नाम)  ले ले तो उसे दिन भर आहार नहीं मिलेगा!
यहाँ हनुमान की प्रत्युत्पन्न बुद्धि और वाक् चातुर्य स्पष्ट दीखती  है ....विभीषण को हीन भावना से उबारने के लिए उन्होंने खुद अपने बन्दर रूप का उदाहरण दिया और प्रकारांतर से यह कह गए कि तन मन योनि से कोई फर्क नहीं पड़ता अगर प्रभु राम की कृपा हो जाय .प्रभु कृपा से अधम भी पुण्यात्मा बन जाय -मेरा ही देखिये जो कुछ भी मैं हूँ वह प्रभु कृपा से ही हूँ नहीं तो एक बन्दर की क्या औकात थी? "अस मैं अधम सखा सुनु मोहू पर रघुबीर।कीन्ही कृपा सुमिरि गुन भरे बिलोचन नीर" ...
 प्रभु राम की कृपा जिस पर हो जाय ..अपावन कौए पर हो गयी तो वे महाज्ञानी पावन काकभुशुण्डी बन गए . और मधुर वचन भी बोलने लग गए ..."मधुर वचन बोलेउ तब कागा :-) ....तो सब कुछ प्रभु की कृपा पर ही निर्भर है . अब जिस पर प्रभु की कृपा हो तो उसका नाम तो हर वक्त लिया जा  सकता है .सुबह शाम ..वह तो प्रातः स्मरणीय है और उस पर हनुमान का नाम जो राम के सबसे बड़े भक्त है . ज्योत्स्ना शायद यह पोस्ट तुम्हे संतुष्ट कर सके ...... अन्य मित्रगण भी अपना मंतव्य व्यक्त करेगें तो मुझे अच्छा लगेगा ..जय श्रीराम! 

मंगलवार, 14 मई 2013

कलयुग के हनुमान


Visited Ashtbhuja (Godess with eight hands) temple located on outskirt of Mirzapur district.Nearby another site of a Kali temple is another attraction and the place is known as Kali khoh i.e.a deep crevices where diety rests.This man impersonating monkey God hanuman sits at entrance and enthralls public with his antics. I also bargained/haglled with him and got his blessings-touch of his 'gada' on my head in mere 10 rupees.

सोमवार, 29 अप्रैल 2013

पात्रता की पहचान

यह हम सभी को पता है कि प्राचीन काल में ऋषि मुनि बिना शिक्षार्थी की पात्रता की अच्छी भली जांच परख किये उन्हें स्वीकार नहीं करते थे .कई पौराणिक कहानियां इस बात को बड़े ही रोचक तरीके से प्रस्तुत करती हैं . जैसे कर्ण और परशुराम की कहानी को ही ले लीजिये जो कुछ यूं है (साभार विकिपीडिया) -"कर्ण की रुचि अपने पिता अधिरथ के समान रथ चलाने कि बजाय युद्धकला में अधिक थी। कर्ण और उसके पिता अधिरथ आचार्य द्रोण से मिले जो उस समय युद्धकला के सर्वश्रेष्ठ आचार्यों में से एक थे। द्रोणाचार्य उस समय कुरु राजकुमारों को शिक्षा दिया करते थे। उन्होने कर्ण को शिक्षा देने से मना कर दिया क्योंकि कर्ण एक सारथी पुत्र था, और द्रोण केवल क्षत्रियों को ही शिक्षा दिया करते थे। द्रोणाचार्य की असहमति के उपरान्त कर्ण ने परशुराम से सम्पर्क किया जो कि केवल ब्राह्मणों को ही शिक्षा दिया करते थे। कर्ण ने स्वयं को ब्राह्मण बताकर परशुराम से शिक्षा का आग्रह किया। परशुराम ने कर्ण का आग्रह स्वीकार किया और कर्ण को अपने समान ही युद्धकला और धनुर्विद्या में निष्णात किया ............ कर्ण की शिक्षा अपने अन्तिम चरण पर थी। एक दोपहर की बात है, गुरु परशुराम कर्ण की जंघा पर सिर रखकर विश्राम कर रहे थे। कुछ देर बाद कहीं से एक जंगली कीड़ा आया और उसकी दूसरी जंघा पर काट कर घाव बनाने लगा। गुरु का विश्राम भंग ना हो इसलिए कर्ण असहनीय पीड़ा को सहता रहा। कुछ देर में गुरुजी की निद्रा टूटी, और उन्होनें देखा की कर्ण की जांघ से बहुत खून बह रहा है। उन्होनें कहा कि केवल किसी क्षत्रिय में ही इतनी सहनशीलता हो सकती है कि वह बिच्छु डंक को सह ले, और परशुरामजी ने तपबल से सब जान लिया और  कर्ण के   मिथ्या भाषण के कारण उसे श्राप दिया कि जब भी कर्ण को उनकी दी हुई शिक्षा की सर्वाधिक आवश्यकता होगी, उस दिन वह उसके काम नहीं आएगी। और यही हुआ युद्ध के समय ऐन वक्त कर्ण का पहिया जमीन में जा  धंसा और वह उसे निकालने में वह ऐसा बेसुध हुआ कि अर्जुन ने सहज ही उसे मार गिराया .

यह कथा यह बताती है कि शिक्षा दीक्षा के मामले में प्राचीन गुरु लोग पात्रता का बहुत ध्यान देते थे और अक्सर यह भी होता था शिष्य को अपना सम्पूर्ण ज्ञान न देकर कुछ अपने पास ही रखते थे ...इन कथाओं का मर्म यही है कि अगर पात्र व्यक्ति का चयन शिक्षा दीक्षा के लिए सही न हुआ तो ऐसा गलत चयनित व्यक्ति प्राप्त दीक्षा का दुरूपयोग कर सकता है  ,खुद अपने ही गुरु के लिए भस्मासुर बन सकता है और खुद अपना नाम बदनाम करने के साथ ही गुरु का नाम भी डुबो सकता था . ऐसा नहीं है कि ऐसी पुराकथाएँ केवल भारत भूमि की हैं . ये चतुर्दिक विश्व की बोध कथायें हैं , ली फाक के प्रसिद्ध कामिक्स श्रृखला मैन्ड्रेक में मैन्ड्रेक का एक जुड़वा दुष्ट भाई भी है जिसने  मैन्ड्रेक के साथ ही साथ गुरु थेरान से शिक्षा पायी ...मगर जहाँ मैन्ड्रेक गुरु से प्राप्त अपनी जादुई शक्तियों से एक समाजसेवी बना वहीं उसका जुड़वा भाई मानवता का दुश्मन बन बैठा और अपने गुरु के लिए भी कष्टकारी बन गया ..गुरु थेरान उसकी पात्रता की जांच में चूक गए ...
आज तो बड़ी विषम स्थति है -पात्रता का चयन बड़ा ही मुश्किल हो गया है .फलतः अकादमीय क्षेत्रों में चेला ही गुरु का कान काट ले रहा है . राजनीति में जिस सीढी से नौसिखिये नेता ऊपर जा पहुंचते हैं उसी को नीचे फेंक देते हैं . पहलवान अपने ही गुरु को धोखे से धूल चटा  दे  रहे हैं . अब परशुराम सी शक्ति तो आज बिचारे गुरुओं में रही नहीं कि अपने पथभ्रष्ट शिष्य को शापित कर सकें ..मगर आजके गुरुओं को पुराने गुरुओं की इस परम्परा को कदापि नहीं भूलना चाहिए कि दीक्षा देने के लिए पात्रता को वे अवश्य देखें -अन्यथा उनका शिष्य उनका ही कान काट खायेगा या नाम डुबो के छोड़ेगा .... अब यह भोगा यथार्थ मुझ जैसे गरीब गुरु से बेहतर कौन अनुभव कर सकता है :-(

