साहित्यिक चोरी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
साहित्यिक चोरी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 12 अगस्त 2012

चोरी भी सीनाजोरी भी ....फरीद ज़कारिया नहीं हैं भारतीय!


विश्वप्रसिद्ध टाईम पत्रिका ने अपने एक प्रमुख स्तंभकार और कई आमुख कथाओं (कवर स्टोरी ) के प्रस्तुतकर्ता  फरीद रफीक ज़कारिया को निकाल बाहर किया और सी एन एन ने भी जहाँ वे अपना एक नियमित कार्यक्रम प्रस्तुत करते रहे हैं इनसे किनारा कर लिया -कारण? साहित्यिक चोरी ....इनके ऊपर आरोप है कि इन्होने अपने आलेखों में कुछ पैराग्राफ और लाईनें दूसरे स्रोतों से जस का तस उड़ा लिया ...फरीद रफीक ज़कारिया भारतीय मूल के एक नामी गिरामी पत्रकार हैं जो काफी लम्बे अरसे से अमरीका में रह रहे हैं . न्यूजवीक पत्रिका में भी वे एक प्रसिद्ध स्तंभकार रह चुके हैं . वे अंतर्राष्ट्रीय विषयों,व्यापार और अमेरिका की विदेश नीति के अच्छे जानकार हैं .... 
आश्चर्य होता है ऐसे जाने माने और  तमाम विषयों तथा  भाषा पर अधिकार रखने वाले शख्स ने भी साहित्यिक चोरी का दामन थाम लिया ...साहित्यिक चोरी बौद्धिक समुदाय में कलंक सरीखी है -लिहाजा टाईम और सी एन एन ने बिना समय गवायें उन्हें तत्काल बाहर का रास्ता दिखा दिया ..भले ही ज़कारिया ने माफी मांग ली ....किसी ने फिकरा  कसा कि अगर उनपर भारतीय संस्कारों का तनिक भी असर होता तो वे माफी नहीं मांगते -यहाँ तो पूरी की पूरी किताब ही उड़ा ली जाती है और लोग चुप्पी साधे रहते हैं  .....एक उस विनम्र प्रोफ़ेसर की कहानी मुझे याद है जिन्होंने अपने एक सहयोगी से जिसने उनकी एक पूर्व प्रकाशित पूरी किताब ही चुरा कर अपने नाम से कालांतर में छाप दी थी से यह अनुरोध किया था कि ' चलिए जो कुछ आपने किया, किया मगर  कम से कम आभार वाला पृष्ठ तो खुद लिख लिया होता :-) .....एक सज्जन खुद मेरे साथ भी ऐसा ही वाकया अंजाम दे चुके हैं जो एक प्रसिद्ध विज्ञान संचार संस्थान नयी दिल्ली में ठीक ठाक पद पर कार्यरत हैं और उनके इस कार्य में एक ब्लागर देवि जिन्हें खुद प्रकृति भी दण्डित कर चुकी हैं (क्षमा करें ,फिर भी लोग सच्चाई का मार्ग नहीं अपनाते-इसलिए लिख रहा हूँ!) बराबर की साझीदार रहीं ....आज तक उन वैज्ञानिक संचारक महोदय या मोहतरमा का माफीनामा नहीं आया ..लोग बाग़ मुझसे पूछते हैं कि मैं कोर्ट क्यों नहीं जाता ....अब मैं कोर्ट जाऊं तो क्या उनके साथ वैसा ही सलूक उनकी नियोक्ता संस्थायें करेगीं जैसा फरीद ज़कारिया के साथ टाईम और सी एन एन ने किया? यह भारत है बाबू ? यहाँ ऐसे ही घाघ बैठे हैं और दूसरो के खून पसीने पर ऐश कर रहे हैं . 
भारत में साहित्यिक चोरी के दृष्टांत आये दिन सुनायी देते हैं . भारत में प्रधान मंत्री के सलाहकार सी .एन .राव पर भी कथित रूप से यह कलंक लग चुका है जिन्होंने अपने एक शोध पत्र के अंश को पहले के छपे दूसरे शोधकर्ताओं के पेपर से शब्दशः टीप लिया था ....सी एस आई  आर के पूर्व डाइरेक्टर माशेलकर साहब भी इस आरोप से बच नहीं पाए ...और भी कई जाने माने भारतीय हैं जिन्होंने अपने देश को ऐसे कृत्यों से शर्मसार किया है मगर आज यहाँ उनका नाम गिनाने का मकसद नहीं है -आपके साथ यह चर्चा करना चाहता हूँ कि आखिर क्यों पढने लिखने वाले लोग भी ऐसे घटिया स्तर पर उतर आते हैं? क्यों करते हैं वे ऐसा ??  कहीं खुद भाषा और विचार,कल्पनाशीलता की कमी इन्हें  दूसरों का बना बनाया मैटर उठा लेने को न उकसाता हो? यह अंतर्जाल भी तो अब इन साहित्यिक चोरों का ऐशगाह है  जहाँ  कट -पेस्ट की सुविधा सहज ही उपलब्ध है ..जहाँ भी  अपने काम की सामग्री देखी खट से कापी किया और इंगित स्थल पर पेस्ट कर दिया ..पहले तो हर्फ़ दर हर्फ़ टीपना पड़ता था ......या फिर कैंची और गोंद का सहारा लेना पड़ता था  फिर टाईप कराने या मुद्रित कराने का लफड़ा था मगर अब तो बहुत कुछ लिखना पढना अंतर्जाल पर आता जा रहा है और टीपकों की नयी पीढी  की चांदी ही  चांदी है ..... 

