जी हाँ यह कविता आपको पूरी करनी है क्योकि ऐसा लगता है कहीं कुछ छूटा सा है....कुछ और कहा जाना बाकी है ..मेरे कई मित्र हैं ब्लॉग जगत में जिनकी काव्यात्मक प्रतिभा पर मुझे नाज है. कविता तो बस एक भाव है जो शब्दों का सहारा ले अभिव्यक्त हो उठती है मगर यह अभिव्यक्ति , शब्दों के चयन की प्रतिभा के साथ एक सतत अभ्यास की भी अपेक्षा रखती है ....ऐसे ही कोई भाव उठा और चंद पंक्तियाँ सहज ही अभिव्यक्त हो गयीं मगर हो सकता है कोई कुशल शब्द जेता कवि मन इसमें कुछ और जोड़ दे ....मेरे मित्र
जयकृष्ण तुषार जी दूसरे अनुशासनों,क्षेत्रों के लोगों का कविता के मैदान में आ धमकना किसी हिमाकत से कम नहीं मानते ..मगर मेरी इल्तिजा है - कविता क्या अनिवार्यतः किसी कवि का ही आश्रय ढूंढती है वह स्वयं-उद्भूता नहीं हो सकती? ..हमारे जैसे कथित शुष्क विज्ञानसेवी को अपना माध्यम नहीं बना सकती? मुझे तो सदैव यह लगता रहा है कि कवि नहीं कविता का होना ज्यादा सहज है..
नासतो विद्यते भावो ... ...अभिव्यक्ति का माध्यम कोई भी बन सकता है ....मुझ जैसा कवि कला विहीन भी ....विज्ञान का सेवी भी ...बहरहाल आप कविता पढ़ें और इसे पूरी करें ....कोई व्याख्या या स्पष्टीकरण चाहते हों तो खुलकर कहें .....
देह से नहीं मुझे मेरी चेतना से जानो
वय से नहीं मुझे मेरी भावना से पहचानो
नहीं मेरा है कोई काल बाधित वजूद
इक शाश्वत कामना है केवल यही मानो
चिर पुरातन होकर भी हूँ चिर नवीन
रहा हूँ बना इक अभिलाषा युग युगीन
बस साथ रहने को ही तेरे हर पल छिन
अवतरित अपनाता हर मरुथल जमीन
हर युग में रहूँ साथ उसके यही कामना
वह जो खुद भी है एक शाश्वत सी चाहना
चिर संयोग में फिर हो कोई क्यूं बाधा
युग युगों में रहूँ मैं कृष्ण और तू मेरी राधा
अब यह आपके भरोसे कुछ और जोड़ना चाहें या फिर कोई संशोधन ..सस्नेह सादर ....
आ गया है राधा का संशोधन:
मुझसे नहीं मेरी चेतना से मुझे जानो
समय से नहीं भावना से मुझे पहचानो
मेरा नहीं है ये काल बाधित अस्तित्व
जो भी हूँ मैं बस हूँ तुम्हारा ही तत्व
इक शाश्वत कामना है बस यही मानो
मुझसे नहीं मेरी चेतना से मुझे जानो
चिर पुरातन होकर भी हूँ चिर नवीन
बनकर अभिलाषा इक युग-युगीन
औ संग तेरे हो मेरा हर इक पल छिन
अवतरित हुआ कई-कई जन्म अगिन
युगों-युगों का साथ हो है यही कामना
निश्छल,नैसर्गिक सा शाश्वत चाहना
संयोग में न उत्पन हो कोई भी बाधा
तू ही कृष्ण हो और मैं हो जाऊं राधा .यह अनुष्ठान अब परिपूर्ण हुआ ....