रविवार, 3 मार्च 2013

कितना भटक गया इंसान :-(

धर्म के प्रवक्ताओं को वैज्ञानिकों से बहुत कुछ सीखना चाहिए जो कंधे से कंधा मिलाकर दुनियां और मानवता की बढ़ोत्तरी में दिन रात सहयोग की भावना से जुटे रहते हैं -जबकि धर्म कर्म के अनुयायी ज्यादातर समय एक दूसरे के धर्म की निंदा में बिताते हैं और उनके  अपमान में ही समय जाया करते रहते हैं!और नतीजा सामने हैं विज्ञान ने जहाँ मानव की सुख सुविधा में एक बड़ा योगदान दिया है वहीं धर्म अपने मार्ग से भटक गया है जबकि मूल उद्येश्य इसका भी बहुजन हिताय और बहुजन सुखाया ही था। 
धर्म और विज्ञान एक दूसरे के पूरक हो सकते हैं मगर बने हुए हैं विरोधी। क्योंकि दोनों की प्रकृति में कुछ मूलभूत अंतर रहा है। विज्ञान में असहमतियों को खुले दिमाग से देखा समझा जाता है और कमियों को निरंतर सुधारने की प्रवृत्ति होती है जबकि धर्म में इसका ठीक उलटा आचरण है .यहाँ विरोधों और असहमतियों को लेकर तुरंत तलवारे खिंच जाती हैं .कट्टर लोग कट्टे तक निकाल लेते हैं . यहाँ तुरंत फतवे जारी हो जाते हैं .मगर विज्ञान की दुनिया में फतवे जारी नहीं होते .अगर किसी ने किसी की त्रुटि की ओर  ध्यान दिलाया तो उसका संज्ञान लेकर कार्यवाही की जाती है,संशोधन होते हैं, आवश्यकतानुसार भूल सुधार होते हैं  . विज्ञान की अपनी एक पद्धति है जो  जिज्ञासा के अन्तःप्रेरण से आरम्भ होकर विभिन्न संभावनाओं /विकल्पों का सत्यापन सतत प्रयोग परीक्षण के जरिये कर सत्य के उदघाटन को प्रतिबद्ध होता है . धर्म के भटके स्वरुप में सत्य की घोषणा पहले ही की हुयी रहती है .यह घोषणा मुल्ला मौलवियों पंडितों ,पादरियों के मुखारविंद से होती है -जिसके विरोध का मतलब आपका बहिष्कार और कभी कभी तो सर तक कलम कर देने के फरमानों तक है . इसके विपरीत वैज्ञानिक कोई ऐसे परम पद पर आसीन नहीं है . अगर कोई वैज्ञानिक अनजाने की गयी त्रुटि के चलते गलत साबित होता है तो अपने समुदाय में उसे बिसरा भले दिया जाय कोई फतवा जारी नहीं होता .
                                                क्या सचमुच हुआ था नरसिंह अवतार?
धर्म या विज्ञान दोनों का उद्येश्य मानवता का कल्याण ही होना चाहिए यद्यपि विज्ञान की पद्धति में ऐसा कोई आवश्यक प्रतिबन्ध नहीं है . धर्म की नींव ही मानव कल्याण के सर्वतोभद्र कामना पर टिकी हैं . लेकिन आज धर्म इस अपने इस साध्य को साधने के बजाय मात्र पूजा पाठ के साधन तक सिमट गया है .मात्र पूजा पाठ ,अजान ,नमाज के साथ ही  मानव कल्याण के लिए उठाया गया एक छोटा कदम भी ईश्वर की एक बड़ी इबादत हो सकती है यह सच स्वीकार करने में हम पीछे रह जा रहे हैं . धर्म का अभ्युदय मानव कल्याण की सोच से ही हुआ मगर कालांतर में वह अपने मूल मार्ग से भटक गया है . हमारे कई समाज सुधारक पीर संतों ने समय समय पर हमें चेताया भी मगर धर्म और कट्टरता,धर्म  और कूप मंडूकता ,धर्म और अंधविश्वास का ऐसा सम्बन्ध स्थापित हो गया है जो टूटे नहीं टूट रहा है .
आज विद्वानों के बीच मान्य तथ्य है कि मनुष्य का निम्न श्रेणी के जीवों से विकास हुआ है -वह एक विकसित जीव है -न कि स्वर्ग से अधोपतित कोई देव -मगर फिर भी हम अवतारवाद को सच साबित करने में तुले हैं , हम आश्चर्यजनक रूप से इस तथ्य को स्वीकार नहीं कर पाते कि चार्ल्स डार्विन के विकासवाद के पूर्व अवतारवाद का जिक्र केवल हमें अपने पूर्वजों की उस दृष्टि को दर्शाता है जो विकास की एक आरम्भिक सोच को दर्शाती है .यहाँ भी मछली से कछुआ और अदि अवतारों से होते हुए पशु और मनुष्य के संयुक्त रूप की नरसिंह अवतार  में बड़ी सुन्दर कल्पना की  गयी है -अब हम अपने पूर्वजों के इस सुन्दर वैचारिक योगदान की स्वीकृति और सराहना के बजाय अवतारों को ही सच मानने की मूर्खता पर उतर आते हैं . और जब पढ़े लिखे लोग भी ऐसा करते हैं तो मुझे दुःख होता है . जाहिर है उनके ज्ञान अध्ययन और विवेक में कहीं घोर कमी रह गयी है -ऐसे लोग निरक्षर लोगों से भी ज्यादा अहितकारी है समूचे समाज के लिए  . अगर यही लोग यह बात करते कि विकासवाद के सोच का उद्गम हमारे धर्म चिंतन में भी है तो कितनी पते की बात होती . मगर वे तो अवतारों को ही सच मान बैठते हैं . यह अंधश्रद्धा मानवता के लिए खतरनाक है .
धर्मों की ठीक से न समझी गयी बातों से कट्टरता उपजती,फैलती है - हिन्दू धर्म में कट्टरता कहीं नहीं है -विश्व में भारत ही वह भाव भूमि है जहाँ अनीश्वरवादी चिंतन तक का पुष्पन पल्लवन हुआ -सनातन धर्म चिंतन/दर्शन से जैन, बुद्ध दर्शन और कालांतर में इस्लाम के भी विचार पनपे -कहीं पृथक से नहीं आये -वेदान्त के कर्मकांडों को उपनिषदीय चिंतन ने तिरोहित किया -आज हिन्दू वह भी है जो किसी ईश्वर के वजूद को नहीं मानता और वह भी जो चौबीसों घंटे पूजापाठ में रत रहता है . हिन्दू होना विनम्र होना है किसी की भी पूजा पद्धति की खिल्ली न उड़ाना एक श्रेष्ठ हिन्दू का गुण है -शराब पियें या न पियें आप हिन्दू हैं ,मंदिर जाएँ या न जाएँ आप हिन्दू हैं ,मांस खायें न खायें आप हिन्दू हैं ,भगवान् को गाली दें या स्तुति करें आप हिन्दू हैं -इतना सृजनशील और संभावनाओं से भरा और कोई धर्म विश्व में दूसरा नहीं है -आप सभी से अनुरोध है इसे कट्टरता का जामा न पहनाएं -कोई मेरा सम्मान करे या न करे मैं हिन्दू ही रहूँगा ! मुझे हिन्दू होने का फख्र है क्योंकि इस महान धर्म ने मुझे कई बंधनों से आजाद किया है ...मुझे दुःख होता अगर मैं हिन्दू न हुआ होता और तब मुझे ईश्वर को मानने पर विवश होना पड़ता :-)
सबसे विनम्र निवेदन है धर्मों के रगड़ों झगड़ों को अलविदा कहकर विज्ञान सम्मत चिंतन को अपनाएँ!मानवता पर रहम करें!

