मिलन- विछोह ,पीड़ा -आनंद ,निकटता और दूरी की पारस्परिक विपरीत अनुभूतियाँ तो आनी जानी रहती हैं इस फानी जीवन में ..एक कब गयी और दूसरी कब आई इसका भी क्या लेखाजोखा रखा जाय ..बस यही समझ लीजिये कि अगर इन जोड़ों में से कोई एक साथ है तो दूसरा भी ताक लगाये बस आ पहुचने को तैयार है ..इसलिए महापुरुषों ने मनुष्य को हर स्थिति में उदासीन बने रहने के लिए निरंतर मानसिक अभ्यास करने की ताकीद की है ..सुख दुखे समा कृत्वा लाभालाभौ जयाजयः ..इन् पर हमारा वश नहीं है ...हानि लाभ जीवन मरण यश अपयश विधि हाथ .....दशकों से मैं इस प्रशिक्षण में पूरे आत्मानुशासन से लगने की कोशिश में लगा हूँ -पर सफलता अब भी दूर लगती है -आज लम्बे समय बाद दिल्ली से बेटी का आगमन और आत्मीय डॉ शिवेद्र दत्त शुक्ल का अमेरिका से आना और उनसे मिलने के क्षणों की ऐसी ही अनुभूतियाँ हुई हैं ..आज मेरी कार्यालयींन व्यस्तता भी पूरे चरम पर रही है ..मगर समय का यथा संभव यथेष्ट प्रबंध करके बेटी को स्टेशन से रिसीव करना और फिर आज ही कुछ घंटो के अन्तराल से घर पर आये अपने बड़े धर्मभ्राता (साले ) से मिलने का सुख लाभ हुआ!
मिलन के क्षण ...मैं ,डॉ. शिवेंद्र शुक्ल , श्रीमती आशा शुक्ला ,श्रीमती संध्या मिश्रा ,पीछे प्रियेषा और कौस्तुभ
डॉ .शिवेंद्र दत्त शुक्ल जी सपरिवार घर पर पधारे ...वे एक वी वी आई पी हैं .....प्रखर मेधा के धनी ...बी एच यू के गोल्ड मेडेलिस्ट और लीवरपूल विश्वविद्यालय से डाक्टरेट और इन दिनों मिसौरी विश्वविद्यालय अमेरिका में मेडिकल फार्माकोलोजी और फिजियालोजी में प्रोफ़ेसर और एक समर्पित शोधार्थी .....साथ में उनकी पत्नी और भाभी श्रीमती आशा शुक्ल भी आयीं ..हमने साथ में क्वालिटी क्षण जिए ..पूरे दो घंटे -१२ बजे से २ बजे तक हाहा ठीठी हुई -अमेरिका ,मनरेगा ,अवतार (फिल्म ) ईजोफिजोजोकुल ज्वालामुखी से ब्रिटेन में कुहराम और हवाई आवागमन की बाधाओं आदि विषयों पर चर्चा होती रही ...हम सब बहुत आनंदित हुए ...फिर वे अपने पैतृक निवास मिर्जापुर चले गए ...अभी भारत प्रवास १८ मई तक है ....इस बीच पत्नी का मायका भी जाना हो ही जायेगा --मायका मिलन पर तो एक अलग पोस्ट की गुंजायश है ...
फोटो सेशन में एक पोज यह भी ....
'अज्ञेय ; जैसे विचारक और कवि ने क्षणवाद की बहुत सिफारिश की है -मनुष्य दरअसल क्षणों में जीता है ...क्षणों की सघनता में जीता है -इसलिए कहा जाता है कि मिलन की घडी में समय की लम्बाई नहीं अनुभूतियों की गहनता ज्यादा मायने रखती है ....मुझे भी लगता तो ऐसा ही है मगर क्या भारतीय मनीषा इस क्षणवाद के समर्थन में रही है -यहाँ तो लोग जीवन के बाद भी जीवन के मुन्तजिर हैं -इस जन्म में नहीं तो अगले जन्म में मिलन की चाह रखते हैं ...क्षण में ही नहीं समय की चिरन्तनता -वंश परम्परा और अपनी सुकीर्ति काया में मृत्य के उपरान्त भी बने रहने की तमन्ना रखते हैं -एक नहीं चौरासी लाख योनिओं में भ्रमण का खाका खीचे बैठे हैं ....यहाँ क्षण भर को जी लेने के बाद निर्वाण की चाह किसे हैं ? बहरहाल आप कुछ चित्रों को देखें और इन सवालों पर भी गौर करें !
