विगत 15-17 फरवरी को महामना मदन मोहन मालवीय हिन्दी पत्रकारिता संस्थान,महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के संयुक्त तत्वावधान में एक तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी,
"
प्रिंट एवं सोशल मीडिया:चुनौतियां एवं संभावनाएं " के उद्घाटन सत्र एवं पहले दिन के दो अकादमीय सत्रों में उपस्थित रहने का गौरव मिला . भोजन पश्चात के दूसरे सत्र में मुझे बीज वक्तव्य देना था -यानि कि
की नोट एड्रेस -अब बीज वक्तव्य को तो पहले होना चाहिए था मगर उसे छात्रों के शोध पत्रों के पढ़ने के बाद रखा गया था . और मेरे बीज वक्तव्य के बाद सत्राध्यक्ष महोदय को अपना अध्यक्षीय संबोधन भी देना था -भोजन के बाद का सहज आलस्य लोगों पर तारी भारी था और सत्र का सञ्चालन एक बहुत ही उदारमना के हाथों था तो उन्होंने शोध पत्रों के पढ़ने के लिए समय देने में जो दरियादिली दिखाई कि शाम हो आयी और सभागार से लोग उठकर जाने लगे -ऐसे में बीज वक्तव्य?
संगोष्ठी के पहले...........
मुझे बीज वक्तव्य के लिए जो विषय मिला था वह था -
"सोशल मीडिया: प्रासंगिकता एवं भविष्य" -इस सत्र में कुल दस शोध चिह्नित हुए थे मगर पढ़े गए आधा दर्जन। कुछ की क्वालिटी तो सचमुच बहुत अच्छी थी .सबसे अधिक इस्तेमाल में आने वाली सोशल नेट्वर्किंग साईट फेसबुक के चर्चे रहे। इसके राजनैतिक इस्तेमालों और दुरुपयोग की चर्चाएँ भी हुईं। एक शोध पत्र ने तो लगभग यह साबित कर ही दिखाया था कि ये सोशल नेट्वर्किंग साईटे अपसंस्कृति फैला रही हैं -अब इसमें बिचारी साईट का क्या दोष? श्रेष्ठ संस्कृति या अपसंस्कृति फैलाने वाले कोई हैं तो वे तो हमी लोगों में से हैं . इलाज तो इनके दिमाग का होना चाहिए .
बहरहाल मेरे साथ संयोगात सोनभद्र के ही
राष्ट्रपति पदक प्राप्त शिक्षक श्री ओमप्रकाश त्रिपाठी जी अध्यक्ष पद का गौरव बढ़ा रहे थे . मैंने मात्र दो मिनट जिसमें एक मिनट तो औपचारिक संबोधन में चला गया अपनी बात रख दी -श्रोताओं ने बख्श दिए जाने की खुशी में जोरदार ताली बजायी . मुझे इस संगोष्ठी में बतौर ब्लॉगर एवं विज्ञान संचारक की हैसियत से बुलाया गया था और मुद्रित सामग्रियों में यही अंकित था .
मुझे खुशी हुयी कि अब धुर और धुरंधर मास/ मेनस्ट्रीम मीडिया के कार्यक्रमों में ब्लागरों को भी धर पकड़ बुलाया जा रहा है .वैसे इस कार्यक्रम के सर्वे सर्वा आदरणीय राम मोहन पाठक जी एक बड़े ही समादृत भारतीय मीडिया मुग़ल हैं और यह उन्ही की कृपा रही कि मैं इस संगोष्ठी में शिरकत कर सका .हाँ जाने की शर्तें मेरी थीं और यह पाठक जी की विनम्रता ही है कि मुंहफट होने की मेरी उद्दंडता का उन्होंने तनिक भी ध्यान नहीं दिया .
संगोष्ठी का जीवंत कार्यक्रम जाहिरा तौर पर उद्घाटन सत्र में ही निपट चुका था . हिन्दुस्तान अखबार समूह के मुखिया और एक फायर ब्राण्ड वक्ता
शशि शेखर जी ने बला का भाषण दिया . उन्होंने बड़ी अच्छी अच्छी बातें बतायीं -फ्रेंच क्रान्ति के सबक पढाये -एक बड़ी अच्छी बात उन्होंने कही कि नये मीडिया पर अंकुश न लगायें जाय वह अपने आप खुद को संभाल लेगी-इंसानियत एक बार फिर अपना रास्ता तलाश रही है उसे वक्त मिलना ही चाहिए . पहले भी ऐसी कई संक्रातियों में मनुष्यता ने अपनी राह बनाई है।हाँ उनकी सबसे अधिक आलोचना हुई जब उनसे पेड न्यूज,सरोगेट न्यूज आदि पर सवाल किये गए -उन्होंने इनका स्पष्ट विरोध तो किया मगर कहा कि आखिर समाज में जब चारो ओर गिरावट है तो मीडिया से ही इतनी अपेक्षा क्यों ,फिर मीडिया के लोग
'प्रोफेसनल ट्रुथ टेलर " हैं . अब सबका सत्य अलग अलग हो सकता है . उनकी इस बात पर मुझे तत्क्षण याद आया था,भई सत्य तो हमेशा एक है -ऋग्वेद ने कहा -
एकम सत विप्राः बहुधा वदन्ति!
मैं पहले दिन ही गोष्ठी से निजी कारणों से लौट आया -बाकी लोग अब लौट रहे हैं! एक अच्छा अनुभव रहा -आयोजकों, मुझे बुलाने के लिए बहुत आभार!