मंगलवार, 15 जनवरी 2013

मित्रों की फरमाईश ,समय से द्वंद्व और नल दमयंती आख्यान


मित्रों के स्नेहादेश शिरोधार्य किये बैठा हूँ कि सोनभद्र में कर्मनाशा नदी का निन्दित पुराण और अभिशप्त वर्तमान का मौके पर जाकर रपट तैयार कर यहाँ पोस्ट करूँगा, नल दमयंती की अमर कथा का जिक्र करूँगा ,राजा पुरुरवा और उनकी प्रयाग स्थित प्रतिष्ठानपुरी पर भी एक पोस्ट करूँगा , एक आधुनिक प्रणय कथा भी इस ब्लॉग पर प्रस्तुत करूँगा -मगर एक तो नया स्थान दूजे राज काज नाना जंजाला,चाह कर भी इन फरमाईशों को पूरा नहीं कर सका हूँ मगर मेरी नए वर्ष की संकल्प सूची में ये हैं जरुर और देर सवेर यहाँ दर्शित भी होंगी . आज शिल्पा मेहता जी एक आग्रह पूरा करने का प्रयास कर रहा हूँ . उन्हें नल दमयंती की अमर प्रेम कथा सुनने का मन है -मैंने उन्हें कहा कि यह कथा इतनी मशहूर है कि अंतर्जाल पर सहज ही उपलब्ध   है तो उन्होंने आग्रह किया कि उन्हें मेरे शब्दों में यह कथा सुननी है -मैं इस स्नेहपूर्ण आग्रह बल्कि स्नेहादेश कहिये के आगे अति विनम्र होकर आज्ञानुपालन के सिवा बच पाने की कोई राह नहीं देख पा रहा हूँ सो खुद को इन पुराण कथाओं के परिप्रेक्ष्य में अल्पज्ञ पाते हुए भी यह नल दमयन्ती आख्यान का जिक्र यहाँ करने की धृष्टता कर रहा हूँ . पुराणकथा मर्मज्ञ त्रुटि को क्षमा कर निवारण करगें -यही अनुरोध है . 
नल दमयंती आख्यान आर्यों के प्रसिद्ध प्राचीन दंतकथाओं में से एक है . यह उदात्त और अमर प्रेम की आदि कथा है। यह कथा महाभारत में भी (महाभारत, वनपर्व , अध्याय 53 से 78 तक) वर्णित है और इतनी सुन्दर,सरस और मनोहर है कि कई विद्वान् इसे व्यासकृत मानते हैं . इस कथा पर राजा रवि वर्मा के साथ ही अनेक चित्रकारों ने अपने चित्र/तैलचित्र बनाये हैं . यह अमर कथा अपनी नाट्य प्रस्तुतियों से कितनी बार ही मंचों को सुशोभित कर गयी है . 
दमयंती विदर्भ देश के राजा भीम की पुत्री थी और नल निषध के राजा वीरसेन के पुत्र। दोनों बहुत सुंदर थे। एक दूसरे की प्रशंसा सुनकर बिना देखे ही वे एक-दूसरे से अनुरक्त हो गए। एक हंस के जरिये दोनों ने एक दूसरे तक अपना प्रेम-संदेश पहुंचाया। वह समय स्वयम्बर का था यानि स्त्री को अपना पति स्वयं चुनने की आजादी थी . दमयंती के स्वयंवर का भी आयोजन हुआ तो देवतागण इन्द्र, वरुण, अग्नि तथा यम भी स्वयंबर में जाने को   इच्छुक हो गए . किन्तु इन्हें जानकारी हो गयी थी कि दमयंती नल के अलावा किसी और का वरण नहीं करेगी तो उन्होंने छल किया -वे चारों भी  नल का ही रूप धारण करके स्वयम्बर में आए नल भी स्वयम्बर में उपस्थित हुए।अब दमयंती के सामने एक विषम स्थिति थी किन्तु उसने राजा नल को पहचान लिया। दोनों का विवाह हो गया . यहाँ तक तो सब कुछ ठीक रहा किन्तु अब मुश्किल का वक्त आने वाला था और दोनों बेखबर थे। 
स्वयम्बर के पश्चात देवतागण जब देवलोक वापस जा रहे थे उन्हें मार्ग में कलियुग और द्वापर साथ-साथ जाते हुए मिले। वे लोग भी दमयंती के स्वयंवर में सम्मिलित होने को लालायित थे । मगर इन्द्र से दमयंती द्वारा नल के वरण की बात सुनकर कलियुग क्रोधित हो गया , उसने नल को दंड देने के विचार से उनमें काया प्रवेश करने का निश्चय किया। उसने द्वापर से कहा कि वह जुए के पासे में चला जाय और उसकी सहायता करे।यही हुआ। नल के शरीर में प्रवेश कर कलि  दूसरा रूप धारण करके  नल के भाई पुष्कर के पास गया . कलियुग ने उसे  प्रेरित किया कि वह जुए में नल को हरा दे।उन दिनों जुए का भी बड़ा प्रचलन था . पुष्कर से खेले गए जुए में नल ने अपना समस्त राज पाट गँवा दिया। भावी की आशंका से दमयंती ने अपने दोनों बच्चों को अपने भाई के पास विदर्भ देश भेज दिया। सब कुछ हारकर मात्र एक-एक वस्त्र में नल और दमयंती ने राज्य छोड़ दिया। वे एक जंगल में जा पहुंचे। एक जगह नल ने देखा कि पेड़ों पर कई स्वर्ण पक्षी बैठे हैं जिनकी आंखें सोने की थीं। नल ने अपना वस्त्र फेंक कर उन चिड़ियों को पकड़ना चाहा ताकि उन्हें पकड़कर भूख मिटा सकें और उनकी आंखों के स्वर्ण को बेंचकर कुछ धन भी प्राप्त कर सकें किंतु चिड़िया वस्त्र ले उड़ीं तथा यह भी रहस्योद्घाटन कर गयीं कि चिड़ियों के रूप में वस्तुतः वे वे जुए की पासें थीं . अब एकमात्र वस्त्र गँवा कर नल लज्जित और  व्याकुल हो उठे। अब तक दोनों बहुत थक गए थे। दमयंती को नींद आ गयी। नल ने उनकी साड़ी का आधा भाग फाड़ कर धारण कर लिया और उसे जंगल में अकेले छोड़कर इस बिना पर चल दिए कि एक सतीत्व युक्त नारी का कुछ बिगड़ नहीं पायेगा और वे अपने मायके पहुँच ही जायेगीं . 
ऐसा  हुआ भी ...दमयंती एक अजगर की गिरफ्त में आ गयीं । विलाप सुनकर एक व्याध ने अजगर से तो उनकी जान बचा दीं किंतु  कामुक आग्रह किया . दमयंती ने देवताओं का स्मरण किया , कहा कि यदि वह पतिव्रता है तो उसकी रक्षा हो । व्याध तत्काल भस्म हो गया। आगे दमयंती की भेंट कुछ ऋषियों से हुयी उन्होंने आश्वस्त किया कि एक दिन अवश्य ही उनकी भेंट नल से होगी . आगे चलकर दमयंती की भेंट शुचि नामक व्यापारी की अगुवाई में व्यापारियों के दल से हुयी . रास्ते के अनेक संकटों को भोगते हुए दमयंती आखिर चेदिराज सुबाहु की राजधानी जा पहुँची . उनकी  दयनीय हालत देख राजमाता ने उसे आश्रय दिया। किन्तु दमयंती ने राजमाता से कहा कि वह उनके राज्य में  अपनी शर्तों पर रहेगी . किसी की जूठन नहीं खायेंगी, किसी के पाँव नहीं धोयेगी, ब्राह्मणेतर पुरुषों से बात नहीं करेगी, और कोई उसे प्राप्त करने की चेष्टा करेगा तो दण्डित होगा। यह शर्तें अपने और नल के नामोल्लेख के बिना ही दमयंती ने रखीं । वह वहां की राजकुमारी सुनंदा की सखी बनकर रहने लगी। इधर दमयंती के भाई के मित्र सुदैव नामक ब्राह्मण ने उसे खोज ही निकाला। दमयंती राजमाता की आज्ञा लेकर विदर्भ निवासी अपने बंधु-बांधवों, माता-पिता तथा बच्चों के पास चली गयी। अब उसके पिता नल की खोज के लिए आकुल हो उठे।
दमयंती से बिछुड़ जाने के बाद नल को कर्कोटक नामक सांप ने डस लिया , उनका रंग काला पड़ गया था। कर्कोटक ने नल को बताया कि उसके शरीर में कलि निवास कर रहा है, उसका निवारण उसके विष से ही संभव है। विष के कारण काले रंग के राजा नल को लोग पहचान नहीं पाए । कर्कोटक की राय के अनुसार नल ने अपना नाम बाहुक रखा और इक्ष्वाकु वंश के अयोध्यावासी ऋतुपर्ण नाम के राजा के पास गए । राजा को अश्वविद्या का रहस्य सिखाया और उनसे उससे द्यूतक्रीड़ा का रहस्य सीखा। इसी समय विदर्भ राज का पर्णाद नामक ब्राह्मण नल को खोजता हुआ अयोध्या जा पहुंचा। उसे वाहुक नामक सारथी का क्रियाकलाप संदेहास्पद लगा क्योकि वह नल से बहुत मिलता जुलता था । यह बात उसने दमयंती से बतायी . अपने पिता से गोपनीय रखते हुए मां की अनुमति से दमयंती ने सुदेव नामक ब्राह्मण के द्वारा ऋतुपर्ण को दमयंती के दूसरे स्वयंवर की सूचना दी । ऋतुपर्ण ने बाहुक से सलाह किया और विदर्भ देश के लिए बाहुक के साथ रवाना हो गया । विदर्भ देश में स्वयंवर की कोई तैयारी नहीं थी । ऋतुपर्ण विश्राम करने चला गया किंतु दमयंती ने दूतिका केशिनी के माध्यम से बाहुक की परीक्षा ली। नल को पहचानकर दमयंती ने उसे बताया कि उसे ढूंढ़ने के लिए ही दूसरे स्वयंवर की झूठी चर्चा की गयी थी। अब नल ने अपने भाई पुष्कर से पुन: जुआ खेला। जीतकर नल ने पुन: अपना राज्य प्राप्त किया। 
नोट: यह केवल नल दमयंती की कथा का वर्णन मात्र  -हाँ, सुधीजन पाठक वृन्द द्वारा  इस कहानी पर टीका टिप्पणी, भाष्य आदि का स्वागत है! 