कई बार लोग जब ज्यादा प्रालिफिक होने के चक्कर में रहते  हैं या उनका प्रमोशन /नियुक्ति आदि प्रकाशित सामग्री के मूल्यांकन पर आधारित होता है तब भी लोग ज्यादा से ज्यादा शोधपत्र ,आलेख ,किताब प्रकाशित करने के के जुगाड़ में लग जाते हैं और आसान सा रास्ता -साहित्यिक चोरी अपनाते हैं . मगर यह उन लोगों के लिए जिनकी सामग्री चुराई जाती है बहुत आहत करने वाला होता है- 'खून पसीने की कमाई' चोर लोग सहज ही ले उड़ते हैं और खुद मलाई खाते हैं ....बुद्धि विवेक किसी का और मजा कोई और लूटे ...और ये साहित्यिक चोर इतने निर्लज्ज हो रहते हैं कि मूल लेखक का संदर्भ देने की कौन कहे उनका पत्ता ही साफ़ करने के जुगाड़ में लग जाते हैं -कहीं पोल न खुल जाए ...कभी अपनी चुराई कृति में मूल लेखक का कोई संदर्भ सूत्र नहीं देते ....ताकि पाठक चोरी के स्रोत तक कहीं न पहुंच जाए .... 

मेरी दरख्वास्त है सभी मित्रों से कि साहित्यिक चोरी की कठोर शब्दों में निंदा करें ..ऐसे लोगों का खुलकर बहिष्कार करें न कि कुछ छोटे मोटे लाभों के चक्कर में उनकी मिजाजपुर्सी करते रहें .....मैं चूंकि ऐसी घटना का खुद भुक्त भोगी रह चुका हूँ और आप ब्लागरों में भी इस कृत्य के कई लोग शिकार हो चुके हैं इसलिए ऐसे चोरों के खिलाफ हमें बिगुल बजाते रहना होगा ताकि उन्हें कुछ तो शर्म हया आये और वे सफलता का शार्ट कट अपनाने के बजाय कुछ  परिश्रम करें.  देश के उच्च पदों पर आसीन होकर उसे निरंतर खोखला न बनायें ....मैं जानता हूँ इस मुहिम को आप गति देगें ....फरीद ज़कारिया की तरह यहाँ नैतिकता और विवेक की  आग्रही ये चोर जमात नहीं है -ये तो कभी माफी नहीं मानने वाले ....सामूहिक बहिष्कार ही इनका एकमात्र इलाज है ......और ऐसी कोई संस्थागत प्रक्रिया भी वजूद में आनी चाहिए जो  इस तरह के बढ़ते अकादमीय कदाचारों पर अंकुश लगा सके!

शुक्रवार, 13 अगस्त 2010

शर्म उनको मगर नहीं आती ...आज मेरा शोक दिवस है!