मंगलवार, 25 सितंबर 2012

बरषा बिगत सरद रितु आई!(मानस प्रसंग -10)

आज जब मैंने सुबह सुबह फेसबुक पर सोनभद्र के गरम मौसम के बारे में  एक अपडेट किया तो मित्रों ने अपने अपने सूबे के मौसम के हालात बयां करना शुरू किया,  दिनेश राय द्विवेदी जी की तुरत फुरत यह टिप्पणी आयी-" वर्षा विदाई ले रही है, सूर्य पूरे तेज के साथ अपनी किरणें बिखेर रहा है। फिर से गर्मी महसूस होने लगी है। संतोष की बात ये है कि अब सूरज की ड्यूटी 12 घंटों से कम की रह गई है। कुछ दिनों बाद आतप बिखेरने वाला यही सूरज सुबह सुबह प्राण फूंकने वाला लगने लगेगा।"यह टिप्पणी पढ़ कर मुझे मानस के शरद ऋतु वर्णन की याद आ गयी. मेरा शरद पूर्व मानस पारायण तो पूरा हो चुका है और समय समय पर मैं यहाँ भी मानस प्रवचन यथा बुद्धि करता रहा हूँ मगर बनारस से स्थानान्तरण के बाद जीवन चर्या काफी बदल गयी है . अंतर्जाल समय में भारी कटौती हुयी है . मैंने ढूँढा तो यहाँ मानस वर्णित शरद ऋतु का मूल  पाठ भावार्थ सहित मिल गया,कुछ चुनिन्दा चौपाईयां यहाँ भावार्थ सहित साभार उधृत कर रहा हूँ -

बरषा बिगत सरद रितु आई। लछमन देखहु परम सुहाई
फूलें कास सकल महि छाई। जनु बरषाँ कृत प्रगट बुढ़ाई
हे लक्ष्मण! देखो, वर्षा बीत गई और परम सुंदर शरद् ऋतु आ गई। फूले हुए कास से सारी पृथ्वी छा गई। मानो वर्षा ऋतु ने (कास रूपी सफेद बालों के रूप में) अपना बुढ़ापा प्रकट किया है. ( मैं सोनभद्र के पिपरी क्षेत्र में कुछ दिनों पहले गया था वहां इन दिनों कास खूब फूले हुए हैं और एक बहुत बड़ा इलाका ऐसा लगता है जैसे जमीन पर सफ़ेद बादलो के झुण्ड आ बसे हों .कास पर गिरिजेश राव का यह लेख  पठनीय है. 
शरद ऋतु पर   जी के अवधिया जी की यह पोस्ट भी पठनीय है !) 

                                                               शरद ऋतु में कास, (Saccharum spontaneum)

उदित अगस्ति पंथ जल सोषा। जिमि लोभहिं सोषइ संतोषा
सरिता सर निर्मल जल सोहा। संत हृदय जस गत मद मोहा
अगस्त्य के तारे ने उदय होकर मार्ग के जल को सोख लिया, जैसे संतोष लोभ को सोख लेता है। नदियों और तालाबों का निर्मल जल ऐसी शोभा पा रहा है जैसे मद और मोह से रहित संतों का हृदय!
रस रस सूख सरित सर पानी। ममता त्याग करहिं जिमि ग्यानी
जानि सरद रितु खंजन आए। पाइ समय जिमि सुकृत सुहाए
नदी और तालाबों का जल धीरे-धीरे सूख रहा है। जैसे ज्ञानी (विवेकी) पुरुष ममता का त्याग करते हैं। शरद ऋतु जानकर खंजन पक्षी आ गए। जैसे समय पाकर सुंदर सुकृत आ सकते हैं। (पुण्य प्रकट हो जाते हैं).
पंक न रेनु सोह असि धरनी। नीति निपुन नृप कै जसि करनी॥
जल संकोच बिकल भइँ मीना। अबुध कुटुंबी जिमि धनहीना
न कीचड़ है न धूल? इससे धरती (निर्मल होकर) ऐसी शोभा दे रही है जैसे नीतिनिपुण राजा की करनी! जल के कम हो जाने से मछलियाँ व्याकुल हो रही हैं, जैसे मूर्ख (विवेक शून्य) कुटुम्बी (गृहस्थ) धन के बिना व्याकुल होता है
बिनु घन निर्मल सोह अकासा। हरिजन इव परिहरि सब आसा॥
कहुँ कहुँ बृष्टि सारदी थोरी। कोउ एक भाव भगति जिमि मोरी
बिना बादलों का निर्मल आकाश ऐसा शोभित हो रहा है जैसे भगवद्भक्त सब आशाओं को छोड़कर सुशोभित होते हैं। कहीं-कहीं (विरले ही स्थानों में) शरद् ऋतु की थोड़ी-थोड़ी वर्षा हो रही है। जैसे कोई विरले ही मेरी भक्ति पाते हैं.
सुखी मीन जहं नीर अगाधा।जिमि हरि सरन न एकऊ बाधा 
फूलें कमल सोह सर कैसा। निर्गुन ब्रह्म सगुन भएँ जैसा
जो मछलियाँ अथाह जल में हैं, वे सुखी हैं, जैसे श्री हरि के शरण में चले जाने पर एक भी बाधा नहीं रहती। कमलों के फूलने से तालाब कैसी शोभा दे रहा है, जैसे निर्गुण ब्रह्म सगुण होने पर शोभित होता है. 
गुंजत मधुकर मुखर अनूपा। सुंदर खग रव नाना रूपा
चक्रबाक मन दुख निसि पेखी। जिमि दुर्जन पर संपति देखी
भौंरे अनुपम शब्द करते हुए गूँज रहे हैं तथा पक्षियों के नाना प्रकार के सुंदर शब्द हो रहे हैं। रात्रि देखकर चकवे के मन में वैसे ही दुःख हो रहा है, जैसे दूसरे की संपत्ति देखकर दुष्ट को होता है.
चातक रटत तृषा अति ओही। जिमि सुख लहइ न संकर द्रोही
सरदातप निसि ससि अपहरई। संत दरस जिमि पातक टरई
पपीहा रट लगाए है, उसको बड़ी प्यास है, जैसे श्री शंकरजी का द्रोही सुख नहीं पाता (सुख के लिए झीखता रहता है) शरद् ऋतु के ताप को रात के समय चंद्रमा हर लेता है, जैसे संतों के दर्शन से पाप दूर हो जाते हैं.
जय श्रीराम! 


शुक्रवार, 10 अगस्त 2012

मंदोदरी विलाप (मानस प्रसंग -10)

रामचरित मानस में वैसे तो काव्य के सभी रसों का यथोचित प्रवाह परिपाक हुआ है मगर करुण रस की प्रधानता है .तुलसी करुण रस का ऐसा प्रभाव संचारित करने में सक्षम हुए  हैं कि रूखा से भी रुखा और निष्ठुर व्यक्ति दयार्द्र हो उठे. भारतीय मानस भी करुण रस के प्रति बहुत सुग्राही है, सहिष्णु है. यहाँ करुणा  महाकाव्य तक लिखा सकती है ,चुनावों में हारते को भी जीत दिला सकती है . रामायण की रचना के मूल में करुणा है और भारत की राजगद्दी भी करुणा के जरिये हासिल होती रही है . वह चाहे राम हों या फिर गांधी परिवार करुणा के सहारे जिनकी राजनीतिक नैया पार हुयी है .इंदिरा ,राजीव के आकस्मिक कारुणिक निधन के बाद लोगों ने सत्ता थाल में सजाकर एक परिवार को सौंप दी ...कहने का आशय यह कि भारतीय जनमानस करुणा रस में  सहज ही  बहता आया है .....एको रस: करुण एव - संस्कृत साहित्य के एक मूर्धन्य कवि भवभूति ने भी यही कहा और अपने ग्रन्थ उत्तर रामचरितम में यही प्रतिपादित और चरितार्थ भी किया .

मेरा नियमित मानस अवगाहन जारी है और मैंने पाया है कि यहाँ तमाम अन्य काव्यगत विशेषताओं के साथ ही  एक कारुणिक भाव बोध निरंतर बना रहता है -करुणा की एक अंतर्धारा सी बहती रहती है मानस में ....राम वनगमन ,दशरथ की मृत्यु ,सीता विछोह ,लक्ष्मण की मूर्छा आदि प्रसंग एक एक कर आते गए हैं और करुणा रस में पाठक को सराबोर करते हैं. तुलसी इस भाव के प्रगटन में इतने सिद्धहस्त लगते हैं कि रावण जैसे अत्याचारी की मृत्य पर भी पाठकों को करुणा के प्रवाह में बहा ले गए हैं -उस समय जब देवता जन हर्षगान कर रहे हैं ,विमानों से पुष्प वर्षा कर रहे हैं -चारो और खुशी और उत्साह का माहौल है मगर मृत्यु तो आखिर मृत्यु ही है -शत्रु या मित्र सभी के लिए सम और समान . तुलसी बड़ी ही सूक्ष्मता और कुशलता से इस भाव को लेते हैं और मंदोदरी के विलाप के जरिये मृत्यु जन्य करुणा का विस्तार करने से नहीं चूकते ....

मंदोदरी विलाप करते हुए कह रही है हे नाथ तुम्हारे बल के आगे धरती नित्य चलायमान थी (आज्ञाकारिणी बनी हुयी थी -कांपती रहती थी ) और अग्नि ,सूर्य और चन्द्र सभी निस्तेज हुए रहते थे ...और जिसका भार शेष और कच्छप भी सहने में असमर्थ थे वही शरीर आज धूल धूसरित सामने निश्चल पडा हुआ है -
तव बल नाथ डोल नित धरनी। तेज हीन पावक ससि तरनी।।

सेष कमठ सहि सकहिं न भारा। सो तनु भूमि परेउ भरि छारा।।

हे नाथ!  वरुण ,कुबेर, इंद्र और वायु भी तुम्हारे सामने कभी रणभूमि में टिक नहीं पाए ,स्वामी, आपने तो अपने बल और प्रताप से काल और यमराज को भी जीत लिया था किन्तु आज अनाथ की तरह पड़े हुए हो ...
बरुन कुबेर सुरेस समीरा। रन सन्मुख धरि काहुँ न धीरा।।

भुजबल जितेहु काल जम साईं। आजु परेहु अनाथ की नाईं।।

अरे तुम्हारी प्रभुता तो जगत विख्यात थी और हाय तुम्हारे पुत्रों  और कुटुम्बियों के बल की भी कोई थाह नहीं थी मगर आज हे नाथ राम के विमुख होने से तुम ऐसी दुर्दशा को पहुँच गए कि खानदान में कोई रोनेवाला भी नहीं रहा ....

जगत बिदित तुम्हारी प्रभुताई। सुत परिजन बल बरनि न जाई।।

राम बिमुख अस हाल तुम्हारा। रहा न कोउ कुल रोवनिहारा।।

हे नाथ विधाता की सारी सृष्टि ही तुम्हारे वश में थी ..लोकपाल सभी तुम्हे भयभीत हो सर नवाते थे मगर आज तुम्हारा ऐसा पराभव हुआ कि सर  और भुजाओं को गीदड़ खा रहे हैं...रामविमुख के साथ तो होना भी यही था .....कितनी बार मैंने आपको कहा, मनाया मगर आप तो काल के वश होकर किसी का नहीं माने और आज इस गति को प्राप्त हुए .....जगत के नाथ को भी साधारण मनुष्य मान बैठे.. 

तव बस बिधि प्रपंच सब नाथा। सभय दिसिप नित नावहिं माथा।।

अब तव सिर भुज जंबुक खाहीं। राम बिमुख यह अनुचित नाहीं।।
काल बिबस पति कहा न माना। अग जग नाथु मनुज करि जाना।।

ऐसे कारुणिक दृश्य को देखकर  राम भी द्रवित हो गए और उन्होंने मंदोदरी को दिलासा देने के लिए लक्ष्मण को भेजा .....