आशंका सच साबित हुई -प्रकाशन विभाग से पुस्तक छप के आ गयी -इस समय मेरे सामने है ..विकासवाद के जनक चार्ल्स डार्विन .मेरा नाम गायब है ...जबकि लगभग पूरी किताब ही मेरे पूर्व प्रकाशित लेखों और दूसरे लेखकों के समय समय पर प्रकाशित लेखों से कामा ,फुलस्टाप सहित जस का तस लेकर छाप दी गयी है -पूरा विवरण यहाँ अवश्य देख लें -इस पूरे मामले में एक घोषित नारी वादी और लेखक भी -दोनों भारत सरकार के प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्यरत हैं की घृणित भूमिका है .ऐसे लोग अपने संस्थानों जहाँ वे कार्यरत है पर भी अपने घृणित ,भर्त्सनीय आचरण का धब्बा लगा देते हैं -इस देश में कोई देखने सुनने वाला है ऐसे लोगों के  आचरण को ?

क्या हो गया है भारतीय बौद्धिकता को ? चोर गुरुओं की चांदी क्यों  गयी है यहाँ ? दूसरे के श्रम और बौद्धिकता पर क्यों पलते हैं लोग ? क्या अकादमीय जगत ऐसे परजीवियों से मुक्त हो पायेगा ? शर्म उनको मगर  नहीं आती -दूसरे की सामग्री पैराग्राफ  दर पैराग्राफ उड़ा ली जाती है -और उसको यथोचित क्रेडिट नहीं दी जाती! एक लेखक की प्रचुर सामग्री किसी पुस्तक में छाप दी जाती है और लेखक से उसका नाम इसलिए  हटा दिया जाता है कि कुछ लोगों ने उसे नारी विरोधी तनखैया घोषित कर रखा है -मानवता की न्याय संहिता के किस अध्याय में ऐसा न्यायिक  विधान लिखा हुआ है ? क्या मानवीय नैतिकता ऐसे कुकृत्य को माफ़ कर देगी ? क्या आज के भ्रष्टाचार के नागारखाने में न्याय की यह गुहार  दब के रह जायेगी ? मित्रों, मनुष्य की बौद्धिकता की ऐसी गिरावट पर आज मेरा शोक दिवस है -

बस इतना ही आज .....क्या इस शोक दिवस में आप मेरे साथ हैं ??

शुक्रवार, 16 जुलाई 2010

एक नारीवादी का प्रतिशोध -अत्याचार की कहानी !

एक नारीवादी के इस कुकर्म ने मेरे होश उड़ा दिए हैं .कल "बिना लाग लपेट के जो कहा जाय वही सच है " नामक ब्लॉग पर 'बिना लाग लपेट' के यह छपा-
मोगाम्बो खुश हुआ 
"ब्लॉग मे साइंस का परचम लहराने वालो कि क़ाबलियत पता नहीं कहा चली गयी जब उनका नाम एक किताब पर से हटा कर किताब को छापा गया । किताब के लिये ग्रांट मिलाने कि शर्त यही थी कि उनका नाम हटा दिया जाये क्युकी उनके दुआरा प्रस्तुत तथ्यों को गलत माना गया । सो नाम हट गया हैं
मुगाम्बो खुश हुआ !!!!
कुल कुल दुर्गति हो रही हैं पर घमंड का आवरण पहन कर वो अपने को विज्ञानं का ज्ञाता बता रहे हैं और बताते रहेगे ।

धिक्कार है धिक्कार है !" (स्नैप शाट सुरक्षित )



पढ़ कर मेरे होश फाख्ता हो गए ...इसलिए कि  एक नारीवादी का प्रतिशोध मानवीय नीचता के इस स्तर तक भी जा सकता है इसकी कल्पना से  ही सिहरन पैदा होती  है ..आईये बताएं आपको कि माजरा क्या है ?