मृत्यु तो सभी की तय है ....तुलसी इस अवसर पर देवताओं के हर्षगान को तो दिखाते हैं मगर मृत्युलोक के इस ध्रुव सत्य से भी विमुख नहीं होते कि मरना तो एक दिन सभी को है -रावण मृत्यु के बाद महज एक निस्तेज शरीर है ....इस मृत काय से अब कैसा वैमनस्य? एक यह भी प्रबल सन्देश  देने से महाकवि विरत नहीं हुए हैं कि यहाँ कुछ भी चिरकालिक, अक्षय  नहीं है ..रावण सरीखे पराक्रमी का भी पराभव हुआ और वह ऐसी गति -दुर्गति को प्राप्त हुआ कि रहा न कुल कोऊ रोवनहारा ....यह एक सीख है लोगों को जो उन्हें उद्धतत्ता से रोके और विनम्र बनाए .......जय श्रीराम!  


रविवार, 22 जुलाई 2012

का न करै अबला प्रबल?.....(मानस प्रसंग-7)



अब आगे ....
बालकाण्ड में पहली बार नारी विषयक उदगार तब व्यक्त हुए हैं  जब वन में नारी विछोह में भटकते भगवान राम की  सती ने परीक्षा ले ली, शंकर जी की अनिच्छा के बावजूद -नारी के इसी दुराव छिपाव को लक्षित करते हुए  संतकवि कहते हैं -सती कीन्ह चह तहहूँ दुराऊ देखऊँ नारि सुभाव प्रभाऊ ..अर्थात जो सर्वज्ञाता है सती उससे भी छल कर रही हैं -नारी का स्वभाव तो देखिये .....और इसी दुराव को लक्षित कर शंकर जी ने सती का परित्याग किया -यहिं तन सती मिलन अब नाहीं ... खुद सती के ही अगले जन्म में पार्वती यह स्वीकारती हैं -"नारि सहज जड़ अज्ञ ... नारी स्वभाव से ही मूर्ख और बेसमझ होती है ..मैंने शिवजी से कपट किया था और उसका परिणाम भोगा"  -अयोध्या काण्ड में कैकेयी ने राजा दशरथ के साथ जो प्रपंच किया उससे भला कौन अपरिचित है ..वहां भी उल्लेख हुआ है -जदपि सहज जड़ नारि अयानी..नारी तो सहज ही मूर्ख और अज्ञानी है (मतलब जन्म से ही  मूर्ख) ..राजा दशरथ नीति निपुण होते हुए भी नारी मोह में पड़ गए -कारण? जद्यपि नीति निपुण नरनाहू नारि चरित जलनिधि अवगाहू ..बिचारे क्या करते? त्रिया चरित्र ही अथाह है उसका पार नहीं  पाया जा सकता . और राजा दशरथ नारी का विश्वास कर कहीं के नहीं  रहे ....गयऊँ नारि विश्वास.....! 
अयोध्या काण्ड में ही विभिन्न प्रसंगों में आया है -सत्य कहऊँ कवि नारि सुभाऊ सब बिधि अगहु अगाध दुराऊ यानि कविगण सत्य कहते हैं कि नारी का स्वाभाव पकड़ में आने वाला  नहीँ है .अथाह है और भेद भरा है अपनी परछाईं तो फिर भी पकड़ी जा सकती है मगर नारी की गति समझ पाना असंभव है -निज प्रतिबिम्ब बरकु गहि जाई जानि न जाई नारि गति भाई ...हाँ एक जगहं वह निरी अबला भी नहीँ है -काह न पावक जारि सक का न समुद्र समाई का न करै अबला प्रबल केहि जग कालु न खाई ....आग क्या नहीँ जला सकती ,समुद्र में क्या नहीँ समां सकता काल किसे कवलित नहीँ कर सकता और नारी क्या नहीँ कर सकती -वह तो दरअसल प्रबला है, अबला बस कहने भर को ही है  ....राजा दशरथ का तो प्राण ही हर लिया ...इतने ज्ञानी, विद्वान मगर अबला बिबस ग्यानु गुण गाजनु ..एक अबला से विवश हो गए ... 

भरत  स्वयं कैकेयी को धिक्कारते हुए कहते हैं -विधिहुं न नारि ह्रदय गति जानी सकल कपट अघ अवगुण खानी..अर्थात स्वयं ब्रह्मा भी नारी के ह्रदय की बात नहीँ जान सकते जो हर तरह के कपट बुराई और अवगुण की खान है...एक स्वीकारोक्ति शबरी की भी है -अधम ते अधम अधम अतिनारी तिन्ह में मैं मदिमंद अघारी ...जो अधम से भी अधम हैं नारी उनमें भी अधम है ...और उनमें भी मैं अति मंद बुद्धि की हूँ .....अरण्य काण्ड शुरू हुआ तो संतकवि ने राम के मुंह से -सीधे श्रीमुख से भी नारी की निंदा कराकर मनो संतुष्ट हुए हों -राख़िय नारि जदपि उर माहीं जुबती सास्त्र नृपति बस नाहीं -यानि नारी को भले ही ह्रदय में ही क्यों न रखा जाय वह ,शास्त्र और राजा किसी के वश में नहीं रह सकते ...वे स्वभावतः स्वच्छंद होते हैं ..अरण्य काण्ड का समपान ही नारी विमर्श /विषयक परामर्श से होता है - 

दीप शिखा सम जुबति तन मन जनि होसि पतंग 

युवती का तन दीपक के लौ के सामान है, हे मन तूं उसके लिए पतंगा मत बन (नहीं तो नष्ट हो जाएगा )......

क्या सचमुच ज्ञानार्जन और पुरुषार्थ का मार्ग नारीविमुखता या उससे तटस्थ रहने  से ही संभव है? या फिर आर्ष ग्रथों की बात बस ऐसे ही कल्पना की बेवजह  उड़ान है और उसे अनदेखा कर देना चाहिए? संतकवि का खुद का अपना भोगा  हुआ यथार्थ -पत्नी की लताड़ उनकी आजीवन की कसक रही हो जिसे उन्होंने रामायण के पात्रों में यत्र तत्र आरोपित किया हो? ये सारे सवाल मेरे मन को मथते रहे हैं ,आप क्या कहते हैं ? 

मंगलवार, 17 जुलाई 2012

नारी सब दुखों की खान है -बोले सियावर रामजी! (मानस प्रसंग, 6)


सबसे पहले यह निवेदन और दावात्याग: प्रस्तुत लेख एक खुला हुआ नारी विमर्श है और मेरा अपना कोई पूर्वाग्रह पोस्ट-कंटेंट के पक्ष या विपक्ष में नहीं है। विषय पर मेरी अपनी समझ और व्याख्याएं हैं। मगर यहां मैं उनसे निरपेक्ष रहकर मानस के नारी विमर्श को जस का तस प्रस्तुत कर रहा हूं।मेरे मित्रगण खासकर महिला ब्लॉगर और मित्र इसी परिप्रेक्ष्य में इस पोस्ट को देखेगें/देखेगीं! हां विवेचन में अपने मनोभाव भी व्यक्त कर सकूंगा अगर कोई स्वस्थ बातचीत-विवेचन होता है तभी! पोस्ट लम्बी हो गयी है अतः दो भागों में आएगी...आज अरण्यकाण्ड पूरा हुआ। एक ख़ास प्रसंग है यहां . सीता की खोज में राम वन-वन भटकते हुए आगे बढ़ रहे हैं। एक सुरम्य सी जगह रुकते हैं। विराम करते हैं। मुनिजन, देवता गण आते हैं। स्तुति गान करते हैं। नारद भी आते हैं। सुअवसर जानकर एक सवाल पूछते हैं –

तब बिबाह मैं चाहऊँ कीन्हा केहिं कारण प्रभु करहि न दीन्हा...

प्रभु! मैं जब विवाह करना चाहता था तब आपने मुझे क्यों नहीं करने दिया? नारद को एक कसक थी...सो पूछ ही लिया...मोह में उनकी बड़ी फजीहत हुई थी। उन्हें अपने कामजेता होने का घमंड हो गया था और विश्वमोहिनी के स्वयंवर का सारा माया जाल उनके इसी दर्प को तोड़ने के लिए रचित हुआ था। कथा आपको पता ही है। भगवान राम ही अब उन्हें इत्मीनान से बताते हैं कि उन्हें उस समय विवाह करने से हठात खुद उन्होंने ही रोकने का यत्न क्यों किया था। यह प्रसंग मानस में नारी विमर्श का एक अनूठा प्रसंग है। श्री राम कहते हैं –


काम क्रोध लोभादि मद प्रबल मोह कै धारि।
तिन्ह महँ अति दारुन दुखद मायारूपी नारि।।43।।
सुनि मुनि कह पुरान श्रुति संता। मोह बिपिन कहुँ नारि बसंता।।
जप तप नेम जलाश्रय झारी। होइ ग्रीषम सोषइ सब नारी।।
काम क्रोध मद मत्सर भेका। इन्हहि हरषप्रद बरषा एका।।
दुर्बासना कुमुद समुदाई। तिन्ह कहँ सरद सदा सुखदाई।।
धर्म सकल सरसीरुह बृंदा। होइ हिम तिन्हहि दहइ सुख मंदा।।
पुनि ममता जवास बहुताई। पलुहइ नारि सिसिर रितु पाई।।
पाप उलूक निकर सुखकारी। नारि निबिड़ रजनी अँधिआरी।।
बुधि बल सील सत्य सब मीना। बनसी सम त्रिय कहहिं प्रबीना।।
अवगुन मूल सूलप्रद प्रमदा सब दुख खानि।
ताते कीन्ह निवारन मुनि मैं यह जियँ जानि।।44।। 


उन लोगों को जिन्हें अवधी पढ़ने समझने में असुविधा है, अर्थ भी बताते चलते हैं - संसार में काम क्रोध लोभ और मद मनुष्य के मोह के बड़े कारण हैं। मगर उनमें भी स्वयं माया रूपा नारी तो अत्यंत दारुण और दुखद है। हे मुनि, पुराण और श्रुतियों तक में यही कहा गया है कि मोह रूपी वन के लिए नारी बसंत ऋतु के समान है। अर्थात् सभी मोहों को बढ़ाने वाली है। और जप तप नियम रूपी जलाशय के लिए तो वह ग्रीष्म ऋतु बन कर इन गुणों को सोख लेती है। मगर काम क्रोध मद और डाह रूपी मेढकों के लिए नारी वर्षा ऋतु बनकर हर्षित कर देती है। और बुरी वासनाओं के कुमुदों के लिए तो यह सदैव सुख देने वाली शरद ऋतु बन जाती है। और सभी तरह के धर्मं कर्म रूपी कमलों के समूह के लिए नारी हिम (ऋतु) बन कर उन्हें क्षय कर देती है। ममता मोह रूपी जवास (के वन) को तो नारी शिशिर ऋतु बनकर हराभरा करती है। पाप रूपी उल्लू समूहों के लिए नारी घनी अंधेरी सुखभरी रात है जो उनके बढ़ने में सहायक है। और तो और बुद्धि बल शील और सत्य रूपी मछलियों के लिए यह बंसी (मछली पकड़ने का कांटा) बन जाती है।

हे मुनिवर युवती स्त्री सभी अवगुणों की मूल,पीड़ा देने वाली और दुखों की खान है और इसीलिए मैंने आपको विवाह करने से रोका था।अब जैसे मुनि और ज्ञानी जनों के लिए नारी सानिध्य ही पूर्णतया प्रतिबंधित हो!

मानस का यह प्रसंग निर्विवाद रूप से संतकवि के निजी भोगे हुए अनुभव और नारी विषयक तत्कालीन अद्यावधि ज्ञान का निचोड़ था जो किसी और के मुंह से नहीं स्वयं श्रीराम के मुंह से संत कवि द्वारा कहलाया गया। हमारे धर्मग्रंथों, आर्षग्रंथों में नारी को ज्ञान और तपस्या का एक विरोधी कारक बताया जाता रहा है जबकि यह भी सत्य है कि अनेक संदर्भ ग्रन्थ वैदिक -उपनिषदीय काल की नारियों को परम विदुषी और वेदों के ज्ञाता भी घोषित करते हैं।

मेरा असमंजस यही है - क्या कालान्तर में कतिपय कारणों, जिनकी पहचान की जा सकती है, के चलते नारी की यथोक्त स्थिति विद्वत मानस में बनती गयी। क्या सनातनी ब्राह्मणों ने बुद्ध विहारों में नारी स्वच्छंदता से उपजे व्यभिचार और ज्ञान मार्गियों के अधोपतन से कोई सबक लिया था? मानस में नारी विमर्श के इस स्वरुप को देखकर मैं हतप्रभ हूं। लिहाजा मैंने पूर्व कांडों का भी एक सिंहावलोकन किया। दरअसल बालकाण्ड से ही नारी का ऐसा रूप स्थापित होता दीखता है।

शेष अगले भाग में...


मंगलवार, 3 जुलाई 2012

गुरु वंदना ऐसी भी!(मानस प्रसंग-5)


आज गुरु पूर्णिमा है। गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक सुअवसर। मानस अवगाहन के वक्त मुझे संत कवि तुलसी द्वारा की गयी गुरु वंदना बहुत प्रभावित करती है। आइये आज आप भी मेरे साथ इस अनुपम भाव बोध से जुड़िये।

बंदऊं गुरु पद पदुम परागा सुरुचि सुवास सरस अनुरागा
अमिय मूरिमय चूरन चारू शमन सकल भव रुज परिवारू

तुलसी मानस की चौपाइयों की शुरुआत ही गुरु की वंदना से करते हैं। गुरु के प्रति उनके असीम समर्पण भाव को इन पंक्तियों में देखा जा सकता है - वे गुरु के कमलवत चरणों में नत हैं और उनसे निकलने वाले पराग की सुगंध सहज ही मन में अनुराग उत्पन्न करती है - मतलब यहां चरण धूलि की तुलना सुवासित पराग से की गयी है और इसी पग धूलि को ही तमाम रोगों के निवारण के लिए अमृत-चूर्ण कहा गया है। गुरु के प्रति तुलसी का यह समर्पण सम्मान भाव इस महाकवि के प्रति श्रद्धा से भर देता है!