चार्ल्स डार्विन की जन्म द्विशती पर मैंने और एक मेरे मित्र ने एक पुस्तक प्रकाशन की योजना बनायी -पुस्तक में मेरे विगत ३० वर्षीय सतत लेखन के दौरान डार्विन पर लिखे और प्रतिष्ठित पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित चुनिन्दा  लेखों का संकलन भी समाविष्ट हुआ -मुझे जानने वाले जानते हैं कि मेरे ऊपर चार्ल्स डार्विन का बहुत प्रभाव है तो उनकी जन्म द्विशती पर मेरी यह एक विनम्र श्रद्धांजलि थी इस महामानव को ....मेरे सह लेखक मित्र ने उस पुस्तक को भारत सरकार के एक प्रतिष्ठित प्रकाशन संस्थान को प्रकाशन के लिए सौपा .यहाँ तक तो सब ठीक था ..अब दिक्कत यहाँ शुरू हुई ..प्रकाशन विभाग में ब्लॉग जगत के नारी वाद से अनुप्राणित और यहाँ भी गाहे बगाहे मौजूद एक नारीवादी महिला मेरा नाम देख कर भड़क  गयीं ..उन्होंने कहा कि अरविंद मिश्र ,यह तो नारी विरोधी है यह इस  किताब का सह लेखक कैसे हो सकता है ...मेरे मित्र पर पिछले एक वर्ष से मेरा नाम हटाये जाने का अनुचित दबाव पड़ रहा था ..उन्होंने पिछले दिनों  इसका  जिक्र मुझसे किया ,फिर वे भी चुप्पी मार गए ..कोई गुपचुप समझौता शायद मूर्तरूप लेने लगा था ...और आज इस खबर से तो स्तब्ध ही रह गया हूँ ?

क्या भारतीय नारीवाद इतना प्रतिशोधात्मक और घृणित हो चला है ? चार्ल्स डार्विन पर मेरे अध्ययन, समर्पण को नारीवाद के नाम पर क्या इस तरह किनारे किया जा सकता है .क्या एक सरकारी कार्यालय में कार्य करने वाली मुलाजिम   रंजिशन अपने व्यक्तिगत फैसले को जिस संस्थान में वह काम कर रही है उस पर इस तरह लाद सकती है ? क्या यह भारतीय अकादमीयता के नाम पर कलंक नहीं है ? क्या  मेरी किताब से मेरा ही नाम हटा कर और मुझे धिक्कार धिक्कार   कहने के पीछे का दिमाग पूरी तरह से सामाज विरोधी, विगलित और नैराश्य पूर्ण मानसिकता का नहीं हो चुका  है ? अपने जीवन की व्यक्तिगत हताशा की परिणति  क्या ऐसे कृत्यों में किया जाना घोर घृणित और सर्वथा निंदनीय नहीं है ...?

मैं आज यह प्रकरण भारी मन से  आप सुधी जनों -हिन्दी ब्लॉग संसार के सामने ला रहा हूँ ? कृपा कर बताईये मैं क्या करुँ ? क्या ऐसी बेइंसाफी अनदेखी कर जाऊं ? मेरे लिए लिखना कोई बड़ी धरोहर नहीं है ...यह मेरी आदत में शुमार है ...मगर मेरी ही सामग्री किसी और के नाम से एक षड्यंत्र की तरह छापी गयी है ? क्या यह दंश सहा जा सकता है ? क्या ब्लॉग जगत के कथित और भ्रमित  नारीवाद के नाम पर ऐसा प्रतिशोध और अत्याचार किया जाता रहेगा ? मुझे ब्लॉग जगत की उन समर्पित नारीवादियों से भी जवाब चाहिए जो आन्दोलन में मनसा  वाचा कर्मणा ईमानदार बने रहने का दावा करती आई हैं ?
और अंततः यदि प्रश्नगत  किताब मेरा नाम हटाकर एक षड्यंत्र के तहत प्रकाशित की गयी है जिसकी प्रथम सूचना स्वरुप   उपर्युक्त  ब्लॉग की प्रथम रिपोर्ट भी है तो मुझे माननीय नायालय की शरण लेनी पड़ेगी ...दुष्टों को दंड और न्याय के लिए ...
क्या आपकी अनुमति है ?
(यहाँ महिला का नाम ,मेरे सह लेखक का नाम ,प्रकाशन संस्थान का  नाम सार्वजानिक न करने के पीछे विधिक  कारण हैं ,व्यक्तिगत रूप से आप जान सकते हैं ! )
एक नारीवादी का प्रतिशोध -अत्याचार की कहानी !  

मेरी ब्लॉग सूची

ब्लॉग आर्काइव