वह आगे कहते हैं –


सुकृति शम्भु तन विमल विभूति मंजुल मंगल मोद प्रसूति
जन मन मंजु मुकुर मल हरनी किये तिलक गुण गन बस करनी

अर्थात् वही गुरु पद रज शिव जी के शरीर पर लिपटी विभूति के समान है जो सुन्दर, कल्याणकारी और आनन्द देने वाली है और अपने भक्त के मन रूपी दर्पण पर आयी मलिनता को दूर करती है तथा इससे तिलक कर लेने पर वह गुणों के समूह को वश में करने वाली है। तुलसी गुरु चरण वंदना में भाव विभोर होकर कहते हैं कि उनके चरण नख मणियों के वे प्रकाश पुंज हैं जिनका स्मरण मात्र ही ह्रदय में ज्ञान का प्रकाश ला देता है। मन के मोह जनित अंधकार को दूर करने वाल है। मगर यह ज्ञान की ज्योति गुरु की कृपा से ही भाग्यशालियों को प्राप्य है।

श्रीगुर पद नख मनिगन ज्योती सुमिरत दिव्य दृष्टि हियँ होती
दलन मोह तम सो सप्रकासू बड़े भाग उर आवई जासू

वह आगे कहते हैं -

उघरहिं विमल बिलोचन ही के मिटहिं दोष दुःख भव रजनी के

अर्थात मणि सरीखे गुरु पद नखों की ज्योति के हृदय को आलोकित करते ही ज्ञान के चक्षु खुल जाते हैं और मोहमाया और संसारिकता रूपी रात्रि के कष्टों से छुटकारा मिल जाता है। गुरु के प्रति अपने इसी श्रद्धा-समर्पण और उनकी अक्षुण कृपा के आह्वान के साथ ही तुलसी राम चरित मानस का प्रारम्भ करते हैं -

गुरु पद रज मृदु मंजुल अंजन नयन अमिय दृग दोष विभंजन
तेहिं कर बिमल बिबेक बिलोचन बरनऊँ राम चरित भव मोचन

अर्थात गुरु के पद रज के अंजन से नेत्रों के सभी विकारों को दूर करते हुए अपने निर्मल हुए विवेक रूपी नेत्रों से राम चरित का अवलोकन करके संसार रूपी बंधन से मुक्ति देने वाली रामकथा का वर्णन करता हूं।

आज गुरु पूर्णिमा के अवसर पर संत कवि की गुरु के प्रति असीम समर्पण के प्रसंग का उल्लेख मुझे समीचीन लगा सो आपसे साझा किया...आप सभी को गुरु पूर्णिमा की बहुत शुभकामनाएं!

रविवार, 1 जुलाई 2012

जौं न होत जग जनम भरत को....(मानस प्रसंग 4)


रामचरित मानस एक आदर्श परिवार, समाज और व्यवस्था की रूप रेखा सामने रखता है -जिसे 'रामराज्य' का संबोधन दिया जाता है। यद्यपि यह रामराज्य कई विवेचकों के लिए यूटोपिया का पर्याय बना है। मध्ययुगीन संत कवि तुलसी का प्रादुर्भाव तब होता है जब घोर तार्किकता और निःसंगता की तूती बोल रही थी और कबीर का उद्धत घोष - कबीरा खड़ा बाज़ार में लिए लुआठीहाथ जो घर फूंके आपना चले हमारे साथ लोगों को घर बार से बाहर निकालने का आह्वान दे रहा था - तुलसी ऐसे में टूटते परिवार और खंडित आस्था के मंडन को अवतरित होते हैं। आज मानस में एक भाई के रूप में भरत के चरित्र चित्रण के कुछ अंश आपके सामने रखना चाहता हूं। 

राम के वन गमन और पिता के मृत्यु से भरत बिखर से गए हैं - राज्याभिषेक को दुत्कार देते हैं और चल पड़ते हैं राम को मनाने। वह आगे, सारी प्रजा पीछे पीछे...लोग बाग अनुरोध करते हैं -पैदल नहीं रथ पर चलिए आप। तो वे जवाब देते हैं - 

सिर भर जाऊं उचित अस मोरा

सबतें सेवक धरमु कठोरा
वह कहते हैं कि इसी मार्ग से राम पैदल गए हैं तो मेरे लिए तो उचित यह है कि मैं सिर के बल जाऊं क्योंकि सेवक का धर्म बड़ा कठोर होता है। यहां भरत खुद को राम का भाई नहीं सेवक मानते हैं। यह है विनयशीलता, विनम्रता का उदाहरण और सेवक के आचरण की एक सीख। पावों में छाले/झलके पड़ जाते हैं मगर वह आगे बढ़ते जाते हैं। प्रयाग के संगम (त्रिवेणी ) तक आ पहुंचते हैं। थकी प्रजा, परिवार, माताओं के विश्राम के लिए पड़ाव डलवा देते हैं। यहां सभी श्रम-थकान को दूर करने और पुण्यलाभ के लिए त्रिवेणी स्नान करते हैं। भरत का विक्षोभित मन युमना और गंगा की लहरों को देख कुछ शांत होता है। और फिर प्रयाग के पुण्य प्रताप-सकल कामप्रद तीरथराऊ, बेदबिदित जग प्रगट प्रभाऊ से मन में सहसा एक विचार आता है कि अपनी मनोकामना प्रयाग के इस प्रसिद्ध त्रिवेणी तीर्थ पर क्यों न प्रगट कर दूं। वह विनयावनत हो उठते हैं। तीर्थराज त्रिवेणी के सामने कह पड़ते हैं - 
मांगऊं भीख त्यागि निज धरमू 
आरत काह न करई कुकर्मू 
हे तीर्थराज मैं अपना क्षत्रिय धर्म त्याग कर आपसे भीख मांगता हूं - आखिर दुखी-आर्त व्यक्ति कौन सा कुकर्म नहीं करता (यहां बुभिक्षितम किम न करोति पापं का कितना प्रांजल भाव आया है ) ...और मांग है -
अर्थ न धरम न काम रूचि गति न चहऊं निरबान 
जनम जनम रति राम पद यह बरदानु न आन
मुझे किसी भी पुरुषार्थ –धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की बिल्कुल भी चाह नहीं है। बस जन्म-जन्म में मेरा राम जी के चरणों में प्रेम हो यही वरदान, दूसरा कुछ नहीं, मांगता हूं।
भारद्वाज ऋषि से भी यहीं मुलाकात होती है। उन्हें पहले से ही सब कुछ पता रहता है। वह देखते हैं भरत ही नहीं उनकी पूरी प्रजा बहुत क्लांत, दुखी है। अपने तपोबल से वे सब वैभव सृजित कर देते हैं –
रितु बसंत बह त्रिविध बयारी सब कहं सुलभ पदारथ चारी
स्रक चन्दन बनितादिक भोगा देखि हरष बिसमय सब लोगा 
मानो बसंत ऋतु ही आ गयी हो। शीतल मंद सुगंध वाली हवा बहने लगी। यही नहीं भोग के सब पदार्थ सुलभ हो गए...उर्वशियां, माला (वेणी की माला ) चन्दन आदि भोगों को देख लोग विस्मित भी हैं तो उदास भी - वे उदास राम के वियोग के कारण हैं। प्रजा की छोड़िये मगर अपना चरित्र नायक इन सबसे तटस्थ ही रहता है –
सम्पति चकई भरतु चक मुनि आयसु खेलवार 
तेहि निसि आश्रम पिजरां राखे भा भिनुसार 
काव्य-मान्यता है कि चकवा चकई रात में विरक्त हो रहते हैं। यहां तक कि बहेलिये द्वारा एक ही पिजरे में बंद करने के बाद भी दोनों में संयोग नहीं होता। उसी तरह भारद्वाज मुनि के सारे सुख सुविधा के ताम-झाम के बाद भी भरत का मन उन सब भोगों से विरत ही रहा और सुबह हो गई। राम के बजाय उनका मन कहां रमने वाला था?
संतकवि सच ही कहते हैं - 
जौं न होत जग जनम भरत को
सकल धरम धुर धरनि धरत को ...
अगर भरत का जन्म न होता तो आखिर धरती पर धर्म के चक्र का धारण कौन करता ?
भरत का चरित्र हर परिवार समाज के लिए एक उदाहरण है। जय श्रीराम!

मेरी ब्लॉग सूची

ब्लॉग आर्काइव